फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News and Updates north east west south northeast India and national news in Hindi

Updates: कोलकाता के 31 वर्षीय देबनाथ ब्रिटिश क्विज के अंतिम चरण में; बंगाल में बनेगा DRDO का प्रशिक्षण केंद्र

Thu, 04 Apr 2024 11:16 PM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: जलज मिश्रा Updated Thu, 04 Apr 2024 11:16 PM IST
सार

आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव के एस जवाहर रेड्डी ने बुधवार को बताया कि अधिकारियों ने राज्य में एक जनवरी से अब तक 258 करोड़ रुपये नकद, शराब और नशीले पदार्थ जब्त किये हैं। 

विज्ञापन
News and Updates north east west south northeast India and national news in Hindi
National News - फोटो : Social Media

विस्तार

आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव के एस जवाहर रेड्डी ने बुधवार को बताया कि अधिकारियों ने राज्य में एक जनवरी से अब तक 258 करोड़ रुपये नकद, शराब और नशीले पदार्थ जब्त किये हैं। बता दें, 13 मई को विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ होंगे। रेड्डी ने एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार को बरामदगी के बारे में जानकारी दी। मुख्य सचिव ने कहा कि 1 जनवरी से आज तक 258 करोड़ रुपये नकद, शराब, ड्रग्स और अन्य प्रलोभन जब्त किए हैं। आंध्र प्रदेश की सीमा पांच राज्यों से लगती है और राज्य की सीमाओं पर 150 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं।

विज्ञापन

 

31 मार्च से अब तक 2.52 किलो सोना जब्त
सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुंबई सीमा शुल्क ने 31 मार्च के बाद से अब तक पांच अलग-अलग मामलों में 2.52 किलो से अधिक सोना जब्त किया है। जब्त सोने की कुल कीमत 1.46 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों ने कहा कि कुछ लोगों ने सोने को कपड़ों में तो कुछ ने शरीर में छिपा रखा था।

विज्ञापन
विज्ञापन

मंगलुरु में करीब दो करोड़ रुपये कीमत की नब्बे हजार लीटर शराब जब्त
लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से दक्षिण कन्नड़ संसदीय क्षेत्र में अब तक एक करोड़, 95 लाख रुपये मूल्य की 90,443 लीटर शराब एवं 8,69,950 रुपये के मादक द्रव्य बरामद किये गये हैं। विज्ञप्ति के मुताबिक, वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से बुधवार तक अधिकारियों ने 90,443 लीटर शराब जब्त की है जिसकी कीमत 1,95,47,179 रुपये है जबकि बुधवार तक इस लोकसभा क्षेत्र में 8,69,950 रुपये कीमत के विभिन्न मादक द्रव्य भी बरामद किये गये हैं। विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस दौरान आबकारी विभाग के नियमों के उल्लंघन और अन्य अपराधों सहित कुल 278 प्राथमिकियां दर्ज की गयी हैं।

विज्ञापन

ईवीएम के बारे में फर्जी सूचना देने पर यूट्यूबर गिरफ्तार
केरल में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बारे में भ्रामक सूचना देने के आरोप में पुलिस ने एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि वेनिस टीवी एंटरटेनमेंट नामक चैनल पर मतपत्र के माध्यम से लोगों से मतदान के लिए अभियान चलाने का आग्रह किया जा रहा था। इस संबंध में अलाप्पुझा दक्षिण थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा, आरोपी ने यह कृत्य समाज में दरार और तनाव पैदा करने के इरादे से किया था। मामले की जांच चल रही है।

हत्या के मामले में 35 साल से फरार आरोपी पालघर से गिरफ्तार
हत्या के मामले में 35 साल से फरार आरोपी को महाराष्ट्र के पालघर से गिरफ्तार किया गया है। मानिकपुर पुलिस थाना के वरिष्ठ निरीक्षक राजू माने ने बताया कि 30 नवंबर 1988 को सलीम अकबर अली की वसई के नवघर में कुछ लोगों ने हत्या कर दी थी। इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। लेकिन लोबो बहरीन भाग गया था और तीन साल पहले भारत लौटा। पुलिस एक अन्य आरोपी बेलूर को पकड़ने का अब भी प्रयास कर रही है।

मुख्य न्यायाधीश  के सामने चाकू से गला रेतकर आत्महत्या की कोशिश
कर्नाटक हाईकोर्ट परिसर में बुधवार को एक व्यक्ति ने मुख्य न्यायाधीश निलय विपिनचंद्र अंजारिया के सामने चाकू से गला रेतकर आत्महत्या की कोशिश की। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत श्रीनिवास को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्रीनिवास मैसूर का रहने वाला है। उसने कोर्ट के हॉल वन के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा कर्मचारियों को एक फाइल सौंपी और गला रेत लिया। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस अभी मामले की जांच में जुटी है।

बीएसएफ की गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत
त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले के अंतर्गत एनसी नगर सीमा चौकी (बीओपी) क्षेत्र में बीएसएफ की गोलीबारी में शहीद मियां नामक एक व्यक्ति की मौत हो गई।
 
सिपाहीजाला के एसपी ने बताया कि बीएसएफ जवान संदिग्ध तस्करों पर गोलीबारी कर रहे थे। इस बीच मियां को गोली लग गई। इससे उनकी मौत हो गई। वहीं मुठभेड़ में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है। 
 

असम के सांसद की अंतरिम राहत रद्द
गौहाटी हाईकोर्ट ने लोकसभा सांसद नबा सरनिया को उनके आदिवासी दर्जे (एसटी-पी) को चुनौती वाले मामले में अंतरिम राहत वाले एकल पीठ के आदेश को रद्द कर दिया। सरनिया पिछले दो कार्यकाल से एसटी (पी) समुदाय के लिए आरक्षित कोकराझार लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। चीफ जस्टिस विजय बिश्नोई व जस्टिस सुमन श्याम की पीठ ने बुधवार के आदेश में यह भी निर्देश दिया कि मामले में तात्कालिकता के कारण एकल पीठ के समक्ष सरनिया की ओर से दाखिल रिट याचिका को अंतिम निपटान के लिए शुक्रवार को सूचीबद्ध किया जाए। यह आदेश असम सरकार और चार अन्य की ओर से सरनिया और प्रतिवादी के रूप में तीन अन्य के खिलाफ दायर मामले में पारित किया गया था।

अरुणाचल प्रदेश में चलती गाड़ी पर गिरा बोल्डर, महिला की मौत
अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले में बृहस्पतिवार को एक चलती गाड़ी पर बोल्डर गिरने से उसमें सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को मामूली चोट आई हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूर्वी सियांग जिले के पासीघाट से आ रही गाड़ी पंगिन जा रही थी। सुबह गालिंग और केबांग गांवों के बीच चट्टान खिसक गई और एक बोल्डर ने उस गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में शांति गाओ की मौत हो गई।

रिश्वत मामले में औषधि नियंत्रक कार्यालय के तीन अधिकारी गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने महाराष्ट्र के पनवेल स्थित सहायक दवा नियंत्रक कार्यालय के तीन अधिकारियों को रिश्वत के एक मामले में गिरफ्तार किया है। एक बयान में सीबीआई प्रवक्ता ने बताया, जांच एजेंसी को केंद्रीय औषधि गुणवत्ता नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के पनवेल स्थित कार्यालय में भारी भ्रष्टाचार की शिकायत मिली थी। इसके आधार पर सीबीआई व निगरानी विभाग के अधिकारियों ने 2 अप्रैल को वहां छापा मारा और इस दौरान पाया गया कि कई निजी व्यक्ति संदिग्ध अधिकारियों के नाम पर रिश्वत की वसूली कर रहे थे। यह वसूली ग्राहकों को अनापत्ति प्रमाणपत्र दिलवाने के नाम पर की जा रही थी। छापे के दौरान करीब 1.52 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए। यह रकम सरकारी कर्मचारियों और वहां मौजूद निजी लोगों के पास से मिली जिसकी मौजूदगी के बारे में वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। जांच के दौरान मिली सबूतों के आधार पर सीबीआई ने सहायक औषधि नियंत्रक अरविंद आर हिवाले, औषधि निरीक्षक देवेंद्र नाथ और एक जूनियर कर्मचारी नागेश्वर एन सबानी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा तीन निजी व्यक्तियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है जिनमें से एक उसी कार्यालय में अनुबंध पर कार्य करता है। गिरफ्तार सरकारी कर्मियों के घरों की तलाशी के दौरान एजेंसी को 45.70 लाख रुपये नकद व 27.80 लाख रुपये के गहने मिले हैं। कई दस्तावेज भी जब्त किए गए।

लद्दाख में भारतीय वायुसेना के अपाचे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग 
भारतीय वायु सेना (IAF) के एक अपाचे हेलीकॉप्टर ने लद्दाख में एक परिचालन उड़ान के दौरान इमरजैंसी  लैंडिंग की। बताया जा रहा है कि उबड़-खाबड़ इलाके के कारण अपाचे हेलीकॉप्टर को नुकसान पहुंचा है। भारतीय वायुसेना ने बताया कि यह घटना बुधवार को हुई और विमान में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं। सैन्य अधिकारियों ने कहा कि यह भारतीय वायुसेना में अपाचे हेलिकॉप्टर से जुड़ी पहली ऐसी घटना थी। घटना की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं।
 

तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा, एक बच्ची और दो महिलाओं की मौत, 13 लोग घायल
तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में एक बच्ची और दो महिलाओं की मौत हो गई। हादसे में 13 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि यह घटना सूर्यापेट जिले के बाहरी इलाके में हुई जब शाम करीब 4.30 बजे एक कार ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। इसके बाद ऑटो रिक्शा सड़क पर खड़ी लॉरी से जा टकराया। हादसे में 17 महीने की एक बच्ची और दो महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में ऑटो चालक समेत तीन की हालत गंभीर बतायी जा रही है। पुलिस आगे की जांच कर रही है

ब्राजील पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने सीबीआई मुख्यालय का दौरा किया
ब्राजील की संघीय पुलिस के अंतर्राष्ट्रीय सहयोग निदेशक वाल्डेसी उरकिज़ा और सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद के बीच दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में दोनों पक्षों द्वारा सहयोग को गहरा करने और सहयोगी पहल बढ़ाने पर सहमति प्रदान की गई। दिल्ली में दोनों पक्षों ने आपराधिक गतिविधियों की एक विस्तृत श्रृंखला को संबोधित करने पर दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। बता दें कि इंटरपोल के महासचिव पद के लिए चार उम्मीदवारों में से एक उरकिज़ा भी हैं। नए इंटरपोल महासचिव की घोषणा नवंबर में 92वीं महासभा के दौरान की जाएगी। महासचिव पद की दौड़ में वाल्डेसी उरकिज़ा के अलावा यूके से स्टीफन कवानाघ, जाम्बिया से मुबिता नवा और पाकिस्तान से फैसल शाहकर भी दावेदार हैं।

गुजरात नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में होगा एचएलआरसी का गठन
गांधीनगर स्थित गुजरात नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (जीएनएलयू) ने गुरुवार को उच्च न्यायालय को बताया कि पिछले पांच वर्षों में संस्थान के प्रदर्शन का आंकलन करने के लिए सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश इंदु मल्होत्रा की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा समिति (एचएलआरसी ) का गठन किया जाएगा। विश्वविद्यालय में एक समलैंगिक छात्र के उत्पीड़न और एक महिला छात्रा से बलात्कार के आरोपों के बाद विश्वविद्यालय का यह बयान सामने आया है। बता दें कि मुख्य न्यायाधीश सुनीता अग्रवाल और न्यायमूर्ति अनिरुद्ध पी माई की खंडपीठ द्वारा इस मुद्दे पर स्वत: संज्ञान लेकर जनहित याचिका पर सुनवाई की जा रही है। सुनवाई के दौरान जीएनएलयू की ओर से पेश महाधिवक्ता कमल त्रिवेदी ने पीठ को सूचित किया कि विश्वविद्यालय की गवर्निंग काउंसिल ने 23 मार्च को बैठक की और एचएलआरसी के गठन का संकल्प लिया है।

झारखंड से कोलकाता जा रही बस से 1.09 करोड़ की नकदी जब्त
 झारखंड के गिरिडीह जिले में कोलकाता जाने वाली एक बस से कुल 1.09 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई और तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। तीनों गया के रहने वाले हैं। उनसे नकदी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस को एक बस में कुछ लोगों के साथ भारी रकम ले जाने की सूचना मिली थी। बस बिहार के गया से कोलकाता जा रही थी। पुलिस टीम ने बगोदर थाना क्षेत्र के औरा गांव के पास बस को रोका। वाहन चेकिंग के दौरान दो लोगों के पास से 67 लाख रुपये और एक अन्य व्यक्ति के पास से 42.5 लाख रुपये नकद जब्त किये गये। तीनों के पास से कुल 1.09 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए। आयकर विभाग को जब्ती के बारे में सूचित कर दिया गया है।

बंगाल में परीक्षण केंद्र स्थापित कर रहा है डीआरडीओ 
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने हथियार प्रणालियों के लिए एक छोटा परीक्षण केंद्र बनाने के लिए पश्चिम बंगाल के जुनपुट गांव में काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। ओडिशा के चांदीपुर की तरह जुनपुट भी इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (आईटीआर) के लिए जाना जाता है। यह बंगाल की खाड़ी के पास स्थित है। डीआरडीओ अधिकारी ने कहा, चूंकि हथियार प्रणालियों का समय पर परीक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए चांदीपुर से लगभग 70 किलोमीटर दूर दीघा के पास जुनपुट में एक अतिरिक्त ऑपरेशन क्षेत्र के लिए योजना लागू की जा रही है। जुनपुट कोलकाता से 177 किमी और लोकप्रिय समुद्री रिसॉर्ट शहर दीघा से 40 किमी दूर है। परीक्षण स्थल को पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से भी मंजूरी मिल गई।
 

भाजपा ने कांग्रेस नेता डीक्रूज के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

केंद्रीय मंत्री और तिरुवनंतपुरम से भाजपा प्रत्याशी राजीव चंद्रशेखर ने उनके चुनाव अभियान को बदनाम करने के इरादे से एक तस्वीर से छेड़छाड़ करने के लिए कांग्रेस नेता जे मोसेस जोसेफ डीक्रूज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। डीक्रूज पर चंद्रशेखर के साथ केंद्रीय मंत्री कुमारी प्रतिमा भौमिक की एक पुरानी तस्वीर से छेड़छाड़ कर गलत सूचना फैलाने और आपराधिक साजिशों में शामिल होने का आरोप है।

भाजपा ने एक बयान में कहा, यह तस्वीर पिछले साल चार अगस्त की है और इसे फेसबुक और वाट्सएप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर प्रसारित किया गया था। शिकायत में कहा गया है कि आईपीसी की धारा 120बी, 463, 464, 465, 469, 471, 499 और 500 के साथ आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए। 

व्हाट्सएप पर ईवीएम के बारे में दी भ्रामक सूचना, अफसर निलंबित

महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में व्हाट्सएप स्टेटस लगाकर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बारे में भ्रामक सूचना देने पर वन विभाग के एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि पंढरकावड़ा में तैनात शिवशंकर मोरे के खिलाफ यह कार्रवाई ईवीएम की प्रभावशीलता पर सवालिया निशान उठाने पर की गई। चंद्रपुर कलेक्टर और जिला रिटर्निंग अधिकारी विनय गौड़ा ने कहा कि मोरे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

अरुणाचल प्रदेश में चलती गाड़ी पर गिरा बोल्डर, महिला की मौत

अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले में बृहस्पतिवार को एक चलती गाड़ी पर बोल्डर गिरने से उसमें सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को मामूली चोट आई हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूर्वी सियांग जिले के पासीघाट से आ रही गाड़ी पंगिन जा रही थी। सुबह गालिंग और केबांग गांवों के बीच चट्टान खिसक गई और एक बोल्डर ने उस गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में शांति गाओ की मौत हो गई।

ब्रिटेन : क्विज में कोलकाता के देबनाथ की टीम को जगह

कम्प्यूटेशनल विज्ञान में स्नातक कोलकाता के सौरजीत देबनाथ (31) ने ब्रिटेन में टीवी के सबसे कठिन क्विज टूर्नामेंट के अंतिम चरण में जगह बनाई है। अब वह इंपीरियल कॉलेज लंदन की चार सदस्यीय टीम में शामिल होंगे। बीबीसी के यूनिवर्सिटी चैलेंज ग्रैंड फाइनल में यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के साथ उनकी टीम का आमना- सामना होगा। कार्यक्रम का प्रसारण सोमवार को किया जाएगा। देबनाथ ने यूसीएल में पृथ्वी विज्ञान और इंजीनियरिंग विभाग में एप्लाइड कम्प्यूटेशनल साइंस और इंजीनियरिंग में मास्टर की डिग्री ली है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed