Maharashtra: सिंदखेड राजा शहर में मिली शेषशायी विष्णु की मूर्ति; नागपुर में पुलिस कॉन्सटेबल ने की आत्महत्या
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के सिंदखेड राजा शहर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) विभाग के अधिकारियों को खुदाई के दौरान विशाल शेषशायी विष्णु मूर्ति मिली है। क्लोराइट शिस्ट चट्टान से बनी इस मूर्ति की लंबाई 1.70 मीटर और ऊंचाई 1 मीटर है। पुरातत्व विभाग के अधिकारी अब इसके अध्ययन में जुट गए हैं।
पुलिस कॉन्सटेबल ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पत्नी से हुआ था झगड़ा
नागपुर के गिट्टीखदान इलाके में शनिवार रात एक पुलिस कांस्टेबल विजय चावड़े (38) ने अपने आवासीय क्वार्टर पर छत के पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी पत्नी भी एक पुलिस कर्मी हैं। पुलिस के अनुसार, चावड़े शनिवार दोपहर पुलिस भर्ती अभियान ड्यूटी से लौटे थे। पत्नी को घर में मौजूद न पाकर वह परेशान हो गए। घर लौटने के बाद कांस्टेबल और उसकी पत्नी के बीच बहस हुई, जिसके बाद उसने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। उसकी पत्नी ने रविवार सुबह उसे फंदे पर लटका देखा। आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
पुणे में 13 वर्षीय लड़की से कथित तौर पर बार-बार बलात्कार करने के आरोप में उसके पिता, चाचा और चचेरे भाई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में खुलासा तब हुआ जब स्कूल में 'गुड टच और बैड टच' पर एक सत्र के दौरान छात्रा ने अपनी आपबीती सुनाई।
मुंबई में बोले CM धामी- UCC से लैंगिक समानता कायम होगी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आशा जताई कि उनके राज्य द्वारा अपनाई गई समान नागरिक संहिता (यूसीसी) देश में सभी के लिए व्यक्तिगत कानूनों में अधिक समानता का मार्ग प्रशस्त करेगी और साथ ही स्थानीय समुदायों के बीच एकता को बढ़ावा देगी तथा लैंगिक समानता को कायम रखेगी।
उत्तराखंड स्वतंत्रता के बाद यूसीसी को अपनाने वाला देश का पहला राज्य है
मुंबई में एक सभा को संबोधित करते हुए धामी ने दावा किया कि उत्तराखंड में "लैंड जिहाद" हो रहा था जिसे उनकी सरकार ने रोका और लगभग 5,000 एकड़ अतिक्रमित भूमि को वापस हासिल किया। धामी ने कहा, "उत्तराखंड विधानसभा में पारित यूसीसी विधेयक किसी के प्रति पक्षपात दिखाने के लिए पेश नहीं किया गया था। हमारा उद्देश्य किसी को निशाना बनाना नहीं है। हमारा प्रयास सभी के लिए प्रगति सुनिश्चित करना है, क्योंकि हम सभी के विश्वास और विकास के लिए प्रयास करते हैं।"
महिलाओं को जबरदस्ती देह व्यापार में धकेलने का आरोप, मसाज पार्लर मैनेजर गिरफ्तार
पावना बांध में 19 वर्षीय छात्र डूबा, पांच दोस्तों के साथ गया था घूमने
महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक निजी शैक्षणिक संस्थान का 19 वर्षीय छात्र रविवार को पवना बांध के बैकवाटर में डूब गया। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्र अपने पांच दोस्तों के साथ घूमने गया था तभी यह हादसा हो गया। लोनावाला ग्रामीण पुलिस स्टेशन के मुताबिक नहाते समय छात्र को अंदाजा नहीं लगा और वह गहरे पानी में उतर गया। छात्र के डूबने के बाद उसके दोस्तों ने शोर मचाया। इसके बाद करीब एक घंटे के बाद बचाव दल ने शव को बाहर निकाला।