फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 16th August North East West South India Politics Crime National News In Hindi

News Updates: एनडीए संसदीय दल की बैठक 19 अगस्त को; जन्माष्टमी पर राष्ट्रपति-पीएम ने दीं शुभकामनाएं

Sat, 16 Aug 2025 02:40 PM IST
बशु जैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: बशु जैन Updated Sat, 16 Aug 2025 02:40 PM IST
विज्ञापन
News Updates 16th August North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

एनडीए संसदीय बैठक 19 अगस्त को संसद परिसर स्थित संसद पुस्तकालय भवन में होगी।



राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने दीं जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जन्माष्टमी के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा कि जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं! भगवान श्री कृष्ण ने समस्त मानवता को सभी प्राणियों के कल्याण के लिए समर्पित रहते हुए धर्मानुसार कर्तव्यों का पालन करने का मार्ग दिखाया है। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर, सभी लोग भगवान श्री कृष्ण के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लें तथा समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाएं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्माष्टमी के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और इसे आस्था का पावन पर्व बताया। पीएम मोदी ने एक्स लिखा कि सभी देशवासियों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं। आस्था, उल्लास और उत्साह का यह पावन पर्व आपके जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे। जय श्री कृष्णा! कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। 
विज्ञापन


बंगलूरू में भीषण हादसा, प्लास्टिक फैक्टरी में आग से पांच की मौत
बंगलूरू शहर के केआर मार्केट के पास नागरथपेट इलाके में शनिवार तड़के बड़ा हादसा हुआ। एक प्लास्टिक उत्पाद निर्माण इकाई में अचानक आग लगने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में एक ही परिवार के चार सदस्य मदन सिंह (38), उनकी पत्नी संगीता (33), दो बच्चे रितेश (7) और विहान (5) शामिल हैं। पांचवां मृतक उनका पड़ोसी सुरेश कुमार (26) बताया गया है। पुलिस के अनुसार, मदन सिंह मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले थे और करीब 10 साल से परिवार के साथ इस इमारत में रह रहे थे। वह किराए पर ऊपरी मंजिल पर रहते थे और उसी इमारत में प्लास्टिक सामान और चटाइयों की छोटी फैक्टरी भी चलाते थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि शॉर्ट सर्किट से यह आग लगी। अग्निशमन विभाग को सुबह 3.14 बजे घटना की सूचना मिली। तुरंत मौके पर दमकल की आठ गाड़ियां पहुंचीं और 55 जवानों के साथ 21 अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक पांचों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


आंध्र प्रदेश में पाक आतंकी संगठनों से जुड़े बावर्ची की गिरफ्तारी 
आंध्र प्रदेश के श्री सत्यसाई जिले के धर्मावरम से पुलिस ने एक रैडिकलाइज़्ड शेफ, शेख कोठवाल नूर मोहम्मद (42) को हिरासत में लिया है। पुलिस को शक था कि मोहम्मद पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठनों जैसे जैश-ए-मोहम्मद के संपर्क में है। पूछताछ में सामने आया कि वह आतंकी संगठनों की विचारधारा से प्रभावित था और ऑनलाइन कट्टरपंथी कंटेंट पढ़ता था।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मोहम्मद के खिलाफ अब तक किसी आतंकी गतिविधि में शामिल होने के ठोस सबूत नहीं मिले हैं। हालांकि, यह भी आशंका जताई जा रही है कि अगर उसे मौका मिलता तो वह सक्रिय भूमिका निभा सकता था। जांच में पुलिस ने उसके पास से ‘कट्टरपंथी साहित्य’ भी जब्त किया है, जो उसकी मानसिकता पर असर डालने वाला माना जा रहा है।धर्मावरम के एसडीपीओ यू. नरसिंगप्पा ने बताया कि मोहम्मद भारतीय नागरिक है और उसका परिवार कई पीढ़ियों से यहीं का रहने वाला है। अधिकारियों का कहना है कि अभी गहन पूछताछ जारी है और इसके बाद ही यह साफ होगा कि उसकी वास्तविक योजना क्या थी। इस कार्रवाई ने इलाके में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।

आज चेन्नई में नगालैंड के राज्यपाल की अंत्येष्टि
नगालैंड के राज्यपाल ला गणेशन का आज चेन्नई में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका 15 अगस्त को शाम 6:23 बजे चेन्नई के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया था। नगालैंड ने 16 से 22 अगस्त तक सात दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया है। उनके निधन पर भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने शोक जताया। उन्होंने गणेशन को महान देशभक्त बताया। सुंदरराजन ने कहा कि यह न केवल पार्टी के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ी क्षति है। वह एक महान देशभक्त थे और उनका निधन स्वतंत्रता दिवस पर हुआ। वह न केवल एक राजनेता थे, बल्कि एक साहित्य विशेषज्ञ भी थे। उनके पास लोगों के बीच तमिल साहित्य के प्रसार के लिए एक साहित्यिक मंच था। आरएसएस कार्यकर्ता होने के नाते, वह अपनी कड़ी मेहनत से राज्यपाल के स्तर तक पहुंचे। वहीं तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंथिरन, द्रविड़ कषगम अध्यक्ष के वीरमणि, भाजपा नेता और अभिनेता सरथ कुमार, हिंदू मक्कल काची, अध्यक्ष अर्जुन संपत, टीएन भाजपा नेता अमर प्रसाद रेड्डी ने नगालैंड के राज्यपाल ला गणेशन के अंतिम दर्शन किए।
 

मणिपुर में तीन महिलाओं सहित पांच उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के दो जिलों में सुरक्षा बलों ने तीन महिलाओं समेत पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि सुरक्षा बलों ने थौबल जिले के लांगथबल खुनौ से प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (ताइबांगनबा) संगठन के तीन महिलाओं सहित चार सक्रिय कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार कैडरों की पहचान कोन्जेंगबाम बबीता (45), लिशम प्रेमिका देवी (33), नंदीबाम नोनी देवी (53) और हेखम रवि मैतेई (38) के रूप में की गई। पीआरईपीएके (पीआरओ) संगठन के एक सक्रिय कैडर, जिसकी पहचान चाबुंगबाम केनेडी सिंह (21) के रूप में हुई है, को इंफाल पूर्वी जिले के सोइबाम लेइकाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों ने गुरुवार को इंफाल पूर्वी जिले के नगारियान चिंगयांग में तलाशी के दौरान हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया। उन्होंने एक 12 बोर डबल बैरल बंदूक, एक इंसास एलएमजी, एक एसएलआर राइफल मैगजीन और 47 कारतूस जब्त किए।

 

1999 में सऊदी अरब में हत्या के आरोप में सीबीआई ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया
26 साल से अधिक समय से फरार एक व्यक्ति को सीबीआई ने सऊदी अरब में 1999 में हुई एक हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। मोहम्मद दिलशाद को 11 अगस्त को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह नई पहचान और पासपोर्ट के साथ मदीना से जेद्दाह होते हुए लौटा था। दिलशाद रियाद में एक मोटर मैकेनिक और सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था, ने 1999 में अपने कार्यस्थल पर एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी थी। वह सऊदी अधिकारियों को चकमा देकर भारत भाग गया। जहां उसने धोखाधड़ी के माध्यम से नई पहचान और पासपोर्ट हासिल कर लिया। दिलशाद नए पासपोर्ट का उपयोग कर कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचता रहा, जिससे उसे इस अवधि के दौरान खाड़ी देशों की लगातार यात्रा करने का मौका मिला। जांच के दौरान पता चला कि दिलशाद धोखे से प्राप्त पहचान के आधार पर कतर, कुवैत और सऊदी अरब की यात्रा करता था।

अरुणाचल प्रदेश में इसरो की अंतरिक्ष प्रयोगशाला का उद्घाटन
अरुणाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री पासंग दोरजी सोना ने शियोमी जिले के सुदूर मेचुका में इसरो की अंतरिक्ष प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। इसरो और मुस्कान फाउंडेशन के सहयोग से मेचुका सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्थापित प्रयोगशाला का उद्देश्य छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना, युवाओं में जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना है। इसका नाम पासंग वांगचुक सोना इसरो अंतरिक्ष प्रयोगशाला रखा गया है। मंत्री ने कहा कि आज मेरे लिए एक भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है, क्योंकि मैंने अपने दिवंगत पिता को समर्पित 'पासंग वांगचुक सोना इसरो अंतरिक्ष प्रयोगशाला' का उद्घाटन किया है। यह प्रयोगशाला सिर्फ़ एक शैक्षणिक सुविधा नहीं है, बल्कि शिक्षा और जिज्ञासा की शक्ति में उनके अटूट विश्वास को श्रद्धांजलि है। मुझे उम्मीद है कि यह एक ऐसी जगह बनेगी जहां हमारे बच्चे बड़े सपने देखेंगे, निडर होकर विज्ञान की खोज करेंगे और सितारों तक पहुंचेंगे।

गुवाहाटी ट्रैफिक पुलिस आठ साल बाद फिर से सफेद वर्दी में लौटी
गुवाहाटी यातायात पुलिस कर्मियों ने आठ साल बाद शनिवार से सफेद वर्दी पहनना फिर से शुरू कर दिया है। यातायात पुलिस बल की वर्दी को 2017 में नेवी ब्लू ट्राउजर और स्काई ब्लू शर्ट में बदल दिया गया था। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि सफेद वर्दी में वापस जाने का निर्णय पुलिस विभाग द्वारा कार्यात्मक आवश्यकताओं, क्षेत्र की स्थितियों और पुलिस कर्मियों, सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों और आम जनता सहित हितधारकों से प्राप्त फीडबैक की व्यापक समीक्षा के बाद लिया गया। सफेद वर्दी लंबे समय से गुवाहाटी में यातायात प्रबंधन से जुड़ी हुई है, ऐतिहासिक रूप से सुगमता, दृश्यता और सड़कों पर पेशेवर छवि का प्रतीक रही है।

अमेरिका में रहने वाले केरल के युवक ने फेसबुक पर किया तिरंगे का अपमान, मुकदमा
अमेरिका में रहने वाले एक केरल के युवक पर फेसबुक पोस्ट में राष्ट्रीय ध्वज का कथित रूप से अपमान करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। स्थानीय भाजपा पदाधिकारी अनूप की शिकायत के आधार पर एडथला पुलिस ने शुक्रवार को कोट्टायम निवासी अल्बिचन मुरिंगायिल के खिलाफ मामला दर्ज किया। शिकायत के अनुसार स्वतंत्रता दिवस पर आरोपी ने फेसबुक पर राष्ट्रीय ध्वज के संबंध में कुछ अपमानजनक सामग्री पोस्ट की थी। पुलिस ने कहा कि आरोपी फिलहाल अमेरिका में रहता है। उसके फेसबुक अकाउंट पर भारत का अपमान करने वाले कई पोस्ट हैं। इसमें शपथ का अपमान करने वाले पोस्ट भी शामिल हैं। मुरिंगायिल पर राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले को आगे की जांच के लिए जल्द ही साइबर पुलिस को सौंप दिया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed