फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 14 November North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: कर्नाटक के मंत्री पर अपमानजनक टिप्प्णी करने वाला पकड़ा; BJP के पूर्व सांसद हरिश्चंद्र चव्हाण का निधन

Thu, 14 Nov 2024 01:10 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Thu, 14 Nov 2024 01:10 PM IST
विज्ञापन
News Updates 14 November North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

कर्नाटक के मंत्री बी जेड जमीर अहमद खान के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक हिंदुत्व कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर हिंदुत्व कार्यकर्ता पुनीथ केरहल्ली ने चन्नापटना विधानसभा उपचुनाव लड़ रहे कांग्रेस उम्मीदवार सीपी योगीश्वर के लिए प्रचार करते समय केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर जमीर खान की आलोचना की थी। खान के समर्थक की शिकायत के आधार पर चामराजपेट पुलिस ने केरहल्ली के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

विज्ञापन


महाराष्ट्र में भाजपा के पूर्व सांसद का निधन
महाराष्ट्र में भाजपा के पूर्व सांसद हरिश्चंद्र चव्हाण का गुरुवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। नासिक स्थित आवास पर 74 वर्षीय सांसद ने अंतिम सांस ली। चव्हाण लंबे समय से बीमार थे और कुछ दिन पहले उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चव्हाण तीन बार सांसद रहे। उन्होंने 2004 में मालेगांव लोकसभा सीट से और 2009 और 2014 में नासिक जिले के डिंडोरी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की। वह पहले भी राज्य में विधायक रह चुके हैं। चव्हाण के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। उनका अंतिम संस्कार सुरगना तालुका स्थित उनके पैतृक गांव प्रतापगढ़ में किया जाएगा।
विज्ञापन

 

बस मालिकों ने 15 साल पुराने वाहन हटाने को मांगा समय
पश्चिम बंगाल के बस मालिकों के संघों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से राज्य परिवहन विभाग पर दबाव डालने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि वह विभाग को निर्देशित करें 15 साल पुरानी बसों को कबाड़ में बदलने के लिए मजबूर करने के बाजय उन्हें दो साल की लाइफलाइन दें, ताकि वे अपने पुराने वाहनों को बदल सकें। बस मालिकों के प्रतिनिधि तपन बनर्जी ने बताया कि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 15 साल पुरानी बसों के मामले में सरकार और बस ऑपरेटरों के बीच बातचीत करने और 'मानवीय' दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी है। कुछ बस मालिकों ने अक्तूबर में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि 15 साल की आयु सीमा लागू की जाती है, तो कोलकाता और आसपास के जिलों में चलने वाली 90 फीसदी बसें जनवरी 2025 से सड़कों से गायब हो जाएंगी। 

बंगाल में टीएमसी नेता की गोली मारकर हत्या, एक गिरफ्तार
कोलकाता के पास जगद्दल में बुधवार को एक स्थानीय टीएमसी नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, भाटपारा वार्ड नंबर 12 के पूर्व टीएमसी अध्यक्ष अशोक शॉ को उस समय कई बार गोली मारी गई, जब वह उत्तर 24 परगना जिले के जगद्दल पुलिस स्टेशन से कुछ सौ मीटर दूर एक चाय की दुकान के सामने खड़े थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि साथ ही उन्हें निशाना बनाकर कच्चे बम भी फेंके गए। पुलिस ने कहा कि शॉ को पास के भाटपारा स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि शाम को हत्या के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि हमले में घायल हुए कुछ अन्य लोगों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

विज्ञापन

मुंबई में पांच लोगों ने महिला का पीछा कर कार को पहुंचाया नुकसान, केस दर्ज
मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में एक महिला का कथित तौर पर पीछा करने और उसकी कार को नुकसान पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। एमआईडीसी पुलिस स्टेशन के अधिकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड (जेवीएलआर) पर एक क्लब के बाहर हुई, जब पीड़िता एक अन्य महिला से मिलने गई थी। उन्होंने कहा, पांच लोगों का एक समूह क्लब के बाहर इंतजार कर रहा था और उनका इरादा उस महिला पर हमला करना था, जिससे पीड़िता मिलने आई थी। उन्होंने बताया कि जब पीड़िता कार से घटनास्थल पर पहुंची तो पांच लोगों ने कथित तौर पर उसका पीछा किया और बाद में उसके वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।

विज्ञापन

वीटीजेड विशाखापत्तनम हवाईअड्डे का निगरानी रडार किया अपडेट
वीटीजेड विशाखापत्तनम हवाईअड्डे का निगरानी रडार को बीईएल (भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड) द्वारा स्वदेशी और अत्याधुनिक रडार सिस्टम में अपडेट किया गया है। यह रडार आईएनएस डेगा में डॉल्फिन हिल पर स्थापित किया गया है और इसका उद्देश्य हवाई अड्डे पर हवाई यातायात की निगरानी को बेहतर बनाना है, ताकि सभी उड़ानों की सुरक्षित निगरानी की जा सके।

खुद को सतर्कता अधिकारी बता कारोबारी से 25 लाख की ठगी
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में पांच बदमाशों ने खुद को सतर्कता अधिकारी बताकर नकदी ले जा रहे एक स्टॉक कारोबारी से 25 लाख से अधिक की ठगी कर ली। आरोपियों ने आचार संहिता के उल्लंघन का हवाला देते हुए उससे पूछताछ की और बाद में रकम अपने कब्जे में लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। चुनाव संबंधी अनियमितताओं  को रोकने के लिए पूरे राज्य में स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी), चुनाव आयोग के उड़न दस्ते और पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। बदमाशों ने इसी का फायदा उठाया।  

आईसीजी ने अरब सागर में फंसे 5 मछुआरों को डूबने से बचाया
भारतीय तटरक्षक बल ने (आईसीजी) ने अरब सागर में दमन तट के पास डूब रही एक नाव से पांच मछुआरों को समय रहते बचा लिया। इस नाव में पानी भर गया था। बुधवार को जारी एक बयान में आईसीजी ने कहा कि दमन पुलिस से सूचना के बाद मंगलवार शाम को एक अभियान चलाया गया और नाव से मछुआरों को निकालकर हवाई मार्ग से जिले के बोर्डी समुद्र तट पर सुरक्षित उतारा गया तथा उन्हें आवश्यक सहायता और प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया।

चेन्नई की बिजली कंपनी पर छापा, 8.38 करोड़ नकदी जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के उल्लंघन में चेन्नई स्थित बिजली कंपनी ओपीजी के मालिक अरविंद गुप्ता के परिसरों पर छापा मारा और 8.38 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी जब्त की। ईडी ने कहा कि जांच में पता चला कि कंपनी को सेशेल्स स्थित कंपनियों की ओर से 1148 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्राप्त हुआ था।

तलाशी के दौरान ईडी को कैश के लेनदेन से जुड़े हाथ से लिखे नोट भी मिले हैं। आगे की जांच से पता चला कि ओपीजी समूह के प्रबंधन ने दुबई, आइल ऑफ मैन, सेशेल्स, सिंगापुर और हांगकांग में कई कंपनियां स्थापित की थीं। ये भी पता चला कि एफडीआई नीति के तहत कुछ शर्तों के अधीन बिजली क्षेत्र में निवेश के लिए इस एफडीआई फंड का एक महत्वपूर्ण हिस्सा अवैध रूप से शेयर बाजार में भेजा गया था। इसमें म्यूचुअल फंड, जमीन और रियल एस्टेट में निवेश शामिल है। अवैध धन का पता करने के लिए इन विदेशी संस्थाओं की जांच की जा रही है।  

फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा से पूछताछ करेगी आंध्रप्रदेश पुलिस
आंध्र प्रदेश पुलिस ने फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा को पूछताछ के लिए तलब किया है। उन पर मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की मॉर्फ (छेड़छाड़ कर तैयार की गई) तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। प्रकाशम जिले की एक पुलिस टीम ने बुधवार को हैदराबाद में वर्मा के जुबली हिल्स स्थित आवास पर पहुंचकर उन्हें नोटिस थमाया और 9 नवंबर को मड्डीपाडू थाने में जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने को कहा। पुलिस अधीक्षक  एआर दामोदर ने बताया कि वर्मा ने पुलिस से कहा कि वह जांच में सहयोग करेंगे।

600 करोड़ का घोटाला... 22.86 करोड़ की संपत्ति ईडी ने अटैच की
 प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 600 करोड़ रुपये के घोटाले में पोंजी स्कीम संचालक अंबर दलाल व अन्य की 22.86 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की है। ईडी की मुंबई इकाई ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के अंतर्गत यह कार्रवाई की है। इन संपत्तियों में महाराष्ट्र के ठाणे और मुंबई जिलों में स्थित भूमि, आवासीय फ्लैट समेत कुछ अन्य अचल संपत्तियां शामिल हैं। इसके अलावा अंबर दलाल व उनके परिवार के सदस्यों और उनकी सहयोगी रश्मि प्रसाद की बीमा पॉलिसियां और निवेश समेत कुछ चल संपत्तियां शामिल हैं।

ईडी इससे पहले इसी मामले में रश्मि प्रसाद के दुबई स्थित एक आवासीय फ्लैट को भी अटैच कर चुका है। इसकी कीमत 4.95 करोड़ रुपये है। ईडी ने मेसर्स रिट्ज कंसल्टेंसी सर्विसेज के मालिक अंबर दलाल के खिलाफ मुंबई पुलिस की एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू की है। अंबर दलाल पर आरोप है कि उसने एक संदिग्ध पोंजी स्कीम के जरिये निवेशकों से ऊंचे रिटर्न का वादा करके पैसे लिए और शुरुआती रिटर्न देने के बाद उनके पैसे लेकर फरार हो गया। ईडी की जांच के मुताबिक अंबर दलाल ने करीब 1300 निवेशकों से 600 करोड़ से अधिक रकम जुटाई है।

तेलंगाना में पटरी से उतरी मालगाड़ी 39 ट्रेनें निरस्त, 61 के मार्ग बदले
तेलंगाना के पेड्डापल्ली में मालगाड़ी के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसके चलते 39 यात्री ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं और 61 का मार्ग बदलना पड़ा। सात ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द की गईं। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हादसा मंगलवार देर रात राघवपुरम व रामागुंडम के बीच हुआ। सरिया और लोहे की चादर से लदी मालगाड़ी कर्नाटक के बेल्लारी से यूपी के गाजियाबाद जा रही थी। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि हादसे से रूट की तीनों लाइनें बाधित हो गईं। पटरियों की मरम्मत की जा रही है और बृहस्पतिवार तक तीनों लाइनों पर यातायात सुचारु होने की उम्मीद है।

ओडिशा: बुजुर्ग महिला को आवारा कुत्ते ने उतारा मौत के घाट
ओडिशा के बालासोर जिले में एक बुजुर्ग महिला पर गुरुवार को आवारा कुत्ते ने हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।  पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान बसंती साहू (80 वर्षीय) के रूप में हुई है। बसंती साहू अपने घर में सो रही थीं, तभी एक आवारा कुत्ता उनके घर में घुस गया और उसने उन पर हमला कर दिया। बसंत उस समय अकेले सो रही थीं, क्योंकि उनका परिवार गांव में एक कार्यक्रम में गया हुआ था। कुत्ते ने उन्हें कई बार काटा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बसंती साहू की चीखें सुनकर पड़ोसी उनके घर पहुंचे। उन्होंने तुरंत कुत्ते को पकड़ा। लेकिन तब तक महिला की मौत हो गई। 

आईएमडी ने सबरीमाला तीर्थयात्रियों के लिए शुरू की मौसम पुर्वानुमान सेवा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सबरीमाला तीर्थयात्रियों के लिए एक नई स्थानीय मौसम पुर्वानुमान सेवा शुरू की है। यह सेवा अमरनाथ और चारधाम यात्रा के लिए दी जा रही सेवाओं की तरह होगी। आईएमडी के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि विभाग के क्षेत्रीय केंद्र ने सबरीमाला के पास तीन प्रमुख स्थानों श्रीसनिधानम, पम्बा और निलक्कल पर बारिश मापने वाले उपकरण (रेन गेज) लगाए हैं। इन उकरणों से तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान जारी किया जाएगा।  

इंडिगो के विमान ने की आपात लैंडिंग, झूठी निकली बम धमकी
महाराष्ट्र के नागपुर से पश्चिम बंगाल के कोलकाता जा रही इंडिगो की एक उड़ान ने बम की धमकी मिलने के बाद रायपुर में आपात लैंडिंग की। बाद में पता चला कि यह झूठी धमकी थी। रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि उड़ान में 187 यात्री और 6 चालक दल के सदस्य थे। यह उड़ान सुबह नौ बजे के बाद स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर उतरी।  

हैदराबाद: फोन टैपिंग मामल में में पुलिस के सामने पेश हुए पूर्व बीआरएस विधायक
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पूर्व विधायक चिरुमर्थी लिंगैया फोन टैपिंग मामले में पुलिस के सामने पेश हुए। उनसे पूछताछ की गई। पुलिस ने उन्हें इस मामले में तलब किया था। आरोप है कि पिछली बीआरएस सरकार के दौरान फोन टैपिंग की घटनाएं हुई थीं। लिंगैया को नौ नवंबर को नोटिस जारी किया गया था, जिसमें उन्हें 11 नवंबर को जांच अधिकार के सामने पेश होने को कहा गया था। लेकिन स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने तारीख बढ़ाने का आग्रह किया, जिसमें मंजूर किया गया था और 14 नवंबर को पेश होने के लिए कहा गया था।  

केरल: सबरीमाला जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल का उद्घाटन
कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सबरीमाला मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक 'एदथवलम' (विश्राम स्थल) बनाया गया है। यह सुविधा हवाई अड्डे के आगमन क्षेत्र में पुलिस सहायता केंद्र के पास पाच हजार वर्ग फीट में बनाई गई है। इस नई सुविधा का उद्घाटन राज्य के उद्योग और विधि मंत्री पी. राजीव ने गुरुवर को किया। मंत्री ने कहा कि सरकार ने श्रद्धालुओं की यात्रा को आसान और आरामदायक बनाने के लिए सभी जरूरी सुविधओं को ध्यान में रखा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कई वर्षों से हवाई मार्ग से सबरीमाला की यात्रा करते हैं। पिछले साल हमने हवाई अड्डे पर सबरीमाला के श्रद्धालुओं के लिए एक टर्मिनल की व्यवस्था की थी। पिछले यात्रा सीजन में करीब छह हजार श्रद्धालुओं ने इस सुविया का लाभ उठाया था। 

भारतीय तटरक्षक दल ने लक्षद्वीप से गंभीर रूप से बीमार मरीज को निकाला, कोच्चि के अस्पताल में भर्ती कराया
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने लक्षद्वीप से एक 68 वर्षीय गंभीर रूप से बीमार मरीज को उड़ान के जरिए निकाला और उसे आगे के इलाजा के लिए कोच्चि के एर्नाकुलम स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। रक्षा मंत्रालय ने आज एक बयान में बताया कि आईसीजी ने 13 नवंबर की रात को मरीज को अगत्ती से निकाला। मरीज को सीओपीडी के बढ़ने और टाइप-2 सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और उसे तुरंत चिकित्सा सहायता की जरूरत थी। 

कर्नाटक: सरकार ने कोविड-19 प्रबंधन में गड़बड़ियों की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का फैसला किया
कर्नाटक की सिद्धारमैय सरकार ने गुरुवार को राज्य में कोरोना महामारी के प्रबंधन में पिछली सरकार में की गई कथित गड़बड़ियों की जांच के लिए एख विशेष जांच दल (एसआईटी) बनाने का फैसला लिया है। यह फैसला जस्टिस जॉन माइकल डी कुन्हा आयोग की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। पत्रकारों से बात करते हुए कर्नाटक के कानून और संसदीय कार्य मंत्री एच.के पाटिल ने कहा, जस्टिस कुन्हा की ओर से जारी की गई अंतरिम रिपोर्ट की समीक्षा करने के बाद राज्य मंत्रिमंडल ने एसआईटी बनाने का फैसला लिया है, ताकि आगे की जांच की जा सके और कार्रवाई की जा सके। 
 

वोट के बदले नकदी मामले में ईडी की छापेमारी
महाराष्ट्र के मालेगांव के आनंद नगर इलाके में एक कथित हवाला डीलर के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम छापेमारी कर रही है। ईडी मतदान के लिए नकदी के मामले में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। अहमदाबाद के 13 स्थानों, सूरत के तीन, मालेगांव, नासिक के दो स्थानों और मुंबई के पांच स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। 

वक्फ संशोधन विधेयक: 21 नवंबर को होगी जेपीसी की बैठक
वक्फ संशोधन विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने कहा कि विधेयक पर जेपीसी 21 नवंबर को बैठक करेगी। फिर इस रिपोर्ट को शीतकालीन सत्र में पेश किया जाएगा। सभी हितधारकों से बैठक के बाद भी मौलाना तकीर रजा खान जैसे लोग कह रहे हैं कि हम वक्फ (संशोधन) विधेयक पास नहीं होने देंगे। देश को बाटने और तुष्टिकरण की राजनीति करने के बजाय तौकीर रजा जैसे धर्मगुरुओं को हमारी समिति के सामने पेश होना चाहिए। 
 

ओडिशा: आईसीजी ने 12-14 नवंबर तक प्रदूषण प्रतिक्रिया अभ्यास किया
भारतीय तटरक्ष बल (आईसीजी) ने ओडिशा के तट रक्षक क्षेत्र में 12 से 14 नवंबर तक क्षेत्रीय स्तर का प्रदूषण प्रतिक्रिया अभ्यास (री-प्रीक्स-24) आयोजित किया। इस अभ्यास का मकसद तेल के रिसाव और अन्य समुद्री प्रदूषण की घटनाओं को लेकर तैयारियों और समन्वय को बढ़ाना था। क्षेत्रीय स्तर की प्रमुख संस्थाओं जैसे पारादीप पोर्ट अथॉरिटी, धर्मा पोर्, गोपालपुर पोर्ट, बीपीसीएल, एचपीसीएल, आईओसीएल और ओडिशा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इस अभ्यास में भाग लिया। 

असम:साइबर धोखाधड़ी गिरोह के 8 सदस्य गिरफ्तार
असम की गुवाहाटी पुलिस ने शहर के बोरागांव इलाके में एक लॉज पर छापे के बाद साइबर धोखाधड़ी से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया। गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दिगंत बराह के मुताबिक,यह धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल किए गए बैंक खातों के नेटवर्क पकड़ने में बड़ी कामयाबी है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 31 मोबाइल हैंडसेट, 36 एटीएम कार्ड,21 चेक बुक, 7 स्टांप, 4 कार, 1 बाइक, 4 पोर्टेबल ड्राइव,1 लैपटॉप और अन्य उपकरण जैसे रिंच, टेस्टर, स्क्रू ड्राइवर जब्त किए।

आरोपियों की पहचान बारपेटा के रहने वाले शाह आलम (29 वर्ष),अजीजुल हक (25),रुबुल हुसैन खान (37),काजी सद्दाम हुसैन (32),अब्दुल कलाम (31),अजीम उद्दीन अली (37), हसन अली (36) और कोयाकुची के रहने वाले अलामिन खान (25) के तौर पर की गई। पुलिस आयुक्त बराह के मुताबिक,आरोपियों के खिलाफ साइबर पुलिस स्टेशन में साइबर पीएस केस संख्या 26/24 यू/एस- 61/318(4)/316(2)/336 (3) बीएनएस 2023) के तहत मामला दर्ज किया गया है। बराह ने आगे बताया कि गोरचुक पुलिस स्टेशन को साइबर जालसाजों के एक समूह के स्टेशन के तहत आने वाले अपोलो एक्सेलकेयर अस्पताल के पास लॉज में आपराधिक गतिविधियां चलाने की सूचना मिली थी। इस आधार पर प्रभारी निरीक्षक मयूरजीत गोगोई के नेतृत्व में पुलिस दल ने बुधवार को उक्त जगह पर छापा मारकर पूछताछ के लिए 15 लोगों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए कुछ आरोपियों के साइबर अपराध से जुड़े होने का खुलासा हुआ। 

भारत-फिलीपींस के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के लिए विशेष स्मारक लोगो जारी
भारत और फिलीपींस के बीच राजयनिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर एक विशेष स्मारक लोगो जारी किया गया है, जो दोनों देशों के राष्ट्रीय ध्वजों के तत्वों को समाहित करता है। यह लोगों भारत और फिलीपींस के बीच मजबूत संबंधों और सहयोग को प्रतिबिंबित करता है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस विशेष मौके का जश्न मनाने के लिए कई आयोजनों और गतिविधियों की योजना बनाई जा रही है, जिसमें आसियान ढांचे के तहत भी दोनों देशों के बीच सहयोग  बढ़ान पर फोकस किया जाएगा। 

  

राहुल श्रीवास्तव होंगे नामीबिया में भारत के अगले उच्चायुक्त
विदेश मंत्रालय ने 1999 बैच के आईएफएस राहुल श्रीवास्तव को नामीबिया में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया है। बृहस्पतिवार को विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी। श्रीवास्तव जल्द ही कार्यभार संभालेंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में श्रीवास्तव ने कहा, दक्षिण अमेरिका (वेनेजुएला 2015-18) से एशिया (भारत 2018-20) से यूरोप (रोमानिया, अल्बानिया, मोल्दोवा 2020-24) से अफ्रीका तक। नामीबिया में भारत के उच्चायुक्त नियुक्त होने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। 'बहादुरों की भूमि' में भारत के लोगों की सेवा करने के लिए उत्सुक हूं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed