फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 25th July NEET NTA CJP Dipke protest Wangchuk North East West South India Politics Crime news

Updates: आईएएस अनिल कुमार बने स्कूली शिक्षा सचिव; अन्ना हजारे बोले- हिंसा नहीं, संवाद से निकलता है हल

Sat, 25 Jul 2026 11:03 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 25 Jul 2026 11:03 PM IST
विज्ञापन
National Updates 25th July NEET NTA CJP Dipke protest Wangchuk North East West South India Politics Crime news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

कर्नाटक कैडर के 1995 बैच के आईएएस अधिकारी टीके अनिल कुमार ने शिक्षा मंत्रालय अंतर्गत स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव का पदभार संभाल लिया है। वह इससे पहले ग्रामीण विकास मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के रूप में सेवाएं दे रहे थे। शिक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अनिल अपने साथ लंबा प्रशासनिक अनुभव लेकर आए हैं। इससे पहले नीट यूजी पेपर लीक विवाद के बीच शुक्रवार को नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया। उन्होंने विनीत जोशी का स्थान लिया है। जोशी का तबादला पंचायती राज विभाग में सचिव पद पर किया गया है।

विज्ञापन


हिंसा नहीं, संवाद से निकलता है हल: अन्ना हजारे
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल शांतिपूर्ण आंदोलन और लोकतांत्रिक संवाद से ही हो सकता है। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद सीजेपी की ओर से आंदोलन समाप्त किए जाने पर अन्ना ने कहा, हिंसा कभी समाधान नहीं होती। मैंने 22 बार अनशन किया, लेकिन कभी हिंसा का रास्ता नहीं अपनाया। उसी का नतीजा था कि 10 कानून बने। सरकारों को जनता की आवाज सुननी चाहिए और हमेशा जनहित को प्राथमिकता देनी चाहिए। बातचीत से ही रास्ता निकलता है, जबकि तनाव और हिंसा से कोई समस्या हल नहीं होती।
विज्ञापन


सभी युवाओं को कभी कॉकरोच नहीं कहा: सीजेई सूर्यकांत
भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने अपनी कॉकरोच वाली टिप्पणी पर फिर सफाई दी है। सीजेआई ने कहा कि उन्होंने युवाओं को कभी कॉकरोच नहीं कहा। मीडिया में उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया। सीजेआई ने शुक्रवार को यहां एक कार्यक्रम में इस बारे में पूछे गए सवाल पर यह सफाई दी। उन्होंने कहा, मेरी टिप्पणी उन वकीलों के बारे में थी, जो फर्जी डिग्री के आधार पर पिछले दरवाजे से वकालत के पेशे में आए हैं। चर्चा इस बात पर हो रही थी कि फर्जी लॉ डिग्री के मामले को कैसे खत्म किया जाए, सिस्टम को कैसे साफ किया जाए। उसी संदर्भ में मैंने यह बात कही थी। उन्होंने कहा कि जब भी वह कभी बाहर जाते हैं या यात्रा करते हैं तो युवा उनसे मिलते आते हैं। उन्हें देश के युवाओं से ताकत मिलती है। अगर देश के युवाओं की कोई शिकायत है जिसका वे न्यायिक मंच के जरिये समाधान चाहते हैं तो सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले हैं। बता दें कि 15 मई को सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान कॉकरोच वाली टिप्पणी की थी। इसके बाद ही अभिजीत दिपके ने कॉकरोच जनता पार्टी बनाई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


आंध्र प्रदेश में एसआईआर: 15 लाख से अधिक मृत और 14 लाख से ज्यादा स्थानांतरित मतदाता मिले
आंध्र प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अब तक 15.2 लाख मृत मतदाताओं की पहचान की गई है। 14.4 लाख मतदाता स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके हैं। 7.3 लाख मतदाता ऐसे हैं, जो दो जगहों पर दर्ज हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विवेक यादव ने शनिवार को बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के घर-घर जाकर किए गए सर्वे के बाद कुल 4.16 करोड़ मतदाताओं में से 3.7 करोड़ (89%) के गणना फॉर्म (ईएफ) प्राप्त हो चुके हैं। जनता 31 जुलाई से 30 अगस्त तक ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, हटाने या सुधार के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकती है।

पीयूष गोयल के डीपफेक वीडियो मामले में एफआईआर, सोशल मीडिया लिंक हटाए गए
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के डीपफेक वीडियो से जुड़े सोशल मीडिया के कई लिंक हटा दिए गए हैं। सरकारी सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। इससे पहले, गोयल ने आरोप लगाया कि संसद परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत के उनके वीडियो के साथ दुर्भावनापूर्ण तरीके से छेड़छाड़ कर उसे भ्रामक रूप दिया गया है। इस मामले में उन्होंने एफआईआर भी दर्ज कराई है।
सोशल मीडिया पर आए कथित डीपफेक वीडियो में गोयल को नीट के मुद्दे पर देशभर में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ धमकी भरी टिप्पणी करते दिखाया गया। गोयल ने शनिवार सुबह एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, जनता को गुमराह करने के लिए कृत्रिम मेधा का गैर-जिम्मेदाराना इस्तेमाल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और न ही किया जाएगा।

पुरी में रथ खींचते समय दम घुटा, श्रद्धालु की मौत
ओडिशा के पुरी में शुक्रवार को भगवान की वापसी की रथयात्रा के दौरान देवी सुभद्रा का रथ खींचते समय दम घुटने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई। मृतक की पहचान कटक के रहने वाले अभिराम दास (57) के रूप में हुई है। रथयात्रा के दौरान अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बगला धर्मशाला के पास रथ खींचते समय वह अचानक गिर पड़े और उन्हें तुरंत पुरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। स्वास्थ्य सेवा निदेशक महेश मोहन पांडा ने बताया कि मृतक को उच्च रक्तचाप की बीमारी थी और उनका इलाज चल रहा था। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में लगभग 100 लोगों को लाया गया था। उन्होंने घबराहट और बेचैनी की शिकायत की थी और उनमें से अधिकांश को प्राथमिक उपचार व कुछ देर आराम के बाद छुट्टी दे दी गई।

नशे में धुत कांस्टेबल ने अस्पताल में की तोड़फोड़, नर्स से विवाद
तमिलनाडु के कोडाइकनाल में 23 जुलाई की देर रात एक ऑफ-ड्यूटी पुलिस कांस्टेबल ने नर्स से विवाद के बाद सरकारी अस्पताल में तोड़फोड़ की। नशे में धुत कांस्टेबल थंगापांडी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा। ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने कथित तौर पर उसे इलाज देने से मना किया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। नाराज कांस्टेबल ने अस्पताल परिसर में मेज, वाटर डिस्पेंसर, मरीज के रिकॉर्ड और एक दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए। अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उसे शांत किया और वहां से ले गए। तोड़फोड़ का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिससे मरीजों और जनता में डर फैल गया है। स्थानीय लोगों ने नर्सों के अभद्र व्यवहार और कांस्टेबल की हिंसा पर सख्त कार्रवाई की अपील की है।

बिहार में हिंसा भड़काने के आरोप में विधायक संदीप सौरभ गिरफ्तार
नीट पेपर लीक पर हिंसक प्रदर्शनों के बाद शुक्रवार को भाकपा (माले) लिबरेशन विधायक संदीप सौरभ गिरफ्तार हुए। उन पर हिंसा भड़काने का आरोप है। सौरभ ने बुधवार को आइसा के विरोध प्रदर्शनों में भाग लिया था। प्रदर्शन हिंसक हुए, भाजपा नेताओं पर हमला और वाहन क्षतिग्रस्त हुए। पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने पीटीआई को बताया कि सौरभ न्यायिक हिरासत में हैं। बिहार विधानसभा में राजग विधायकों ने भी सौरभ पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया। पटना के बाद गुरुवार को कई अन्य जिलों में भी प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, बैरिकेड तोड़े और सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ की। ये प्रदर्शन पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर थे। गुरुवार को 114 से अधिक प्रदर्शनकारी पकड़े गए, जबकि शुक्रवार को 32 गिरफ्तारियां हुईं।

नीट अभ्यर्थी की उत्तर पुस्तिका पर एनटीए से कोर्ट ने मांगा जवाब
कलकत्ता हाई कोर्ट ने 2026 की नीट (यूजी) परीक्षा की एक अभ्यर्थी की उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन में कथित गड़बड़ी के मामले में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को 28 जुलाई तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। एमबीबीएस में प्रवेश की इच्छुक अभ्यर्थी सृजा महंती ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर अपनी ओएमआर उत्तर पुस्तिका के पुनर्मूल्यांकन की मांग की है। न्यायमूर्ति अमृता सिन्हा ने गुरुवार को सुनवाई के दौरान एनटीए को अभ्यर्थी के आरोपों पर जवाब देने का आदेश दिया। महंती का दावा है कि एनटीए द्वारा जारी अंतिम उत्तर कुंजी से अपनी ओएमआर शीट का मिलान करने पर उन्हें अपेक्षा से काफी कम अंक दिए गए हैं और उनकी उत्तर पुस्तिका का सही मूल्यांकन नहीं हुआ। उन्होंने अदालत से यह भी अनुरोध किया है कि पुनर्मूल्यांकन के बाद संशोधित अंक, रैंक और मेरिट के आधार पर उन्हें मेडिकल स्नातक पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति दी जाए।

रूस के दावे को भारत ने किया खारिज
यूक्रेन के ओडेसा तट के पास रूसी हमले में चार भारतीयों समेत 10 लोगों की मौत के बाद भारत ने रूस के उस दावे को खारिज कर दिया कि हमला किए गए जहाज में सैन्य सामान था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा कि भारत के समुद्री प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले व्यापारी जहाज एमवी गोल्डन लियो में 19 जुलाई को रवाना होने से पहले अनाज लादा गया था।

व्यापारी जहाजों को निशाना न बनाने की अपील
जायसवाल ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में व्यापारी जहाजों और नाविकों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मनीला में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात के दौरान भी भारत का यही रुख दोहराया। इससे पहले भारत ने चार भारतीय नाविकों की मौत पर रूसी प्रभारी राजदूत व्लादिमीर लदानोव को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया था। यह रूस-यूक्रेन युद्ध में भारतीय नाविकों की मौत का पहला मामला है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed