न्यूज अपडेट्स: अरुणाचल में नए DGP नियुक्त, एक का दिल्ली तबादला, असम पुलिस की फायरिंग में घायल हत्यारोपी की मौत
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी राजेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश का पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) ने इस संबंध में एक आदेश जारी किया है।आदेश 3 नवंबर को जारी किया गया था। इसमें 1995-बैच के दो एजीएमयूटी कैडर आईपीएस अधिकारियों की तैनाती को मंजूरी दी गई है। यह तैनाती तत्काल प्रभाव से अगले आदेशों तक लागू रहेगी। राजेश कुमार केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौट रहे हैं। उन्हें अरुणाचल प्रदेश के डीजीपी पद पर तैनात किया गया है। वर्तमान डीजीपी शिव दर्शन सिंह जामवाल का तबादला दिल्ली कर दिया गया है।
शिवसागर में पुलिस फायरिंग में घायल हत्यारोपी की मौत
असम के शिवसागर में घनकांत गोगोई की मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) पापोरी चेतिया ने बताया कि पुलिस, शिवसागर थाने में वॉन्टेड आरोपी घनकांत गोगोई को ले जा रही थी। बीच रास्ते में उसने शौच जाने की बात कही।पुलिस की मौजूदगी में उसे गाड़ी से बाहर निकाला गया। घनकांत एक ट्रेंड प्रोफेशनल शूटर है, और उसने हमारे ऑफिसर सह जांच अधिकारी की सर्विस पिस्टल छीनने की कोशिश की। हाथापाई के दौरान, तीन राउंड गोलियां चलीं। हमला रोकने के लिए, एक PSO को अपनी सर्विस वेपन से जवाबी फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें आरोपी घनकांत भी घायल हुआ। जब उसे हॉस्पिटल लाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएसपी पापोरी के मुताबिक घनकांत, गुवाहाटी में पांच लोगों की गोली मारकर हत्या करने का आरोपी है।
मणिपुर के सभी 16 जिलों में शांति समितियां गठित
पूर्वोत्तर के सुलगते राज्य मणिपुर में अमन-चैन बहाल करने के लिए प्रशासनिक मोर्चे पर बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था की नाजुक स्थिति को दुरुस्त करने और समुदायों के बीच आपसी भरोसा कायम करने के लिए सभी 16 जिलों में जिला स्तरीय शांति समितियों का गठन कर दिया है। गृह विभाग के इस आदेश के तहत, हर 11 सदस्यीय समिति की बागडोर संबंधित जिले के जिला मजिस्ट्रेट के पास होगी, जिसमें पुलिस अधीक्षक, एसडियो, एसडीसी और तमाम अहम विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी शामिल होंगे। इन कमेटियों में सिर्फ अफसरशाही ही नहीं, बल्कि विभिन्न समुदायों के प्रमुख, नागरिक समाज संगठन, एनजीओ, स्थानीय पत्रकार और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों को भी जगह दी गई है ताकि हर वर्ग की आवाज सुनी जा सके। यह समितियां समुदायों के बीच चल रही तनातनी को कम करने, किसी भी अफवाह या तनाव के शुरुआती संकेतों को भांपकर तुरंत जिला प्रशासन को अलर्ट करने और लोगों की सुरक्षित आवाजाही व ठप पड़ी जरूरी सेवाओं को दोबारा पटरी पर लाने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर काम करेंगी। आदेश के साफ निर्देश हैं कि ये समितियां हर पखवाड़े या हालात की नजाकत को देखते हुए उससे भी ज्यादा बार बैठकें करेंगी ताकि जनता और सरकार के बीच की दूरियों को कम कर राज्य को स्थायी शांति की पटरी पर लाया जा सके।
साइबर सुरक्षा के लिए सीईआरटी-इन को मिली एंथ्रोपिक के मायथोस एआई मॉडल तक पहुंच
देश की साइबर सुरक्षा एजेंसी सीईआरटी-इन को एंथ्रोपिक के उन्नत एआई मॉडल मायथोस तक पहुंच मिल गई है। आईटी मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी इसकी क्षमताओं का इस्तेमाल और परीक्षण शुरू करेगी, लेकिन पूरी प्रक्रिया धीरे-धीरे और सावधानी से आगे बढ़ेगी। पहले यह समझा जाएगा कि मॉडल का साइबर कमजोरियों की पहचान और उभरते खतरों से निपटने में किस तरह उपयोग किया जा सकता है। सूत्रों ने कहा कि ध्यान रखना होगा कि इलाज समस्या से ज्यादा गंभीर न हो जाए। मायथोस तक पहुंच फिलहाल चुनिंदा भरोसेमंद संगठनों को ही दी गई है, क्योंकि इसके साइबर सुरक्षा संबंधी कौशल का दुरुपयोग कर उन्नत साइबर हमले किए जाने की आशंका है। इस बीच, मंत्रालय ने दूरसंचार क्षेत्र में एआई के जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए ट्राई के अलग दिशा-निर्देश बनाने के कदम का समर्थन किया है। सूत्रों के मुताबिक, अलग-अलग क्षेत्रों में एआई से जुड़े जोखिम अलग हैं, इसलिए क्षेत्रवार नियम जरूरी हैं। मंत्रालय भी एआई सुरक्षा, डीपफेक और मानव-केंद्रित दृष्टिकोण पर परामर्श पत्र लाने की तैयारी में है।
हॉस्टल की पानी की टंकी में मिला मृत बंदर, 52 इंजीनियरिंग छात्र बीमार
गुवाहाटी स्थित असम इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल नंबर 7 में पानी की टंकी से मृत बंदर मिलने और उसके पानी का सेवन करने से 50 से अधिक छात्र बीमार पड़ गए। दुर्गा पूजा की छुट्टियों के बाद लौटने पर छात्रों ने पानी से दुर्गंध आने की शिकायत की थी। सरकारी आयुर्वेदिक कॉलेज और अस्पताल के प्राचार्य प्रणबज्योति बैश्य ने बताया कि पेट दर्द, उल्टी और बुखार की शिकायत के साथ 52 छात्रों को लाया गया था। सभी का इलाज किया गया और फिलहाल सभी छात्र पूरी तरह से स्वस्थ हैं तथा उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। छात्रों का आरोप है कि टंकी की समय पर सफाई न होने के कारण सड़ा हुआ शव लगभग एक हफ्ते तक पानी में पड़ा रहा, जिससे यह गंभीर स्थिति पैदा हुई। कॉलेज की प्राचार्या अमृता गांगुली ने बताया कि प्रशासन ने पानी की टंकियों की सफाई करवा दी है और वन विभाग को परिसर में बढ़ रहे बंदरों के आतंक से निपटने के लिए हस्तक्षेप की मांग की है।
438 करोड़ मेफेड्रोन जब्ती : गुजरात एटीएस ने ड्रग तस्कर सलीम डोला को किया गिरफ्तार
गुजरात पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने 2022 में वडोदरा की फैक्ट्री से 438.64 करोड़ रुपये मूल्य के मेफेड्रोन ड्रग्स की जब्ती के सिलसिले में अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर सलीम इस्माइल डोला को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। डोला को इस साल की शुरुआत में तुर्किये से भारत लाया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, दाऊद इब्राहिम के करीबी माने जाने वाले डोला पर भारत में नशीले पदार्थों की तस्करी के कई मामले दर्ज हैं और वह एक तरराष्ट्रीय सिंडिकेट चला रहा था। जांच में सामने आया कि डोला ड्रग्स बनाने के लिए रसायन मुहैया कराता था और तैयार माल की खरीद-फरोख्त में शामिल था। गुजरात एटीएस ने अब उसे औपचारिक रूप से अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जेलों के भीतर जातिगत भेदभाव के मामले में 23 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की ओर से अभी तक गृह मंत्रालय द्वारा मांगी गई जानकारी नहीं देने पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनमोहन की पीठ ने इन राज्यों को अंतिम मौका देते हुए चेतावनी दी कि अगर अगली सुनवाई तक जवाब नहीं आया तो मुख्य सचिवों या प्रधान सचिवों को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होना पड़ेगा। इससे पहले सुकन्या शांता बनाम भारत संघ मामले में कोर्ट ने जेलों में जातिगत भेदभाव खत्म करने के निर्देश दिए थे।
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में मेट्रो की रेलिंग, टिकट मशीनों और काउंटरों के 41 नमूनों में से 80 फीसदी से अधिक में एंटीबायोटिक प्रतिरोध से जुड़े जीन के संकेत मिले। आईआईटी मद्रास के अध्ययन में 12 स्टेशनों व ट्रेनों के नमूनों की जांच की गई। शोध में 30 सूक्ष्मजीव प्रजातियों व प्रतिरोध से जुड़े 72 जीन परिवार मिले। इनमें सार्वजनिक स्थानों पर इस्तेमाल होने वाली सतहों से लिए गए नमूने भी शामिल थे। हालांकि, इससे बैक्टीरिया के जीवित होने या संक्रमण फैलने का प्रमाण नहीं मिलता। शोधकर्ताओं ने नियमित निगरानी पर जोर दिया है।
42 किलोमीटर की दौड़ पूरी की, फिनिश लाइन पार की और मेडल भी हासिल किया। लेकिन जीत की यह खुशी कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गई। हैदराबाद में 36 वर्षीय आईबीएम सॉफ्टवेयर इंजीनियर कोम्मिनेनी गोपी मैराथन पूरी करने के बाद नाश्ते के लिए जा रहे थे, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुबह करीब 8:45 बजे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है।
मणिपुर में दो नागा उग्रवादी गुटों के बीच मुठभेड़, चार की मौत
मणिपुर के नोनी जिले में बुधवार को दो प्रतिद्वंद्वी नागा उग्रवादी गुटों के बीच हुई गोलीबारी में चार उग्रवादी मारे गए, जबकि एक घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, खौपुम इलाके के ताओदाइजांग गांव में जीलियांग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट-जेनचुई (जेडयूएफ-जे) और जीलियांग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट-कैमसन (जेडयूएफ-के) के संदिग्ध सदस्यों के बीच कई घंटे तक गोलीबारी हुई। मृतकों में जेडयूएफ-जे के तीन और जेडयूएफ-के का एक सदस्य शामिल है। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों गुटों से गोलीबारी रोकने की अपील की।
कबाड़ बेचकर सरकार ने कमाए 965 करोड़ रुपये, सफाई अभियान में 6.27 करोड़ वर्गफुट जगह खाली
केंद्र सरकार के विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान कबाड़ और अनुपयोगी सामान बेचकर 965 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई हुई है। प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग के मुताबिक, दो से 31 अक्तूबर तक चले अभियान में 6,276.8 लाख वर्गफुट जगह खाली कराई गई। अभियान के छठे चरण में अकेले कचरे के निपटारे से 265.23 करोड़ रुपये मिले। इस दौरान करीब 19.85 लाख सफाई स्थल कवर किए गए। पिछले अभियान में 833.92 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी।
राजस्थान क्रिकेट संघ चुनाव का फैसला हाईकोर्ट करेगा, सुप्रीम कोर्ट ने दखल से किया इनकार
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को स्पष्ट किया कि राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के चुनाव और नतीजों से जुड़ी याचिकाओं पर राजस्थान हाईकोर्ट ही फैसला करेगा। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की पीठ ने कहा कि वह हाईकोर्ट को फैसला लेने में निर्देश नहीं दे सकती। 29 सितंबर को हुए चुनाव के नतीजे घोषित करने की मांग की गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर किसी पक्ष को हाईकोर्ट के फैसले से परेशानी होती है, तो वह शीर्ष अदालत आ सकता है। लोकपाल की भूमिका तभी आएगी, जब हाईकोर्ट चुनाव को अवैध ठहराएगा।
असम में वित्तीय धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश, 300 म्यूल खातों के जरिए करोड़ों का लेनदेन
असम पुलिस की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने म्यूल बैंक खातों के जरिए चल रहे वित्तीय धोखाधड़ी नेटवर्क का खुलासा करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के मुताबिक, इस गिरोह के पाकिस्तानी खुफिया गतिविधियों से संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है। करीब 300 संदिग्ध बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं। पुलिस ने मोबाइल फोन, लैपटॉप, एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक बरामद किए हैं। गिरोह पिछले दो साल से देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय था। मामले में आगे की जांच और छापेमारी जारी है।
बंगाल में कानून-व्यवस्था सुधरी, भाजपा सरकार ने बहाल किया लोकतंत्र: समीक भट्टाचार्य
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य ने बुधवार को दावा किया कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद कानून-व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है। नदिया जिले के कृष्णानगर में आयोजित रैली में उन्होंने कहा कि राज्य कथित अराजकता, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं के दौर से बाहर निकल रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों पर सरकार को बदनाम करने के लिए बेबुनियाद आरोप लगाने का आरोप लगाया। भट्टाचार्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
तेलंगाना में पब के पास 3.323 किलो गांजा जब्त, तीन गिरफ्तार; 70.39 लाख की संपत्ति भी जब्त
तेलंगाना के मेडचल-मलकाजगिरी जिले में आबकारी विभाग की टीम ने एक पब के पास छापा मारकर 3.323 किलो गांजा जब्त किया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के मुताबिक, गांजा बिक्री की सूचना पर गुंडला पोचमपल्ली इलाके में कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख मुख्तार, मोहम्मद गौसुद्दीन और शुभम के रूप में हुई है। वहीं, वारंगल में गांजा तस्करी नेटवर्क से कथित रूप से जुड़ी करीब 70.39 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। इस मामले में पहले 147.3 किलो गांजा बरामद हुआ था।
अरुणाचल प्रदेश में बंद शांतिपूर्ण तरीके से खत्म, सरकार से बातचीत के बाद समिति ने वापस लिया आंदोलन
अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर कैपिटल रीजन में बुधवार को सुबह से शाम तक चला बंद शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया। पब्लिक राइट्स एक्शन कमेटी ने सियांग नदी पर प्रस्तावित जलविद्युत परियोजना के विरोध में प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार लोगों की रिहाई समेत कई मांगों को लेकर बंद बुलाया था। पुलिस के मुताबिक, कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। सरकार ने सियांग इंडिजिनस फार्मर्स फोरम को बातचीत के लिए बुलाया है। समिति ने बंद वापस लिया, लेकिन स्पष्ट किया कि उसकी मांगें और आंदोलन जारी रहेंगे।
ओडिशा में चक्रवात और बाढ़ प्रभावित परिवारों को 107.7 करोड़ रुपये की मदद मंजूर
ओडिशा सरकार ने चक्रवात अर्नब और उसके बाद आई बाढ़ से प्रभावित गंजाम और कोरापुट जिलों के परिवारों के लिए 107.7 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। प्रत्येक पात्र परिवार को 2,500 रुपये नकद और 50 किलो चावल दिए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक, गंजाम के 4,29,782 और कोरापुट के 1,051 परिवारों को सहायता मिलेगी। गंजाम में बाढ़ से 498 स्कूलों को नुकसान पहुंचा है। सफाई और मरम्मत के लिए जिले के सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र सात नवंबर तक बंद रहेंगे।
भुवनेश्वर के पार्क के पास झाड़ियों में मिला सड़ा-गला शव, सबूत मिटाने के लिए जलाने का शक
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में बुधवार को केलु चरण पार्क के पास झाड़ियों में एक सड़ा-गला शव मिला। राहगीरों ने झाड़ियों में मानव पैर देखकर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शरीर के हिस्से बरामद किए। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि शव कई दिन पुराना है और पहचान मिटाने के लिए उसे जलाने की कोशिश की गई हो सकती है। पास में मिली हाफ पैंट से मृतक के पुरुष होने का संदेह है। हालांकि, पहचान और उम्र की पुष्टि जांच के बाद होगी।
