{"_id":"662626098d105dde1f033dd9","slug":"manoj-tiwari-exclusive-interview-bjp-delhi-lok-sabha-election-2024-news-and-updates-2024-04-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"LS Polls 2024: मनोज तिवारी बोले- दिल्ली की सातों सीटों पर फिर खिलेगा कमल, अपने कर्मों की सजा भुगतेंगे केजरीवाल","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
LS Polls 2024: मनोज तिवारी बोले- दिल्ली की सातों सीटों पर फिर खिलेगा कमल, अपने कर्मों की सजा भुगतेंगे केजरीवाल
विज्ञापन
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
सार
आगे पढ़ने के लिए लॉगिन या रजिस्टर करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
फ्री ई-पेपर
सभी विशेष आलेख
सीमित विज्ञापन
सब्सक्राइब करें
भाजपा सांसद मनोज तिवारी।
- फोटो :
अमर उजाला।
विस्तार
दिल्ली की सातों सीटें भाजपा फिर जीतने जा रही है। जिस तरीके से दिल्ली की सभी सातों लोकसभा क्षेत्रों में काम हुआ है, उसके आधार पर यह कहने में कोई गुरेज नहीं है कि इस बार दिल्ली के सभी प्रत्याशी पिछले चुनावों की तुलना में और ज्यादा वोटों से जीतेंगे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम और काम पर दिल्ली नहीं पूरा देश एक जुट होकर भाजपा को वोट कर रहा है। केंद्र में फिर हमारी ही सरकार बनने वाली है। आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल अपने कर्मों की सजा भुगत रहे हैं। उनकी पार्टी के नेताओं ने जो भ्रष्टाचार किया है, उसे दिल्ली की जनता कभी माफ नहीं करेगी। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन जिसके लिए हुआ है वह पूरा देश जानता है। दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने अमर उजाला डॉट कॉम से दिल्ली और यहां की सियासत को लेकर बातचीत की...सवाल: मनोज जी, कैसा चल रहा है चुनाव?
जवाब: बहुत अच्छा चल रहा है। रात के बारह बज चुके हैं। अभी वापिस आया हूं क्षेत्र से। वैसे एक बात बताऊं, चुनाव हो या न हो, मैं अपने क्षेत्र की जनता से पिछले 10 वर्षों से लगातार इसी तरीके से मिलता आया हूं। जैसे इस चुनाव में मिल रहा हूं। इसलिए हमेशा की तरह अच्छा ही चल रहा है।
सवाल: अब तो कांग्रेस ने आपके खिलाफ प्रत्याशी भी घोषित कर दिया। जेएनयू के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार को आपके खिलाफ उतार दिया है, आप इसे कितनी बड़ी चुनौती मानते हैं?
जवाब: अब चुनाव है तो कोई भी किसी को भी उतार दे मैदान में। सुनने में आ रहा है कि अभी उनकी पार्टी में ही अंदरूनी सिर फुटौव्वल चल रही है। खैर, उससे मेरा क्या लेना देना। लेकिन जिस चुनौती की बात कर रहे हैं, वह तो है ही नहीं। वैसे भी नॉर्थ ईस्ट दिल्ली मेरे लिए चुनावी क्षेत्र नहीं मेरा अपना घर है। सिर्फ नॉर्थ ईस्ट ही नहीं बल्कि पूरी दिल्ली में किसी तरह की कोई चुनौती ही नहीं है।
सवाल: तो क्या आपको लग रहा है कि नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में आप मजबूत हैं, और चुनाव आपके पक्ष में है?
जवाब: आप मेरे साथ या अकेले क्षेत्र में होकर आइए। फिर आप यह सवाल मुझसे करिएगा। दिल्ली नॉर्थ ईस्ट की जनता ने तय कर लिया है कि उसको इस चुनाव में क्या करना है।
सवाल: दिल्ली के चुनाव में इकलौते मनोज तिवारी ही ऐसे सांसद रहे, जिन्हें पार्टी ने रिपीट किया। क्या वजह रही कि पार्टी ने सात में सिर्फ आप को चुना?
जवाब: यह तो पार्टी का निर्णय है। मैं अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के सभी बड़े नेताओं का आभारी हूं। तीसरी बार मुझे टिकट मिला है। इसलिए जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। हमें सिर्फ नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली ही नहीं बल्कि दिल्ली की सातों सीटें फिर से जीतनी हैं। बस उसके लिए ही मेहनत हो रही है।
सवाल: आप तीसरी बार दिल्ली के चुनावी मैदान में हैं। किन मुद्दों के साथ आप जनता के बीच पहुंचे हैं?
जवाब: बीते 10 वर्षों में जितना काम नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के इलाके में हुआ है, उतना पहले कभी हुआ ही नहीं। कनेक्टिविटी के मामले में दिल्ली का यह क्षेत्र आज आगे है। आप देखिए देहरादून अगर किसी को जाना होगा, तो यहीं से गुजरना होगा। कितनी बेहतरीन कनेक्टिविटी देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए हो रही है मेरे क्षेत्र से। हाईवे से लेकर मेट्रो और सड़कों से लेकर गलियों तक में खूब काम हुआ है। इस इलाके में केंद्रीय विद्यालय से लेकर मेट्रो, सिग्नेचर ब्रिज, एलिवेटेड रोड जैसे तमाम विकास के काम हुए। जबकि कुछ पर काम चल रहा है। यहां पर ट्रिपल डेक ब्रिज बन रहा है। इसमें ऊपर मेट्रो चलेगी। बीच में फ्लाईओवर होगा और नीचे सड़क होगी। इस इलाके में ट्रैफिक जैसी समस्याएं बहुत कम हुई हैं, और आगे पूरी तरीके से खत्म हो जाएंगी।
सवाल: आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल जेल में हैं। उनके कुछ अन्य मंत्री भी जेल में हैं। आपकी लगातार टिप्पणियां इस पर आती हैं।
जवाब: अब देखिए...अरविंद केजरीवाल अगर जेल में है, तो अपने कर्मों की वजह से हैं। अगर उन्होंने कुछ ना किया होता तो वह जेल में क्यों होते। सिर्फ केजरीवाल ही नहीं बल्कि उनके मंत्री भी लगातार भ्रष्टाचार करते रहे। जो जैसा कर रहा है वह वैसा ही भुगत रहा है और आगे भी भुगतेगा।
सवाल: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल में खाने को लेकर सियासत शुरू हो गई है। आपने ऐसे में कह दिया कि उनको तिहाड़ से डासना भेज दिया जाए।
जवाब: हां, तो मैंने क्या गलत कहा। अरे भाई, दिल्ली की तिहाड़ जेल तो दिल्ली सरकार के आधीन है। अब अगर अरविंद केजरीवाल शुगर के मरीज होने के बाद जेल में रहकर आम खा रहे हैं। घर से आने वाली पूड़िया खा रहे हैं, तो यह सब क्या है। केजरीवाल एक शातिर अपराधी की तरह सोचते हैं। ताकि उनको सेहत के आधार पर बेल मिल सके। अब अगर उनको तिहाड़ की बजाय पड़ोसी राज्य यूपी की डासना जेल भेज दिया जाए, तो कम से कम इस तरह के भोजन से वह बच सकेंगे और जमानत लेने का फर्जीवाड़ा नहीं करेंगे। रही बात आम आदमी पार्टी के नेताओं की, तो यह सब जानते हैं कि यह लोग कितना झूठ बोलते हैं।
सवाल: लेकिन इस बार दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एकजुट हो गए हैं। इसे आप किस नजरिए से देखते हैं। दोनों पार्टी मिलकर भाजपा को टक्कर देने की बात कर रही हैं।
जवाब: यह सवाल तो आप मुझसे बेहतर दिल्ली की जनता से करें। वही आपको जवाब देगी। भाई, यह कौन सा गठबंधन है। दिल्ली में ये कह रहे हैं कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक है। हालांकि खुलेआम दोनों पार्टी के नेता एक दूसरे से लड़ते हैं। वहीं, यही दोनों दल पंजाब में आमने-सामने चुनाव लड़ रहे हैं। क्या दिल्ली, पंजाब और देश की जनता को इतना अंदाजा नहीं है कि मजबूरी के इस गठबंधन में चल क्या रहा है। यह गठबंधन चुनाव लड़ने से पहले ही मैदान छोड़कर भाग चुका है। कहीं कोई किसी तरह की टक्कर ही नहीं है। इस बार चार सौ पार है।
सवाल: आखिरी सवाल, क्या रह गया है आपके क्षेत्र और दिल्ली में जो अभी होना बाकी है, सौ दिन का विजन क्या है आपका?
जवाब: अभी तो बहुत काम करना है। देश की राजधानी दिल्ली को दुनिया की सबसे सुंदर राजधानी बनाने की जरूरत है। और इस मिशन को पूरा करने के लिए जब तक डबल इंजन की सरकार यहां नहीं होगी, तब तक इसमें रोड़े अटकाए जाते रहेंगे। लेकिन चुनाव जीतने के बाद 100 दिन के भीतर का मेरा विजन बहुत स्पष्ट है। इसमें क्षेत्र की सड़कों के चौड़ीकरण करने के साथ-साथ सोनिया विहार पुश्ते को डबल करने की पूरी योजना है। केंद्रीय विद्यालय में बच्चों के दाखिले शुरू हो जाएं, इस प्रण के साथ काम कर रहा हूं। एलिवेटेड रोड से लेकर इलाके की ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त हो। इसके अलावा यहां के मैदान पर झीलों का निर्माण कराया जा रहा है, जो देश की राजधानी दिल्ली को सबसे अलग लुक देगी। यमुना रिवर फ्रंट बनकर तैयार होना है। अस्पतालों से लेकर कम्युनिटी सेंटर तक की संख्या और बढ़ानी है।