{"_id":"66bdf9683decac303f003c66","slug":"mamata-banerjee-meets-cv-anand-bose-rg-kar-hospital-vandalism-said-political-parties-trying-to-foment-trouble-2024-08-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"West Bengal: आरजी कर अस्पताल में तोड़फोड़ मामले में ममता ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप; राज्यपाल से भी की मुलाकात","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
West Bengal: आरजी कर अस्पताल में तोड़फोड़ मामले में ममता ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप; राज्यपाल से भी की मुलाकात
Thu, 15 Aug 2024 06:19 PM IST
अभिषेक दीक्षित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Thu, 15 Aug 2024 06:19 PM IST
सार
ससे पहले आधी रात को करीब 40 लोगों के एक समूह ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में खूब उत्पात मचाया। उन्होंने आपातकालीन विभाग, नर्सिंग स्टेशन और दवा स्टोर में तोड़फोड़ की। भीड़ ने सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया।
विज्ञापन
Mamata Banerjee
- फोटो : Amar Ujala
विस्तार
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को विपक्षी दलों पर कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में तोड़फोड़ में शामिल होने का आरोप लगाया। ममता ने कहा कि उन्हें छात्रों या चिकित्सकों के विरोध प्रदर्शन से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन कुछ राजनीतिक दल समस्याएं खड़ी करने का प्रयास कर रहे हैं। इस बीच ममता ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मुलाकात की। उधर, अस्पताल में तोड़फोड़ को लेकर माकपा ने बनर्जी की आलोचना की और उनसे स्वास्थ्य और गृह विभागों से इस्तीफा देने की मांग की। वहीं, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल की सुरक्षा सीएपीएफ से कराने के लिए गृह मंत्रालय को पत्र लिखा है।
विज्ञापन
ममता ने कहा कि कल आरजी कर अस्पताल में जिन लोगों ने तोड़फोड़ की और हंगामा किया, उनका आरजी कर मेडिकल कॉलेज के छात्र आंदोलन से कोई संबंध नहीं है। वे बाहरी लोग हैं, मैंने जितने वीडियो देखे हैं, मेरे पास तीन वीडियो हैं, जिसमें कुछ लोग राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए हैं। वे बीजेपी के लोग हैं और कुछ डीवाईएफआई के लोग हैं जो सफेद और लाल झंडे थामे हुए हैं। कल पुलिस पर भी हमला हुआ। पुलिस पर हमला हुआ। मैं उनको बधाई देना चाहूंगा कि उन्होंने धैर्य नहीं खोया, उन्होंने किसी को चोट नहीं पहुंचाई। अब केस हमारे हाथ में नहीं है, सीबीआई के हाथ में है, अगर आपको कुछ कहना है तो सीबीआई को बताएं, हमें कोई आपत्ति नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
'मैं छात्रों को दोष नहीं दूंगी'
ममता बनर्जी ने कहा कि जहां तक मुझे जानकारी है, मैं छात्रों को दोष नहीं दूंगी। घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, हम अब भी कहते हैं कि उन्हें फांसी दी जानी चाहिए। हमने सभी दस्तावेज दिए हैं, जब तक हमारी पुलिस जांच कर रही थी, तब तक कुछ भी लीक नहीं हुआ। मेरी और बंगाल की जनता की संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं। यह बहुत बड़ा अपराध है और इसकी एकमात्र सजा यही है कि आरोपियों को फांसी दी जाए, अगर अपराधी को फांसी दी जाती है तो ही लोगों को इससे सबक मिलेगा, लेकिन किसी निर्दोष को सजा नहीं मिलनी चाहिए।
'विपक्षी राजनीतिक दलों का हाथ होने का आरोप लगाया'
इससे पहले उन्होंने अस्पताल में हुई तोड़फोड़ के पीछे विपक्षी राजनीतिक दलों का हाथ होने का आरोप लगाया। ममता ने कहा कि वह छात्रों या डॉक्टरों को उनके विरोध प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार नहीं मानती हैं, बल्कि उन्होंने कुछ राजनीतिक दलों पर उपद्रव भड़काने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुझे छात्रों या आंदोलनकारी डॉक्टरों के खिलाफ कोई शिकायत नहीं है, लेकिन कुछ राजनीतिक दल हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। अगर आप वीडियो देखेंगे तो आपको पता चल जाएगा कि क्या हुआ।
40 लोगों के एक समूह ने अस्पताल में खूब उत्पात मचाया
बता दें कि बुधवार को आधी रात करीब 40 लोगों के एक समूह ने अस्पताल में खूब उत्पात मचाया। उन्होंने आपातकालीन विभाग, नर्सिंग स्टेशन और दवा स्टोर में तोड़फोड़ की। भीड़ ने सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने उस मंच पर भी तोड़फोड़ की, जहां जूनियर डॉक्टर 9 अगस्त से प्रदर्शन कर रहे थे। मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।