मेरे भगवा वस्त्रों के कारण है गलतफहमी: योगी आदित्यनाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एजेंसी / नई दिल्ली। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भगवा वस्त्रों के कारण उनके बारे में ‘गलतफहमी’ पैदा की गई है। योगी ने दावा किया कि वह यूपी में खुशहाली और समृद्धि लाकर समाज के ‘सभी तबकों’ का दिल जीतेंगे। उन्होंने कहा, ‘जो लोग सेक्युलरिज्म के नाम पर भारत की परंपराओं और संस्कृति का अपमान और तुष्टिकरण करते रहे हैं, मेरे सत्ता संभालने के बाद उन्हें डर का अहसास होने लगा है।’ सीएम योगी ने ये बातें संघ के मुखपत्र ‘आर्गेनाइजर’ को दिए एक साक्षात्कार में कही हैं।
उन्होंने कहा, मेरे बारे में कई गलतफहमियां पैदा की गई हैं। कई लोगों का कहना है कि भगवा धारी हूं, तो देश में कई लोग ऐसे भी हैं जो भगवा के खिलाफ हैं।’ कट्टर हिंदूवादी छवि वाले योगी ने कहा, हम अपने काम करने के तरीकों से समाज के सभी तबकों का दिल जीतेंगे। हम खुशहाली और समृद्धि के नए मुहावरे गढ़ेंगे। ‘सत्ता हमारे लिए मौज-मस्ती नहीं है। हम राजनीति में किसी प्रतिष्ठित पद या हैसियत के लिए नहीं आए हैं।’
अपनी सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा उनकी सरकार का मुख्य धर्म होगा। यह मानवता का केंद्र बिंदु है। यूपी में हम भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देंगे और समाज को गुंडाराज से मुक्त करेंगे।’ उन्होंने कहा कि लोगों को अगले दो माह में बदलाव नजर आने लगेगा।
बातचीत से निकले अयोध्या विवाद का हल
योगी ने राम मंदिर विवाद के हल के लिए अपनी सरकार की ओर से मदद की पेशकश की। कहा कि दोनों पक्षों को इस विवाद को सुलझाने के लिए संवाद स्थापित करना चाहिए। सीएम का पद संभालने से पहले वह अयोध्या में राम मंदिर बनाए जाने के मुखर समर्थक रहे हैं।
उन्होंने इस मसले पर सुप्रीम कोर्ट की हाल की टिप्पणी का समर्थन किया। शीर्ष अदालत ने इस मुद्दे का हल अदालत के बाहर निकालने की बात कही थी। योगी ने कहा, ‘सरकार इसमें पक्षकार नहीं है। इसलिए दोनों पक्षों को बातचीत के जरिए इस मुद्दे का हल खोजना चाहिए। अगर इसमें राज्य सरकार की ओर से किसी मदद की दरकार होगी तो वह उपलब्ध कराई जाएगी।’
लोगों की सेहत से खिलवाड़ की अनुमति नहीं
अवैध बूचड़खानों से जुड़े एक सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि ये कार्रवाई अवैध बूचड़खानों के खिलाफ है। वैध तरीके से काम कर रहे लोगों को परेशान नहीं किया जाएगा। हालांकि उन्होंने कहा कि राज्य में किसी को भी लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अपनी सरकार की कार्रवाई का बचाव करते हुए योगी ने कहा कि बूचड़खानों पर एक्शन नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की 2015 और सुप्रीम कोर्ट की 2017 की टिप्पणियों के आलोक में लिया जा रहा है। आदित्यनाथ ने कहा कि शाकाहारी भोजन स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है। लेकिन लोगों का अपना स्वाद है जिस पर कोई रोक नहीं लगाई जा सकती।