Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Sule seeks uniform delimitation formula for all states; bats for women's quota implementation

'सभी राज्यों में एक नियम': परिसीमन पर बोलीं सुप्रिया सुले; महिला आरक्षण और मतदाता सूची पर क्या कहा?

Mon, 16 Nov 2026 06:34 PM IST
निर्मल कांत पीटीआई, नई दिल्ली।
पीटीआई, नई दिल्ली। Published by: निर्मल कांत Updated Mon, 16 Nov 2026 06:34 PM IST
विज्ञापन
Sule seeks uniform delimitation formula for all states; bats for women's quota implementation
सुप्रिया सुले - फोटो : एएनआई (फाइल)
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने सोमवार को परिसीमन को लेकर बड़ी मांग की। उन्होंने कहा कि देश के सभी राज्यों में परिसीमन के लिए एक ही तरीका (फॉर्मूला) अपनाया जाना चाहिए। इसके साथ ही परिसीमन की प्रक्रिया में महिला आरक्षण भी लागू होना चाहिए।
विज्ञापन


सुले पुणे में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में पहुंची थीं। कार्यक्रम स्थल पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की दो मुख्य शर्तें हैं। पहली, हर राज्य में परिसीमन का एक ही फॉर्मूला लागू हो। दूसरी, महिला आरक्षण कानून को इसी प्रक्रिया के दौरान लागू किया जाए।
विज्ञापन


परिसीमन को लेकर सुले की क्या दो मांगें हैं?
सुप्रिया सुले ने कहा, कश्मीर से कन्याकुमारी तक हर राज्य के लिए एक ही फॉर्मूला होना चाहिए। दूसरी बात, परिसीमन के दौरान महिला आरक्षण लागू होना चाहिए। हम महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पास कर चुके हैं। इसे लागू किया जाना चाहिए। 
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) शुरू से ही इस मुद्दे पर यही रुख रखती आई है। सुले ने बताया कि मुझे अभी तक परिसीमन विधेयक की पूरी प्रति (कॉपी) नहीं मिली है। मैंने इसे पूरा पढ़ा भी नहीं है। बारामती से लोकसभा सांसद सुले ने कहा, अंतिम रुख तय करने से पहले मैं विधेयक के सभी प्रावधानों को पढूंगी और उनका अध्ययन करूंगी।

शाह ने किन नेताओं को चर्चा के लिए बुलाया था?
सुप्रिया सुले ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पहले उन्हें चर्चा के लिए बुलाया था। इसके अलावा, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद अरविंद सावंत और एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी को भी बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया था।

ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस का क्या है प्लान?: दिसंबर के पहले हफ्ते से प्रचार; सीट बंटवारे पर सपा से कल चर्चा

सांसदों के लिए विकास कार्य करना मुश्किल क्यों?
सुले ने कहा कि कुछ लोकसभा क्षेत्रों में 30 लाख से 50 लाख तक मतदाता हैं। ऐसे में सांसदों के लिए विकास कार्य करना मुश्किल हो जाता है। इसकी एक वजह सांसदों को मिलने वाली पांच करोड़ रुपये की राशि है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े मतदाता क्षेत्र में पांच करोड़ रुपये के आवंटन से विकास कार्य कराना आसान नहीं है।

क्या पहले भी हुआ है परिसीमन?
सुप्रिया सुले ने कहा कि परिसीमन कोई नई प्रक्रिया नहीं है। यह पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के कार्यकाल में भी हुआ था। बाद में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने परिसीमन पर लगी रोक को आगे बढ़ाया था। 

पत्रकारों ने सुले से पूछा कि कांग्रेस के कुछ नेताओं को आशंका है कि भाजपा अपने राजनीतिक फायदे के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदल सकती है। इस पर सुले ने कहा कि परिसीमन आमतौर पर एक तय फॉर्मूले के आधार पर होता है। इसे मनमाने तरीके से नहीं किया जाना चाहिए। 

उन्होंने कहा, इस दुनिया में कोई भी चीज पूरी तरह से दोषरहित नहीं होती। 10 से 15 फीसदी मामलों में कुछ समस्याएं हो सकती हैं। हालांकि, परिसीमन आमतौर पर एक तय फॉर्मूले के आधार पर किया जाता है। आइए, हम सरकार पर भरोसा करें कि यह प्रक्रिया उसी फॉर्मूले के अनुसार होगी। 

विपक्षी दलों के बीच मतभेद पर क्या बोलीं सुले?
विपक्षी दलों के बीच अलग-अलग मुद्दों पर मतभेद को लेकर भी उनसे सवाल पूछा गया। इस पर सुले ने कहा कि पहले भी विपक्षी दलों के बीच मतभेद रहे हैं। हालांकि, उन्होंने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद विपक्ष की एकजुटता का जिक्र किया। सुले ने बताया कि अलग-अलग विपक्षी दलों के 50 से ज्यादा सांसद कई देशों में गए थे। वहां उन्होंने भारत का पक्ष रखा था।

सूखे को लेकर केंद्र से क्या मांग की?
महाराष्ट्र में सूखे के सवाल पर सुले ने कहा कि केंद्र सरकार को राज्य की और मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा, अगर केंद्र सरकार माता-पिता की तरह है, तो राज्य छोटे भाई-बहनों की तरह हैं। इसलिए महाराष्ट्र के किसानों को मदद देते समय केंद्र को ज्यादा उदार रुख अपनाना चाहिए।  

ये भी पढ़ें: 8.5 लाख किताबें शिफ्ट करने की जल्दबाजी क्यों?: शीर्ष कोर्ट की केंद्र को फटकार; कहा- किताबों का तो सम्मान कीजिए

भोसारी की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी पर क्या कहा?
सुप्रिया सुले ने बताया कि उन्होंने पुणे के भोसारी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया है। इस बारे में उन्होंने अपनी पार्टी के सहयोगी अजित गव्हाणे से चर्चा की थी। उन्होंने पुणे के जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी से भी संपर्क किया था। उनसे इस मामले की जानकारी मांगी थी। सुले ने बताया, जिला प्रशासन ने मुझे जानकारी दी है कि इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। जरूरी सुधार के कदम भी उठाए गए हैं।

एक मोबाइल नंबर से कई मतदाता पंजीकरण कैसे रुकेंगे?
सुप्रिया सुले ने बताया कि प्रशासन ने मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए एक नई व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत संबंधित व्यक्ति के मोबाइल नंबर से जुड़ी ओटीपी के जरिये पहचान की जांच की जाएगी।

सुले ने कहा, प्रशासन ने बताया है कि मतदाता सूची में नाम दर्ज करते समय संबंधित व्यक्ति के मोबाइल नंबर से जुड़ी ओटीपी आधारित जांच की व्यवस्था शुरू की गई है। इससे एक ही मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करके कई मतदाता पंजीकरण कराने पर रोक लगेगी।  

खड़कवासला में मतदाताओं की संख्या क्यों घटी?
सुले ने खड़कवासला विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या घटने का मुद्दा भी उठाया। यह क्षेत्र उनके बारामती लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि यहां मतदाताओं की संख्या पहले करीब साढ़े पांच लाख थी। अब यह घटकर ढाई लाख रह गई है। उन्होंने इस बदलाव की वजह जानने के लिए विस्तृत जांच और आंकड़ों का विश्लेषण मांगा है। 

ये भी पढ़ें: उत्तर भारत में बढ़ेगा कोहरा: सर्दियों में ट्रेनों की रफ्तार पर नहीं लगेगा ब्रेक, जानें रेलवे की तैयारी

अजित पवार की प्रतिमा के कार्यक्रम से जल्दी क्यों निकलीं?
पत्रकारों ने सुप्रिया सुले से पूछा कि वह अजित पवार की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम के पूरा होने से पहले ही क्यों चली गईं। इस पर उन्होंने बताया कि उन्हें दोपहर 2.15 बजे की दिल्ली की फ्लाइट पकड़नी थी।



दिल्ली में शाम साढ़े छह बजे कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब का विमोचन होना था। उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल होना था। सुले ने कहा कि आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार प्रतिमा अनावरण समारोह दोपहर 12.45 बजे खत्म होना था।

सुनील तटकरे और छगन भुजबल कार्यक्रम में क्यों नहीं आए?
एनसीपी के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे और छगन भुजबल की कार्यक्रम में गैरमौजूदगी को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर सुले ने कहा कि वह इस कार्यक्रम में सिर्फ एक मेहमान के तौर पर शामिल हुई थीं। उन्होंने कहा कि तटकरे और भुजबल के कार्यक्रम में नहीं आने की वजह मीडिया को उन्हीं से पूछनी चाहिए।


क्या दोनों एनसीपी गुटों का विलय होगा?
दोनों एनसीपी गुटों के विलय की संभावना और उनकी पार्टी के सरकार में शामिल होने को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर सुले ने कहा कि उन्होंने एक दिन पहले ही दोनों गुटों के विलय के मुद्दे पर अपनी बात रखी थी।

क्या भाजपा में शामिल होंगी सुप्रिया सुले?
पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या मौजूदा परिस्थितियों में वह भाजपा में शामिल होंगी। इस पर सुप्रिया सुले ने कहा कि उन्हें भाजपा की ओर से ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।

परिसीमन विधेयक पर शरद पवार गुट में क्यों उठे विरोध के सुर? 
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जितेंद्र आव्हाड की बेटी नताशा आव्हाड ने परिसीमन विधेयक का विरोध किया है। उन्होंने अपनी पार्टी के इस विधेयक का समर्थन करने की किसी भी कोशिश पर आपत्ति जताई है। नताशा ने कहा कि ऐसा करना देश और संविधान के साथ बहुत बड़ा अन्याय होगा।
 
नताशा ने एक्स पर एक पोस्ट लिखी। उन्होंने कहा अगर उनकी पार्टी के इस विधेयक का समर्थन करने पर विचार करने की रिपोर्ट्स सही हैं, तो मैं इस फैसले की कड़ी निंदा करूंगी। उन्होंने माना कि हर निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिसीमन जरूरी है।

लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित विधेयक संविधान के खिलाफ है। इसके जरिये विपक्ष के जीतने वाली सीटों की संख्या सीमित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे भाजपा को गलत तरीके से फायदा मिलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed