ममता के मंत्री ने दी धमकी, कहा- सीएए वापस नहीं लिया तो शाह को कोलकाता में घुसने नहीं देंगे
ममता सरकार में मंत्री और पश्चिम बंगाल में जमीयत-उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष सिद्दीक उल्ला चौधरी ने नागरिकता कानून (सीएए) के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह को धमकी दी है। सिद्दिक उल्ला चौधरी ने रविवार को धमकी देते हुए कहा कि अगर नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को तुरंत वापस नहीं लिया गया तो वह अमित शाह को कोलकाता एयरपोर्ट से बाहर नहीं निकलने देंगे। जब भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यहां के दौरे पर आयेंगे, हम उन्हें रोकने के लिए एक लाख लोग एयरपोर्ट के बाहर इकट्ठा कर देंगे।
मंत्री के इस बयान पर भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, चौधरी पहले भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मौन समर्थन से इस तरह का भड़काऊ बयान दे चुके हैं। घोष ने कहा, राज्य का कोई मंत्री कैसे इस तरह धमकी दे सकता है। अगर गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शहर में आने से रोका गया, तो उनका हाल सोचिये जो तृणमूल कांग्रेस इत्तेफाक नहीं रखते। उनका क्या होता होगा। आग से खेलना बंद की कीजिए।
सीएए के विरोध में जमीयत-उलेमा-ए-हिंद की रैली में उन्होंने कहा, अगर जरूरत पड़ी तो हमलोग शाह को शहर के हवाई अड्डे के बाहर कदम नहीं रखने देंगे। उन्हें रोकने के लिए हम एक लाख लोगों को वहां जमा कर सकते हैं। राज्य के पुस्तकालय सेवा मंत्री ने दावा किया कि संगठन का प्रदर्शन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण होगा। चौधरी ने कहा कि यह विवादित कानून मानवता और देश में बरसों से रह रहे नागरिकों के खिलाफ है।
56 इंच के सीने ने देश को निराश किया
उन्होंने कहा, हमलोग हिंसक प्रदर्शनों में यकीन नहीं करते लेकिन निश्चित रूप से हमलोग सीएए और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) का जी जान से विरोध करेंगे। चौधरी ने रानी रासमोनी एवेन्यू में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 56 इंच के सीने ने देश के लोगों को निराश किया है क्योंकि वह नफरत और विभाजन की राजनीति कर रहे हैं।