फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 07th Jan North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: युवा कांग्रेस समर्थकों के पथराव में भाजपा कार्यकर्ता घायल; बीबीएमपी इंजीनियर्स के ऑफिस में ED की रेड

Tue, 07 Jan 2025 10:59 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Tue, 07 Jan 2025 10:59 PM IST
विज्ञापन
News Updates 07th Jan North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा के बारे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रमेश बिधूड़ी की विवादास्पद टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान मंगलवार को यहां युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के कार्यालय पर कथित तौर पर पथराव किया जिसमें पार्टी का एक सदस्य घायल हो गया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए नामपल्ली स्थित तेलंगाना प्रदेश भाजपा मुख्यालय में घुसने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध करने की कोशिश की और बीच हाथापाई हुई। प्रदेश भाजपा महासचिव के. वेंकटेश्वरलु ने कांग्रेस के गुंडों पर भाजपा के कार्यालय पर हमला करने का आरोप लगाया।
विज्ञापन


बीबीएमपी इंजीनियर्स के ऑफिस में ED की छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने मंगलवार को बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के कुछ इंजीनियरों के कार्यालयों पर छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, करीब सात ईडी अधिकारी सुबह करीब 11 बजे बीबीएमपी मुख्यालय में दाखिल हुए और बोरवेल ड्रिलिंग के साथ-साथ स्टॉर्मवॉटर ड्रेन से संबंधित फाइलों की तलाशी ली। बीबीएमपी के एक अधिकारी ने बताया, 'बीबीएमपी में एक बहुत वरिष्ठ इंजीनियर निशाने पर था। वे सार्वजनिक कार्यों से संबंधित फाइलें जमा कर रहे थे।'
विज्ञापन

कलबुर्गी में बीमा राशि के लिए शख्स ने पिता की हत्या की
कर्नाटक के कलबुर्गी से एक इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आ रही है। जहां एक शख्स ने बीमा राशि के रुपये के लिए अपने पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने बीमा राशि का दावा करने के लिए अपने पिता की हत्या करने और दुर्घटना का नाटक करने के आरोप में एक बेटे सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना जुलाई 2024 में हुई थी।

पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
कलबुर्गी जिले के पुलिस अधीक्षक अडुरु श्रीनिवासुलु ने सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि पिता कलिंगराय अपने बेटे सतीश को पीछे बैठाकर जा रहे थे। जब वह बेन्नूर क्रॉसिंग के पास पहुंचे, तो बेटे सतीश ने पिता से रुकने के लिए कहा ताकि वह पेशाब कर सकें। जैसे ही कलिंगराय रुके, सतीश के एक साथी अरुण ने ट्रैक्टर चला कर कलिंगराय को रौंद डाला, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद सतीश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और बीमा राशि का दावा किया। पुलिस ने जांच के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

विज्ञापन

इंडिया गेट का नाम बदलकर भारत माता द्वार रखने की मांग
भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इंडिया गेट का नाम बदलकर भारत माता द्वार करने का आग्रह किया। सिद्दीकी ने पत्र में दावा किया कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने मुगल आक्रमणकारियों व ब्रिटिश लुटेरों द्वारा दिए घावों को भरे हैं, उन्होंने गुलामी के दाग मिटा देश को खुशहाल बनाया है। इंडिया गेट का नाम बदलकर भारत माता द्वार रखना हजारों देशभक्तों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जिन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया और जिनके नाम इसकी संरचना पर अंकित हैं।
विज्ञापन

चार पुस्तकों का किया विमोचन
इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के सेमिनार हॉल में जयसाव समिति की तरफ से चार पुस्तकों का विमोचन किया गया। इस दौरान गीत पल्लवी की चतुर्थ शृंखला के भाग एक और भाग दो (जिसमें 24 कवयित्रियां हैं), सत्य कथा पुष्प की तृतीय शृंखला ( जिसमें 56 सत्य घटनाएं 26 लेखकों ने लिखी हैं), सात्विका (जिसकी लेखिका व अंग्रेजी में अनुवादक डॉ. पुष्पा सत्यशील हैं) का विमोचन किया गया। समारोह में प्रसार भारती के पूर्व निर्देशक कवि लीलाधर मंडलोई, दिल्ली यूनिवर्सिटी के पूर्व डॉ प्रो. पवन माथुर, हिन्दू कॉलेज की पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. कविता शर्मा व पूर्व डीन फैकल्टी ऑफ म्यूजिक एंड फाइन आर्ट्स विदुषी डॉ. उमा गर्ग भी शामिल रही।

गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होंगी एनसीसी की 917 लड़कियां
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) गणतंत्र दिवस शिविर 2025 में 917 लड़कियों सहित 2,361 कैडेट भाग ले रहे हैं, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। दिल्ली कैंट में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने कहा कि महीने भर चलने वाले इस शिविर में देश भर के कैडेट भाग लेंगे, जिनमें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से 114 और पूर्वोत्तर क्षेत्र से 178 कैडेट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत 18 मित्र देशों के लगभग 135 कैडेट शिविर में भाग लेंगे। शिविर के दौरान कैडेट सांस्कृतिक और प्रशिक्षण प्रतियोगिताओं जैसी कई गतिविधियों में भाग लेंगे।

बंगलूरू में छात्रावास की छत से गिरे आईआईएम के छात्र की मौत
भारतीय प्रबंधन संस्थान, बंगलूरू (आईआईएम-बी) के एक छात्र की अपने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि सूरत के निलय कैलाशभाई पटेल ने शनिवार को अपने दोस्तों के साथ अपना 29वां जन्मदिन मनाया था। रविवार सुबह गार्ड ने उसे लॉन में पड़ा देखा। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मलयालम अभिनेत्री हनी रोज पर अश्लील टिप्पणी, आरोपी गिरफ्तार
मलयालम अभिनेत्री हनी रोज के सोशल मीडिया पेज पर अश्लील टिप्पणी करने वाले आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इस सिलसिले में कम से कम 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान पनंगडू निवासी 60 वर्षीय शाजी के रूप में हुई है।

दो अधिवक्ता, एक न्यायिक अधिकारी हाईकोर्ट में जज बने
दो अधिवक्ताओं और एक न्यायिक अधिकारी को सोमवार को न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। अधिवक्ता अजय दिगपॉल और हरीश वैद्यनाथन शंकर को दिल्ली हाईकोर्ट एवं न्यायिक अधिकारी आशीष नैथानी को उत्तराखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया पर नियुक्तियों की घोषणा की। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पिछले साल इनके नाम की सिफारिश की थी।

ओडिशा में महंगाई के खिलाफ बीजेडी का प्रदर्शन, पूर्व सीएम नवीन भी हुए शामिल
भुवनेश्वर। ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजेडी) ने दैनिक उपयोग के सामान की कीमतों में वृद्धि का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेडी के अध्यक्ष नवीन पटनायक भी शामिल हुए। उन्होंने सीएम मोहन माझी की सरकार को महंगाई वाली सरकार करार दिया। पटनायक ने राज्य की भाजपा सरकार को लोगों की दुर्दशा के प्रति असंवेदनशील करार दिया और आरोप लगाया कि प्रशासन आवश्यक वस्तुओं की आसमान छूती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार पर जनता के विश्वास को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार लोगों को राहत पहुंचाने की जगह कीमतें और जीएसटी बढ़कर दोतरफा हमला कर रही है।

काजीरंगा में सफारी के दौरान गैंडे के हमले से बाल-बाल बचीं मां-बेटी
काजीरंगा। असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में सफारी के दौरान एक मां-बेटी उस समय बाल-बाल बच गईं, जब वे तेज रफ्तार जीप से अचानक गैंडों के सामने गिर गई। केएनपी के डीएफओ और उप निदेशक अरुण विग्नेश ने सोमवार को बताया कि चालक को निलंबित कर दिया गया है और जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि यह घटना उस समय हुई, जब चालक ने पास में दो गैंडों को देखकर गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और अचानक मोड़ लिया। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि जब वे केएनपी के बागोरी रेंज के अंदर सफारी कर रहे थे, तब लड़की खुले वाहन से गिर गई। इस पर मां, बेटी को उठाने के लिए गाड़ी से बाहर कूद पड़ी।सोशल मीडिया पर इस घटना के वीडियो को जमकर शेयर किया जा रहा है।

बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में तीन की मौत
कर्नाटक के तुमकुरु में मंगलवार सुबह एक बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहम्मद आसिफ (12), मुमताज (38) और शाखिर हुसैन (48) के रूप में हुई है, जो सभी मधुगिरी तालुक के गुड्डेनहल्ली गांव के निवासी थे। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

हाईकोर्ट ने केटीआर के खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द करने से किया इन्कार 
फॉर्मूला ई रेस मामले में तेलंगाना हाईकोर्ट ने बीआरएस नेता केटी रामा राव के खिलाफ एफआईआर रद्द करने से इनकार कर दिया। पहले केटीआर ने फॉर्मूला-ई रेस मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की तरफ से उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की हाईकोर्ट से मांग की थी। उच्च न्यायालय ने केटी रामा राव को गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण भी आदेश सुनाए जाने तक बढ़ा दिया।

विचाराधीन कैदियों को राहत देने के लिए लिखा पत्र
गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को विचाराधीन कैदियों को राहत प्रदान करने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 (बीएनएसएस) की धारा 479 के प्रावधानों को लागू करने के लिए पत्र लिखा है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा गया है कि वे एक जनवरी से निर्धारित प्रारूप में जेलों में बीएनएसएस की धारा 479 के कार्यान्वयन की स्थिति मंत्रालय को प्रदान करें।

सीपीआई कार्यकर्ता की हत्या मामले में नौ आरएसएस कार्यकर्ताओं को आजीवन कारावास 
केरल के थालास्सेरी की एक अदालत ने 19 साल पहले सीपीआई (एम) कार्यकर्ता की हत्या मामले में नौ आरएसएस कार्यकर्ताओं को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। कन्नपुरम चुंडा के 25 वर्षीय सीपीआई (एम) सदस्य रिजिथ शंकरन पर 3 अक्तूबर 2005 को मंदिर के पास कथित तौर पर आरएसएस कार्यकर्ताओं ने हमला किया और मार डाला। हमले में उसके तीन दोस्त घायल हो गए। चार जनवरी को थालास्सेरी में अतिरिक्त जिला सत्र न्यायालय ने आरोपियों को दोषी पाया। इस मामले में कुल 10 आरोपी थे, जिनमें से एक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। दोषियों में सुधाकरन (57), जयेश (41), रंजीत (44), अजीन्द्रन (51), अनिलकुमार (52), राजेश (46), श्रीकांत (47), उनके भाई श्रीजीत (43) और भास्करन (67) को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। 

हैदराबाद में कार में आग लगने से दो जिंदा जले
हैदराबाद के घाटकेसर से बच्चाराम की ओर जा रही कार में आग लगने से कार में सवार दो लोग जिंदा जल गए। पुलिस ने कहा कि घटना सोमवार शाम 5:30 बजे की है। यात्रा के दौरान अचानक कार में आग की लपटें उठने लगीं और अंदर मौजूद दो व्यक्ति आग की चपेट में आ गए। अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने आग बुझाई। मरने वालों में से एक पुरुष था, जबकि दूसरे की पहचान नहीं हो सकी। उसका शरीर पूरी तरह से जल गया। आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।

आंध्र प्रदेश में पटरी से उतरी मालगाड़ी
आंध्र प्रदेश के पलानाडु जिले के दचपेल्ली मंडल में मंगलवार सुबह श्रीनवासपुरम के पास एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई। मालगाड़ी सीमेंट लोड करने के लिए विष्णुपुरम राशि सीमेंट फैक्टरी जा रही थी। इसके चलते यातायात ठप हो गया। इसके बाद गुंटूर और हैदराबाद के बीच चलने वाली ट्रेनों को विजयवाड़ा के रास्ते से चलाया जा रहा है। घटना की सूचना पर रेलवे पुलिस और अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। 

कर्नाटक को नक्सल मुक्त बनाने के प्रयास जारी: परमेश्वर
कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने मंगलवार को कहा कि सक्रिय माओवादियों को आने वाले दिनों में आत्मसमर्पण करने के लिए सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं, क्योंकि सरकार राज्य को 'नक्सल मुक्त' बनाना चाहती है। गृह मंत्री जी. परमेश्वर का यह बयान उन रिपोर्टों के बीच आया है, जिसमें कहा गया है कि कुछ संदिग्ध माओवादियों ने मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताई है।

गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा, 'प्रक्रिया चल रही है, और हमें इसे अंतिम रूप देने की आवश्यकता है। विक्रम गौड़ा घटना के बाद, हमने उनसे (माओवादियों/नक्सलियों) आत्मसमर्पण करने का आह्वान किया। अधिकारी कई स्तरों पर इस दिशा में काम कर रहे हैं, और अब हमें लगता है कि यह एक उन्नत चरण में पहुंच गया है। हम इस दिशा में काम करना जारी रखेंगे, और अगर सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो हम उनका आत्मसमर्पण सुनिश्चित करेंगे'। उन्होंने कहा, 'सरकार में आत्मसमर्पण के लिए कुछ निश्चित प्रक्रियाएं और नियम हैं। 2000-2001 में भी इसी तरह के प्रयास किए गए थे, जब एस एम कृष्णा मुख्यमंत्री थे। इनकी समीक्षा की जाएगी, क्योंकि आत्मसमर्पण करने के इच्छुक लोगों ने भी कुछ अनुरोध किए हैं।'

केरलः मछुआरों ने जाल में फंसी 13 फुट लंबी व्हेल शार्क को बचाया
केरल के तिरुवनंतपुरम जिले में मछुआरों ने 13 फुट लंबी व्हेल शार्क को बचाया, जो उनके जाल में फंस गई थी। मछुआरों ने 30 मिनट के भीतर उसे जाल से निकाला और वापस समुद्र में छोड़ दिया। बचाव अभियान में शामिल एजेंसियों के अनुसार, यह केरल तट से व्हेल शार्क का 32वां बचाव है। यह अभियान सोमवार को सुबह करीब 9 बजे हुआ। इसमें करीब 31 मछुआरे शामिल थे।

गुजरात: हाईकोर्ट ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका का निपटारा किया
गुजरात हाईकोर्ट ने मंगलवार को एक पूर्व सैन्यकर्मी द्वारा दायर याचिका का निपटारा कर दिया, जब उसकी बेटी न्यायाधीशों के समक्ष पेश हुई और उसने कहा कि वह अपने पति के साथ रह रही है और उसे किसी ने बंधक नहीं बनाया है। शेलसिंग राजपुरोहित ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की थी, जिसके तहत अदालत किसी भी अधिकारी से ऐसे व्यक्ति को पेश करने के लिए कह सकती है, जिसे कथित तौर पर हिरासत में लिया गया हो या अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा गया हो।

राजपुरोहित की बेटी सोमवार को न्यायमूर्ति ए वाई कोगजे और समीर दवे के चैंबर में पेश हुई, जिसके बाद मामले को तत्काल आधार पर उठाया गया। उसने कहा कि वह उस व्यक्ति से कानूनी रूप से विवाहित है, जिसके साथ उसके पिता ने उस पर भागने का आरोप लगाया था। अदालत ने मंगलवार को उसे पुलिस सुरक्षा के साथ जहां चाहे जाने की अनुमति दी, क्योंकि उसने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की थी। उसने अपने माता-पिता से मिलने से भी इनकार कर दिया।

याचिकाकर्ता ने दावा किया था कि अहमदाबाद शहर में इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) मंदिर के कुछ पुजारियों ने उनकी बेटी को गुमराह किया है। इसके बाद वह 27 जुलाई, 2024 को उनमें से एक के साथ भाग गई और घर से 23 तोला सोना और 3,62,000 रुपये नकद लेकर चली गई। याचिका में दावा किया गया है कि पुजारियों ने उसे नशीला पदार्थ दिया और वह उत्तर प्रदेश के मथुरा में कहीं उनके अवैध कब्जे में है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed