फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news roundup amarujala 11 april

न्यूज राउंडअप: पानी लेकर गई ट्रेन, यूक्रेन में भारतीय छात्र की हत्या, मेट्रो स्टेशन पर लूट

Mon, 11 Apr 2016 07:05 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली Updated Mon, 11 Apr 2016 07:05 PM IST
विज्ञापन
news roundup amarujala 11 april
ट्रेन में पानी भरते रेल कर्मचारी - फोटो : BBC

महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित मराठवाड़ा के लातूर जिले के लोगों को पीने का पानी पहुंचाने के लिए सांगली जिले के मिराज से पानी भरकर एक ट्रेन रवाना हुई है। इस ट्रेन में कुल पचास टैंकर लगे हुए हैं। इनमें से हर टैंकर में करीब 50 हजार लीटर पानी भरा है।

विज्ञापन


इन टैंकरों में पीने का पानी भरने से पहले उन्हें राजस्थान के कोटा भेजकर उनकी खास तरीके से सफाई की गई। इसी तरह की एक दूसरी ट्रेन 15 अप्रैल को भेजी जा सकती है।
विज्ञापन


पानी को टैंकरों में भरने से पहले उन्हें रेलवे के पानी साफ करने के प्लांट में साफ किया गया। लातूर के लोगों के लिए पीने के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए महाराष्ट्र सरकार रेल मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

यूक्रेन में दो भारतीय छात्रों की हत्या

news roundup amarujala 11 april
प्रणव शांडिल्य - फोटो : ब्यूरो, मेरठ

यूक्रेन में तीन भारतीय छात्रों पर चाकू से हमला किया गया है, जिसमें दो छात्रों की मौत हो गई जबकि तीसरा छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। विदेश मंत्रालय के मुताबिक यूक्रेन के उझगोरोड मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाली तीन भारतीय छात्रों पर 10 अप्रैल को चाकू से हमला किया गया। इस हमले को यूक्रेन के ही तीन छात्रों ने अंजाम दिया था जिसमें दो छात्रों की मौत हो गई और एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

इस हमले में प्रणल शांडिल्य और अंकुर सिंह की मौत हो गई। जबकि इंद्रजीत चौहान नामक छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ है। मंत्रालय ने बताया कि कीव में स्थित भारतीय दूतावास इस मामले में पुलिस, कॉलेज प्रशासन और स्थानीय संपर्क सूत्रों से ज्यादा जानकारियां जुटा रही हैं। इस घटना की जानकारी छात्रों के परिवार को दे दी गई है। इस हादसे पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी दुख व्यक्त किया है।

यूक्रेन में मारे गए मेडिकल के छात्र प्रणव शांडिल्य की पहचान हो गई है। वह शहर कोतवाली के कुन्दनपुरा भारत माता चौक के निकट का रहने वाला है। उसके पिता परमेश कुमार शांडिल्य पत्रकार हैं। शांडिल्य टाइम्स के नाम से इनका साप्ताहिक अखबार निकलता है। इस खबर के बाद घर में सब का रो-रोकर बुरा हाल है।

यूक्रेन हमले में भारतीय दूतावास ने मृतक प्रणव के परिजनों को नहीं दी कोई जानकारी। भारत सरकार के रवैय्ये को लेकर परिजनों में आक्रोश। होनहार छात्र था प्रणव। प्रणव की बहन कामाक्षी भी यूक्रेन से एमडी करके लौटी है। बहन की सहेली ने ही दी घटना की जानकारी। तीन हमलावर पकडे गए हैं, जिनमे एक लड़की भी शामिल है। मामले की तहकीकात चल रही है। घटनास्थल की कुछ फ़ोटो भी उसने भेजी है।

पूर्व सांसद जगमीत बराड़ को कांग्रेस ने निकाला

news roundup amarujala 11 april
पूर्व सांसद जगमीत सिंह बराड़ को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तत्काल प्रभाव से कांग्रेस ने पार्टी से बाहर निकाल दिया - फोटो : Amarujala

पूर्व सांसद जगमीत सिंह बराड़ को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तत्काल प्रभाव से कांग्रेस ने पार्टी से बाहर निकाल दिया है। यह जानकारी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव शकील अहमद ने ट्वीट करके दी, जिसके बाद बराड़ ने ट्वीट कर बताया कि उन्हें इसकी मेल मिल चुकी है।

​गौरतलब है कि बीते दिन कैप्टन अमरिंदर सिंह और पार्टी के खिलाफ हमले बोल रहे जगमीत बराड़ के विरोध में सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता एकजुट हो गए थे। रविवार को पंजाब प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं ने जगमीत को निकालने की मांग की थी। 

उन्होंने दस्तखत करके एक अपील हाईकमान को भेजी थी। इनमें पूर्व सीएम रजिंदर कौर भट्ठल, लाल सिंह, राजा वड़िंग, ब्रह्म मोहिंद्र समेत कई विधायक शामिल थे। उन्होंने कहा कि जगमीत की लगातार अनुशासनहीनता से राज्य में पार्टी के हितों को नुकसान हो रहा है। जितनी जल्दी उन्हें पार्टी से निकाला जाता है, उतना ही बेहतर होगा।

उन्होंने कहा कि खुलेआम पार्टी की मुखालफत करने वाले को कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है। जगमीत का कोई आधार नहीं है, वह सिर्फ विरोधी पार्टियों के हाथों में खेल रहे हैं। पहले भी उन्हें पार्टी में वापस नहीं लिया जाना चाहिए था, क्योंकि जगमीत को भाजपा और आम आदमी पार्टी, दोनों ही खारिज कर चुके थे।

मेट्रो स्टेशन में घुस मेट्रोकर्मी पर हमला कर लूटे 12 लाख

news roundup amarujala 11 april
दिल्ली मेट्रो - फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली

दिल्ली मेट्रो के स्टेशन पर आज एक ऐसी घटना हुई जिसने दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। सोमवार तड़के मेट्रो की सुरक्षा को भेदते हुए एक शख्स ने मेट्रो के एक कर्मी को चाकू घोंप कर उससे 12 लाख रुपए लूट लिए।

यह घटना राजेंद्र प्लेस मेट्रो स्टेशन की है। आज सुबह करीब साढ़े 5 बजे एक अज्ञात शख्स चाकू लेकर मेट्रो परिसर के अंदर स्थित कंट्रोल रूम में घुस गया और कंट्रोलर को चाकू घोंप दिया। पुल‌िस सीसीटीवी से मामले की जांच में जुटी है।

सीआईएसएफ की सुरक्षा तैनात होते हुए भी इस तरह की घटना एक बड़ी चूक की ओर ध्यान आकर्षित करती है। हथियार लेकर मेट्रो परिसर में घूसने की यह पहली घटना नहीं है इससे पहले भी एक शख्स कुछ महीने पहले बंदूक लेकर घुसा था और खुद को गोली मार ली थी। 

हॉस्टल का खाना खाते ही 100 छात्रों की हालत बिगड़ी

news roundup amarujala 11 april
जेएमआईईटीआई कॉलेज के 100 से ज्यादा छात्रों की तबीयत हॉस्टल का खाना खाने से बिगड़ गई - फोटो : Amarujala

यमुनानगर के रादौर में स्थित जेएमआईईटीआई कॉलेज के 100 से ज्यादा छात्रों की तबीयत हॉस्टल का खाना खाने से बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से कुछ छात्रों को सोमवार सुबह छुट्टी दी गई। करीब 50 छात्र अभी तक अस्पताल में दाखिल हैं।

रादौर के तीन अस्पताल बच्चों से भरे हुए हैं। खबर मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने हॉस्टल का ठेका तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। डॉ. सीएस सैनी का कहना है कि छात्रों की तबीयत फूड प्वाइजनिंग के कारण से बिगड़ी। इस वजह से छात्रों को चक्कर आने लगे और दस्त व उल्टी की शिकायत हुई। जल्द ही सभी छात्रों को छुट्टी दे दी जाएगी।

महाराष्ट्र के लिए साईं और केरल के लिए शनि पूजा जिम्मेदार

news roundup amarujala 11 april
शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती - फोटो : pti

द्वारिका-शारदापीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने महाराष्ट्र में आए भीषण सूखे के लिए साईं पूजा को जिम्मेदार बताया है। उनका कहना है कि महाराष्ट्र के लोग साईं बाबा की पूजा करते हैं और यह सूखा उसी की देन है।

एक दिन की यात्रा पर हरिद्वार पहुंचे शंकराचार्य ने कहा, 'साईं एक फकीर थे और एक भगवान के तौर पर उनकी पूजा करना पूरी तरह से अशुभ है।' उन्होंने कहा सूखे जैसी आपदा का प्रभाव वहीं पर ज्यादा है जहां के लोग अयोग्य लोगों की पूजा करते हैं। ऐसे जगहों पर ही सूखे, प्राकृतिक आपदाओं और लोगों की मौत होती है। महाराष्ट्र भी उनमें से एक है।

ऐसा पहली बार नहीं है जब शंकराचार्य ने साईं को लेकर ऐसे विवादित बयान दिए हों। वह पहले भी साईं पूजा को मान्यता देने का विरोध करते रहे हैं। साल 2014 में उन्होंने साईं पूजा का विरोध करने के लिए एक धर्म संसद का भी आयोजन किया था जहां सर्वसम्मति के साईं पूजा का बहिष्कार करने का ऐलान किया गया था।

शंकराचार्य ने अपने अनुयायियों से अपने-अपने घरों से साईं की तस्वीरें और मूर्तियां हटाने की बात कही। उन्होंने कहा कि साईं की मूर्तियों को हिंदुओं के धार्मिक स्थलों से हटा देना चाहिए। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक शंकराचार्य ने शनि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को भी वर्जित बताते हुए कहा कि महिलाओं को शनि की पूजा नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं को प्रवेश की अनुमति देना पूरी तरह से वर्जित है। ये अनुमति उनके लिए दुर्भाग्य का कारण बन सकती है।

उन्होंने बताया कि शनि एक पापग्रह है। ऐसे पाप ग्रहों की पूजा की वजह से महिलाओं के प्रति अपराध तेजी से बढ़ेगा। इसलिए महिलाओं को शनि की पूजा करने से बचना चाहिए।

लखनऊ पहुंचकर बोले केशव मौर्य, बीजेपी को म‌िलेंगी 265 से ज्यादा सीटें

news roundup amarujala 11 april
केशव प्रसाद मौर्या - फोटो : amar ujala bureau

बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य सोमवार को लखनऊ पहुंचे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष के स्वागत में बीजेपी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ स्टेशन पर जुटी। यहां पहुंचकर उन्होंने कार्यकर्ताओं को धन्यवाद द‌िया और कहा, यूपी में बीजेपी सरकार बनेगी और बीजेपी को 265 से ज्यादा सीटें म‌िलेंगी। 

मौर्य दोपहर में दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस से लखनऊ पहुंचे। पार्टी कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए ढोल नगाड़े लेकर स्टेशन पर जुट गए। उनके स्वागत में पूर्व बीजेपी अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी स्टेशन पहुंचे। 

केशव मौर्य के राजधानी आगमन पर एक ओर भाजपा‌इयों में उत्साह है वहीं दूसरी और कांग्रेसियों ने उनका विरोध किया। कांग्रेस का कहना है केशव कट्टरपंथ का चेहरा हैं। बीजेपी उत्तर प्रदेश को बांटना चाहती है।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनोज मिश्र ने बताया है कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का दिल्ली से लखनऊ के रास्ते के बीच  गाजियाबाद, अलीगढ, टूण्डला, इटावा और कानपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं की तरफ से स्वागत क‌िया गया।

बता दें क‌ि कौशांबी के छोटे से कस्बे सिराथू में पिता के साथ कभी चाय बेचने वाले केशव करीब डेढ़ दशक तक विहिप से जुड़े रहे। गो रक्षा सहित कई आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले मौर्य को हिंदूवादी नेता के तौर पर भी देखा जाता है। केशव ने सोमवार को द‌िल्ली से लखनऊ आकर औपचार‌िक रूप से अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला।

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष केशव पर हत्या लूट व धोखाधड़ी, धार्मिक विद्वेष फैलाने, सरकारी काम में बाधा डालने समेत 11 मामलों में केस दर्ज हैं। 2011 में इलाहाबाद में मोहम्मद गौस की हत्या मामले में जेल भी जा चुके हैं।

रेवाड़ीः गौ-तस्करों और पुलिस में मुठभेड़, जवान को कुचला

news roundup amarujala 11 april
बंदूक

हरियाणा के रेवाड़ी में गौ तस्करों ने नाके पर तैनात पुलिस जवान को कुचल दिया और फरार हो गए। घटना देर रात की है। बुरी तरह से घायल जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक जवान का नाम राज सिंह बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस जवान राज सिंह पायलट चौक पर नाके पर तैनात था। गौ-तस्करों से भरी एक पिकअप गाड़ी नाके से गुजरी। वहां तैनात पुलिस जवान राज सिंह ने गाड़ी को रोकना चाहा तो वे उसे रौंदते हुए निकल गए।

नाके पर तैनात अन्य पुलिस जवानों से उनका पीछा गया, लेकिन वे फरार हो गए। हादसे की सूचना तुरंत आला अधिकारियों को दी गई। मृतक जवान के शव को कब्जे में लिया गया है और मामला दर्ज करके जांच शुरू हो गई है। आरोपी तस्करों की तलाश में छापेमारी जारी है।

थाने का घेराव कर रही भीड़ पर गिरा बिजली का तार, 11 मरे

news roundup amarujala 11 april
बिजली - फोटो : अमर उजाला

असम में बिजली का हाईवोल्टेल तार गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 घायल हो गए। पुलिस ने थाने का घेराव कर रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायर‌िंग की थी, हालांकि उस फायरिंग में चली एक गोली से तार टूट गया और भीड़ पर गिर पड़ा। 

पुलिस ने बताया कि सोमवार को ऊपरी असम के तिनसुकिया जिले के पनगिरी में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी इकट्ठा थे। उन्होंने छुरे और लाठियां ले रखी थी और पनगिरी पुलिस ‌थाने पर पथराव भी किया। उन्होंने थाने का घेराव करने का प्रयास भी किया। पुलिस का कहना ‌है कि वे प्रदर्शनकारी हत्या के एक मामले में तीन दिन पहले पकड़े गए आरोपियों को खुद को सौंपने की मांग कर रहे थे। उन्होंने पत्‍थर फेंका और थाने की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। 

पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हवा में गोलियां चलाई, लेकिन एक गोली पास से ही गुजर रहे हाईवोल्टेज तार से टकरा गई, और वह टूटकर भीड़ पर गिर पड़ा। भीड़ में शामिल 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक की मौत तिनसुकिया सिविल अस्पताल में हुई, जबकि एक अन्य की मौत डिब्रुगढ़ जिले के असम मेडिकल कॉलेज ले जाते हुए रास्ते में मौत हो गई। 

तीन दिन पहले पनगिरी एरिया में एक आदमी, उसके बेटे और बहू का अपहरण कर लिय गया था। बेटा अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूट गया, जबकि बाकी दो को उन्होंने मार डाला। पुलिस ने अपहरण के आरोप में पांच लोगों को ‌गिरफ्तार किया था। भीड़ उन आरोपियों को खुद को सौंपने की मांग कर रही थी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed