मी टू कैंपेन : कांग्रेस और सपा ने एमजे अकबर का मांगा इस्तीफा, केंद्र सरकार मौन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मी टू अभियान बॉलीवुड के बाद अब मीडिया के दिग्गजों को भी अपना शिकार बना रहा है। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर पर यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने उनका इस्तीफा मांगा है। दोनों दलों ने इस मामले की जांच की मांग की है।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि यह गंभीर मामला है। वहीं भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस विषय पर पूछे गए सवालों का जवाब देने से ही इंकार कर दिया। फिलहाल पूरे प्रकरण पर केंद्र सरकार ने चुप्पी साध ली है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी इस विषय पर किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले में कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। वहीं केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने आरोपी को अपना पक्ष रखने और पूरे मामले की जांच की पैरवी की मांग की है।
महिला प्रेस क्लब भी कैंपेन में हिस्सा ले रही महिलाओं के समर्थन में खुलकर सामने आ गया है। मंगलवार को भी कैंपेन में दो पत्रकारों समेत छह विज्ञापन कंपनियों के अधिकारियों पर मी टू कैंपेन का शिकंजा कसा। इससे पहले एक अंग्रेजी अखबार के राजनैतिक संपादक प्रशांत झा का नाम भी सामने आया था। आरोप के बाद पत्रकार ने इस्तीफा दे दिया था।
इससे पहले एक महिला पत्रकार ने ट्वीट करके आरोप लगाया था कि एमजे अकबर होटल में बुलाकर आपत्तिजनक हरकतें और बातें करते थे। उसका आरोप है कि अकबर जब संपादक थे, तो होटल में साक्षात्कार के दौरान कई महिला पत्रकारों से आपत्तिजनक हरकतें कर चुके हैं।
देश की संस्कृति के खिलाफ है मी टू : उदित राज
भाजपा सांसद उदित राज ने मी टू अभियान को देश की संस्कृति के खिलाफ और गलत परंपरा की शुरुआत बताया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर दस-दस साल बाद आरोप मढ़ने का औचित्य क्या है। इस दौरान सांसद ने यह भी कहा कि कुछ महिलाएं यौन शोषण के आरोपों के बहाने ब्लैकमेल के जरिए धन उगाही कर रही हैं। उदित राज का यह बयान ऐसे समय आया है जब बीते सोमवार को ही केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने इस अभियान का समर्थन किया था।
फिल्म फेस्टिवल से हटेगी एआईबी की फिल्म
‘हैशटैग मीटू’ के जोर पकड़ने के बाद मुंबई अकेडमी ऑफ मूविंग इमेज (मामी) ने घोषणा अपने फिल्म फेस्टिवल से एआईबी की फिल्म चिंटू का बर्थडे और रजत कपूर की फिल्म कड़क को हटाने की घोषणा की है। मामी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर शेयर एक बयान में कहा गया है, ‘हम एक अकेडमी (मामी) के तौर पर हैशटैग मी टू अभियान का पुरजोर समर्थन करते हैं।’
इससे पहले मलयाली अभिनेता से राजनेता बने मुकेश पर महिला कास्टिंग डायरेक्टर ने साल 1999 में एक टेलीविजन शो की शूटिंग के दौरान यौन दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। वहीं यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद निर्देशक विकास बहल को कबीर खान की फिल्म 83 से हटा दिया गया है।
मीटू के समर्थन में ऐश्वर्या
बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय ने मी टू अभियान का समर्थन किया है। 44 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि भारत में इस मुद्दे पर महिलाएं अपनी बात रख रही हैं। उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न का अनुभव साझा करने वाली महिलाओं को अधिक समर्थन और मजबूती दिए जाने की जरूरत है।