Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   PM Modi Gujarat BJP Workers Diwali Meet Poverty Claim 50 Crore People

'50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए': पीएम मोदी बोले- कुछ लोगों को सच मानने में हिचक; कार्यकर्ताओं से कही ये बात

Sun, 22 Nov 2026 08:24 PM IST
राकेश कुमार पीटीआई, अहमदाबाद।
पीटीआई, अहमदाबाद। Published by: राकेश कुमार Updated Sun, 22 Nov 2026 08:24 PM IST
सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दिवाली स्नेह मिलन कार्यक्रम में संवाद किया। उन्होंने दावा किया कि देश में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं, लेकिन कुछ लोग इस उपलब्धि को स्वीकार करने में हिचक रहे हैं। पीएम मोदी ने गुजरात के विकास के 25 साल के सफर, भूकंप के बाद पुनर्निर्माण और भाजपा कार्यकर्ताओं के योगदान को याद किया। उन्होंने भरोसा जताया कि गुजरात आने वाले 20 वर्षों में पिछले 25 साल से भी ज्यादा प्रगति करेगा।
 

विज्ञापन
PM Modi Gujarat BJP Workers Diwali Meet Poverty Claim 50 Crore People
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया है कि देश में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं, लेकिन कुछ लोग इस उपलब्धि को स्वीकार करने में अब भी हिचक रहे हैं। उन्होंने रविवार को गुजरात में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दिवाली के बाद आयोजित स्नेह मिलन कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही। उनका इशारा विपक्ष की ओर था। पीएम मोदी ने कहा कि गरीबी कम करने की यह उपलब्धि उनकी सरकार की नीतियों और प्रयासों का परिणाम है।
विज्ञापन


विश्व बैंक की रिपोर्ट का दिया हवाला
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विश्व बैंक की रिपोर्ट का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में जिन लोगों ने अपना जीवन समर्पित किया और जेलों में अपनी जवानी बिताई, उनकी आत्मा भी आज यह रिपोर्ट देखकर सबसे ज्यादा खुश होगी कि आखिरकार उनके देश से गरीबी दूर हो रही है।
विज्ञापन


विश्व बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में अत्यधिक गरीबी की दर 2011 में 27.1 प्रतिशत थी, जो 2023 में घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई। इस दौरान अनुमानित 49.6 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए। मोदी ने इसे 50 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने की उपलब्धि बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन


बोले- कुछ लोगों को यह उपलब्धि स्वीकार करने में हिचक
पीएम मोदी ने कहा कि हजार साल की गुलामी ने देश को आर्थिक रूप से कमजोर कर दिया था। ऐसे में 50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जीवन में इससे बड़ा संतोष और कोई नहीं हो सकता।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें पता है कि कुछ लोगों को इस उपलब्धि को खुले तौर पर स्वीकार करने में अब भी हिचक होती है। इसकी वजह यह है कि यह सब मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुआ है। उन्हें यह पसंद हो या न हो, लेकिन सरकार को इस बात का संतोष है कि उसकी मेहनत रंग लाई है।



पीएम बोले- हमारी नीयत, नीति और दिशा सही थी
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की नीयत सही थी, नीति सही थी और दिशा भी सही थी। मेहनत में कोई कमी नहीं छोड़ी गई। उन्होंने इस उपलब्धि को देश के नागरिकों के जीवन में नए अध्याय की शुरुआत बताया। पीएम  मोदी ने कहा कि आने वाली पीढ़ियां देश का स्वर्णिम काल देखेंगी।

गुजरात में 182 विधानसभा क्षेत्रों में हुआ कार्यक्रम
भाजपा ने गुजरात की सभी 182 विधानसभा सीटों पर दिवाली के बाद स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया था। प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये इन कार्यक्रमों में शामिल कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने घाटलोडिया विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।



गुजरात में मुख्यमंत्री बनने के 25 साल पूरे होने का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि इस साल की दिवाली उनके लिए खास रही, क्योंकि अक्तूबर 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री बनने के 25 साल पूरे हुए। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और मेहनत से ही उन्हें गुजरात और देश की सेवा करने का अवसर मिला।

भूकंप पीड़ित परिवारों के साथ मनाई थी पहली दिवाली
प्रधानमंत्री ने वर्ष 2001 में गुजरात में आए विनाशकारी भूकंप को याद किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी पहली दिवाली भूकंप से प्रभावित परिवारों के बीच बीती थी। उस समय उन्होंने और मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने दिवाली नहीं मनाने का फैसला किया था। वे कच्छ, जामनगर और अन्य प्रभावित इलाकों के गांवों में गए और उन परिवारों से मिले, जिन्होंने भूकंप में अपने परिजनों को खोया था।

पीएम मोदी ने कहा कि उस दिन उनका विश्वास और मजबूत हुआ कि त्योहारों की असली खुशी दूसरों के जीवन में उम्मीद का दीप जलाने में है। उन्होंने कहा कि गुजरात में लोगों की भागीदारी और सामूहिक प्रयासों ने भूकंप की तबाही से उबरने में बड़ी भूमिका निभाई। इसी के दम पर कच्छ उम्मीदों का नया केंद्र बना और पुनर्निर्माण का काम पूरे राज्य में आगे बढ़ा।

व्यापार से सेमीकंडक्टर और ग्रीन एनर्जी तक पहुंचा गुजरात
पीएम मोदी ने गुजरात के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय राज्य की पहचान मुख्य रूप से व्यापार से थी। लेकिन अब गुजरात ने खेती, डेयरी, उद्योग, सेमीकंडक्टर, पेट्रोकेमिकल, ऑटोमोबाइल और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है।उन्होंने कहा कि गुजरात की आर्थिक प्रगति ने देश के विकास में बड़ा योगदान दिया है। मुख्यमंत्री रहते हुए उनका नारा था कि गुजरात का विकास ही देश का विकास है। आज राज्य की प्रगति इस सोच को आगे बढ़ा रही है।

अकाल के दिनों में गरीबों के लिए घर-घर जुटाते थे सुखड़ी: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने वर्ष 2001 के आसपास गुजरात के मुश्किल दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि उस समय राज्य में सूखा, पलायन और पशुओं के लिए चारे की कमी जैसी समस्याएं थीं। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सुखड़ी इकट्ठा करते थे और इसे गरीब परिवारों तक पहुंचाते थे, ताकि उन्हें जरूरी पोषण मिल सके। पशुओं के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से चारा मंगाया जाता था और उनके लिए शिविर लगाए जाते थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनभागीदारी के कारण गुजरात इन मुश्किल हालात से बाहर निकल सका। उन्होंने पानी बचाने और चेकडैम बनाने के अभियानों का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, ये अभियान धीरे-धीरे जनआंदोलन बन गए और इससे राज्य में पानी की स्थिति बदलने में मदद मिली।


दलितों, आदिवासियों और महिलाओं तक पहुंचाईं योजनाएं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने इन सवालों के बावजूद एक के बाद एक योजनाएं बनाईं और उन्हें जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि बैंक खाते न होने वालों में दलित, आदिवासी, वंचित और गरीब परिवारों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं।

उन्होंने बताया कि इन परिवारों को बैंक खाते, गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं दी गईं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास था कि हर योजना का लाभ कतार में खड़े आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय का वास्तविक उदाहरण बताया।

अगले 20 साल में गुजरात और आगे बढ़ेगा: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से दल से ऊपर देश के हित को रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुजरात में सामाजिक एकता और सद्भाव का जो माहौल बना है, वह राज्य के साथ पूरे देश की प्रगति में मदद करेगा। पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि गुजरात आने वाले 20 वर्षों में पिछले 25 साल की तुलना में कहीं अधिक प्रगति करेगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल एक नारा नहीं है, बल्कि इसके लिए चरणबद्ध योजना और रोडमैप तैयार किया गया है। विकसित भारत के निर्माण में गुजरात को बड़ी भूमिका निभानी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed