Updates: सबसे युवा विधायक बनीं मधुपर्णा ठाकुर; ITLF की गृह मंत्री शाह से अपील- कठोर कार्रवाई न करें सुरक्षा बल
पश्चिम बंगाल में बागदा विधानसभा उपचुनाव में जीतकर तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी मधुपर्णा ठाकुर ने इतिहास रच दिया है। वह मौजूदा विधानसभा में सबसे कम उम्र की विधायक बन गई हैं। शनिवार को जब उपचुनाव के नतीजे घोषित किए गए तो उनकी उम्र वह 25 साल 1 महीने 13 दिन थी। मधुपर्णा का जन्म 30 मई, 1999 को चंद्रपुर, महाराष्ट्र में हुआ था। शुरुआती शिक्षा-दीक्षा वहीं की। फिलहाल वे बारासात विश्वविद्यालय में वनस्पति विज्ञान में एमएससी की पढ़ाई कर रही हैं। वह भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर की चचेरी बहन हैं। मतुआ समुदाय से आने वाली मधुपर्णा की मां ममता बाला तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य हैं।
ITLF की गृह मंत्री शाह से अपील- कठोर कार्रवाई न करें सुरक्षा बल
मणिपुर स्थित इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आईटीएलएफ) ने जातीय संघर्षों के बीच केंद्रीय एजेंसियों की ओर से कुकी-जो गांव के स्वयंसेवकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई रोकने के लिए शनिवार को गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा। पत्र में जिरीबाम के फिटोल और मोंगबुंग गांवों की घटनाओं का जिक्र किया गया है। इसमें कहा गया है कि केंद्रीय सुरक्षा बलों ने मामले में सात कुकी महिलाओं पर हमला किया और गांव के दो युवाओं को हिरासत में लिया। इसके बाद महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने समुदाय के नेताओं के आवासों को जलाने के आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा तीन कुकी-जो स्वयंसेवकों की गिरफ्तारी की गई है। इससे स्थानीय तनाव और बढ़ गया है। ये आरोप 8 और 9 जुलाई को कांगपोकपी जिले के फैतोल और एल हेंगजोल गांवों में सुरक्षा बलों के अभियान के मद्देनजर लगाए गए हैं। इसके तहत तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान 1,300 राउंड गोला-बारूद के साथ एके शृंखला की तीन राइफलें जब्त की गई थीं।