न्यूज डायरी: कर्नाटक के सीएम बोले- 12 विधायकों की दो शादियां; एमपी के दिव्यांग रामबरन ने फतह किया इंग्लिश चैनल
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने दावा किया है कि राज्य के एक दर्जन विधायकों ने दो शादियां की हैं। उन्होंने कहा कि वह नाम भी गिना सकते हैं। व्यक्तिगत टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि, डीके ने यह बात बंगलूरू के विकास का उल्लेख करते हुए कही। शिवकुमार ने कहा, बंगलूरु का आकर्षण ऐसा है कि जो भी यहां आता है, वह कभी वापस नहीं जाता। इस पर बीजेपी विधायक एस. सुरेश कुमार ने कड़ा विरोध जताते हुए सीएम से विधायकों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की।
मध्य प्रदेश के दिव्यांग रामबरन ने फतह किया इंग्लिश चैनल
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग तैराक रामबरन पाल ने इंग्लिश चैनल पार कर इतिहास रच दिया। उन्होंने इंग्लैंड के डोवर से फ्रांस तक 42 किलोमीटर से अधिक का समुद्री सफर 21 घंटे 20 मिनट में पूरा किया। रामबरन की हिम्मत के आगे न तो शारीरिक अक्षमता आड़े आई न ही समुद्र के 15 डिग्री से कम तापमान वाला ठंडा पानी। रामबरन ने इंग्लिश चैनल को पार करने का अभियान 24 सितंबर को सुबह 8 बजकर 58 मिनट पर इंग्लैंड के डोवर तट से शुरू किया। 25 सितंबर की सुबह 6 बजकर 18 मिनट पर फ्रांस के तट पर पहुंचे और तिरंगा लहरा दिया।
मणिपुर में उग्रवादियों ने दो नगा नागरिकों की गोली मारकर की हत्या, दो घायल
मणिपुर के सेनापति जिले में शनिवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने दो नगा नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी और दो अन्य को घायल कर दिया। यह वारदात शनिवार दोपहर करीब 3 बजे नगा बहुल जिले के कालेन्जांग गांव में हुई। मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने हमले को कायरतापूर्ण कृत्य बताया। अधिकारियों ने बताया कि उग्रवादियों के हमले में रॉकी माओ और कुमार पोमाई मारे गए जबकि अदानी मानियो, आशीहो सानी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सेनापति जिले के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जबकि मृतकों के शवों को सेनापति जिला अस्पताल ले जाया गया। ये हत्याएं यूनाइटेड नगा काउंसिल की ओर से राज्य में नेशनल हाईवे पर चार महीने से चल रही आर्थिक नाकेबंदी को रोकने के फैसले की घोषणा से ठीक एक घंटे पहले हुईं।
दो दिन पहले भी चार लोगों की हत्या कर दी गई थी
24 सितंबर की रात अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कामजोंग जिले के पिलोंग गांव में म्यांमार के संदिग्ध उग्रवादियों ने चार तंगखुल नगा नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सितंबर में तामेंगलोंग, कांगपोकपी, नोनी और कामजोंग जिलों में संदिग्ध उग्रवादियों के अलग-अलग हमलों में कम से कम 13 लोग मारे गए हैं।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कहा कि मानसिक क्रूरता दर्शाने वाली व्हाट्सएप चैट को सिर्फ भारतीय साक्ष्य अधिनियम की औपचारिकताओं का पालन नहीं होने के आधार पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अदालत ने कहा कि पारिवारिक विवादों की सुनवाई में फैमिली कोर्ट को प्रासंगिक सामग्री पर विचार करने की व्यापक शक्ति प्राप्त है। हाईकोर्ट ने इस आधार पर एक महिला को तलाक की मंजूरी दी। मामला अर्चना सिंह और आनंद कुमार गुप्ता का है, जिनका विवाह 5 दिसंबर 2021 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। पत्नी ने पति पर दुर्व्यवहार, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और दहेज की मांग करने समेत कई आरोप लगाए थे। उसने यह भी कहा था कि पति ने उसे और उसकी बहनों को आपत्तिजनक व्हाट्सएप संदेश भेजे।