{"_id":"5c16d82abdec2257093c9045","slug":"meghalaya-government-annoyed-with-decision-of-compensation-of-punjab-government","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंजाब सरकार के मुआवजे के फैसले से मेघालय सरकार नाराज","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
पंजाब सरकार के मुआवजे के फैसले से मेघालय सरकार नाराज
Mon, 17 Dec 2018 04:26 AM IST
आसिम खान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिलांग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिलांग
Published by: आसिम खान
Updated Mon, 17 Dec 2018 04:26 AM IST
विज्ञापन
मेघालय सरकार ने इस साल जून में हुए दंगों से प्रभावित स्थानीय सिख परिवारों को मुआवजा देने के पंजाब सरकार के फैसले पर नाराजगी जताई है। मेघालय के शहरी विकास मंत्री हेमेल्टसन दोहलिंग ने पंजाब सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार का अनुरोध किया है। उन्होंने रविवार को यहां पत्रकारों से कहा कि इस फैसले से आपस की खाई बढ़ेगी। राज्य सरकार बातचीत के जरिये मुद्दे को हल करने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
हम पंजाब सरकार के फैसले से खुश नहीं हैं और उससे आग में घी नहीं डालने का अनुरोध करते हैं। पंजाब सरकार का फैसला भ्रामक है। इस मुद्दे पर मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा जल्द ही पंजाब के मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे। बता दें कि पंजाब सरकार ने इस हफ्ते दंगा प्रभावित सिख परिवारों के लिए 60 लाख रुपये के मुआवजे को हरी झंडी दी थी।
विज्ञापन
इसमें से 50 लाख रुपये खालसा मिडिल स्कूल के पुनर्निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। इस इमारत को सरकार ने असुरक्षित घोषित कर दिया है। बाकी 10 लाख की रकम उन सिख परिवारों में बांटी जाएगी जिनकी दुकानों और ट्रकों को दंगों में नुकसान पहुंचा था।
विज्ञापन
उल्लेखनीय है कि शिलांग के पंजाबी लेन इलाके में एक बस ड्राइवर और उसके सहयोगियों पर हमले के बाद शहर में दंगे भड़क उठे थे। सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों ने आग में घी डालने का काम किया था। इसके बाद पूरे इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थीं और एक महीने से ज्यादा समय तक कर्फ्यू लागू रहा था।