Updates: आंध्र प्रदेश में जमीन विवाद को लेकर तीन की हत्या; बांग्लादेश में हिंसा के विरोध में कोलकाता में रैली
आंध्र प्रदेश के वेटलापलेम में एक घर के निर्माण से जुड़े विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी गई। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। मृतकों की पहचान के. प्रकाश राव, के. चंद्र राव और के. येसु बाबू के तौर पर की गई है। उनके अलावा अन्य चार लोग घायल भी हुए हैं। एक अधिकारी ने कहा, पीड़ित जिस जमीन पर घर बना रहे थे, उस पर विवाद था। वे कंक्रीट स्लैब बिछाने ही वाले थे कि तभी आरोपियों ने साइट पर उन पर हमला कर दिया। हालांकि, हमलावर की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले के विरोध में कोलकाता में निकाली रैली
कोलकाता में बंगाली हिंदू सुरक्षा समिति ने सोमवार को बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों और हिंदू संत चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी के विरोध में रैली निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सियालदाह स्टेशन से शुरू हुई रैली दो किमी की दूरी तय करते हुए रानी रशमोनी रोड पर समाप्त हुई। इस दौरान लोगों ने चिन्मय कृष्ण दास की रिहाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मोहम्मद युनूस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों को रोके। भगवा झंडे और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने हिंदुओं और उनके पूजा स्थलों को निशाना बनाकर जारी हिंसा पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने हिंदुओं की सुरक्षा के लिए अंतरिम सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कॉलेजियम में जल्द पेश होंगे न्यायमूर्ति शेखर यादव
इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज शेखर कुमार यादव जल्द ही सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के सामने पेश हो सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 10 दिसंबर को उनके बयान को लेकर समाचार पत्रों की खबरों पर संज्ञान लिया था और हाईकोर्ट से इस संबंध में पूरा ब्योरा तलब किया था। स्थापित प्रथाओं के अनुसार, अगर किसी न्यायाधीश के खिलाफ किसी विवादास्पद मुद्दे पर शीर्ष अदालत की ओर से संबंधित हाईकोर्ट से रिपोर्ट मांगी जाती है, तो उसे सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के सामने अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है।
एक देश-एक चुनाव विधेयक लोकसभा में आज नहीं होगा पेश
सरकार ने लोकसभा में एक देश-एक चुनाव से जुड़े विधेयक पेश करने की योजना को वित्तीय कामकाज पूरा होने तक के लिए टाल दिया है। दो विधेयकों संविधान (129वां संशोधन) विधेयक और केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन विधेयक) को सोमवार को लोकसभा में पेश करने के लिए सूचीबद्ध किया गया था। सूत्रों के अनुसार एक देश-एक चुनाव विधेयक को अब सप्ताहांत में लाया जा सकता है। लोकसभा सचिवालय की संशोधित सूची में सोमवार के एजेंडे में यह विधेयक शामिल नहीं हैं।
कोहरे ने थामी रफ्तार...35 से अधिक ट्रेनें देरी से पहुंचीं, 30 उड़ानें प्रभावित
कोहरा एक बार फिर यात्रियों के लिए परेशानी लेकर आया। इससे रविवार को यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार को थाम दिया है। वहीं, सड़कों पर भी वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। दृश्यता घटने की वजह से दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से 30 से अधिक विमान देरी से उड़ान भर सके। 35 से अधिक ट्रेनें रविवार को देरी से दिल्ली पहुंचीं।
एलएसी समझौते के बाद होगी पहली यात्राा
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल विशेष प्रतिनिधि वार्ता के लिए जल्द ही चीन जाएंगे। एलएसी से पीछे हटने को लेकर हुए समझौते के बाद डोभाल की यह पहली चीन यात्रा होगी। सीमा विवाद को लेकर 2020 में एनएसए डोभाल और चीन के विदेश मामलों के मंत्री वांग यी ने फोन पर बात की थी। इससे पहले 21 दिसंबर 2019 को दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच दिल्ली में विशेष बैठक हुई थी।
सूरत : 2.57 करोड़ रुपये के जाली नोटों के साथ चार आरोपी गिरफ्तार
गुजरात के सूरत में 2.57 करोड़ की जाली भारतीय मुद्रा के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से तीन महाराष्ट्र निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि चारों को सारोली चेक पोस्ट के पास से शनिवार शाम पकड़ा गया, जब वे तीन बैगों में जाली नोट लेकर जा रहे थे। आरोपियों ने 500 रुपये के जाली नोटों के 43 बंडल और 200 रुपये के जाली नोटों के 21 बंडल बना रखे थे। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने बैंकों व बाजारों में जाली नोटों से अनजान लोगों को ठगने की साजिश रची थी।
कांग्रेस को न तो कोई शर्म और न ही जिम्मेदारी : प्रधान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लोकसभा में कांग्रेस पर संविधान के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस की कड़ी आलोचना की। प्रधान ने कहा, प्रधानमंत्री ने सदन के सामने कुछ ऐतिहासिक सत्य रखे। कांग्रेस को न तो शर्म है, न ही जिम्मेदारी और न ही कोई दायित्व। कल भी उन्होंने प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान यही रवैया अपनाया, उन्हें अब भी सच सुनने का अभ्यास करना है। देश की जनता ने कांग्रेस को बार-बार आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड संविधान और लोकतांत्रिक मानदंडों के प्रति घोर अनादर का रहा है। प्रधान ने कहा, मैं प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने तथ्यों पर आधारित डाटा लोकसभा के पटल पर रखा, जिसमें बताया गया कि कैसे नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए संसद का अपमान किया और इसका मजाक बनाया।
मुंबई में बेस्ट बस ने अब बाइक सवार को रौंदा, मौत
मुंबई के कुर्ला के गोवंडी इलाके में अब बेस्ट बस ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पिछले एक सप्ताह के भीतर ऐसा दूसरा हादसा है। इससे पहले सोमवार को बेस्ट की एक अनियंत्रित इलेक्ट्रिक बस ने पैदल यात्रियों को कुचल दिया था और कई वाहनों को टक्कर मार दी थी, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई थी और चार पुलिसकर्मियों समेत 42 अन्य घायल हो गए थे। एक अधिकारी ने बताया कि हादसा शनिवार देर रात गोवंडी के शिवाजी नगर चौराहे पर हुआ। बस शिवाजी नगर से कुर्ला डिपो की ओर जा रही थी तभी उसने बाइक सवार को टक्कर मार दी और वह पिछले पहिये के नीचे आ गया। हादसे में बाइक सवार दीक्षित विनोद राजपूत के सिर में गंभीर चोट आई और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस चालक विनोद आबाजी रणखंबे (39) को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।
असम सांसद के अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस से संबंध : सीएम हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को कहा कि राज्य के एक सांसद के अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस से संबंध हैं। सरमा ने कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व पर निवेशकों के साथ मिलीभगत कर देश को अस्थिर करने के आरोपों के बीच यह बात कही। हालांकि, सरमा ने सांसद के नाम का खुलासा नहीं किया। यहां एक कार्यक्रम के इतर कांग्रेस-सोरोस मुद्दे के बारे में पूछे जाने पर सरमा ने कहा, असम के एक सांसद के भी जॉर्ज सोरोस से संबंध हैं, लेकिन मैं इस विवाद में नहीं पड़ना चाहता। यह पूछे जाने पर कि क्या सांसद ने अमेरिकी निवेशक की वित्तीय मदद से चुनाव जीता था, सीएम ने कहा, मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता, क्योंकि मेरे पास कोई सबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि पत्रकार स्वयं सोरोस और राज्य के सांसद के बीच संबंधों के बारे में पता लगा सकते हैं। शनिवार को लोकसभा में दिए प्रधानमंत्री के भाषण पर सरमा ने कहा, पीएम मोदी ने कांग्रेस को पूरी तरह से बेनकाब कर दिया है।
सिंगरेनी कोलियरीज में पहली बार महिलाओं को भूमिगत खदानों का जिम्मा
सरकारी स्वामित्व वाली कोयला खनन निगम सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लि. (एससीसीएल) पहली बार भूमिगत कोयला खदानों का जिम्मा विशेष रूप से महिलाओं को सौंपने की तैयारी में है। एससीसीएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एन बलराम ने कहा कि कंपनी दो खानों में महिलाओं को तैनात करने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो परिचालन अगले महीने से शुरू हो सकता है। पहले खनन जैसे कार्य केवल पुरुषों को ही दिए जाने तक सीमित थे।
ओडिशा: कटक में आयोजन स्थल पर लोहे का गेट गिरने से 30 घायल
ओडिशा के कटक में एक लोक नाट्य शो के आयोजन स्थल पर गेट गिरने से महिलाओं, बच्चों सहित 30 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना शनिवार रात को सालेपुर इलाके के रायसुंगुडा में हुई। उस समय लोग लोहे के ढांचे से गुजर रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों को सालेपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल छह लोगों को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रेफर किया गया है।