फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: पालघर में एटीएम तोड़कर 25 लाख रुपये की लूट; बॉम्बे हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकील इकबाल छागला का निधन

Sun, 12 Jan 2025 05:47 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Sun, 12 Jan 2025 05:47 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
महाराष्ट्र के पालघर में एटीएम तोड़कर 25 लाख रुपए की लूट का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक रविवार रात अज्ञात अपराधियों ने एक राष्ट्रीयकृत बैंक के एटीएम से 25 लाख रुपए की नकदी लूट ली। घटना बोईसर इलाके में तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुई। बोईसर थाने के सीनियर इंस्पेक्टर सिरीश पवार ने बताया कि अपराधियों की तलाश जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच कर रही है। कैमरे में केवल एक शख्स दिख रहा है, लेकिन अपराधियों ने एटीएम में तोड़फोड़ से पहले कैमरे पर किसी पदार्थ का छिड़काव भी किया था।
विज्ञापन


बॉम्बे हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस के पुत्र इकबाल छागला का निधन
बॉम्बे हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस एमसी छागला के बेटे इकबाल छागला का निधन हो गया। 85 साल के इकबाल बीते कुछ समय से बीमार थे। सीनियर एडवोकेट इकबाल उस समय सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने न्यायपालिका में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखरता से आवाज उठाई थी। भारत के अग्रणी वकीलों में गिने जाने वाले छागला को कानूनी कुशलता के साथ-साथ बॉम्बे बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल के लिए भी याद किया जाता है। 1990 के दशक में उन्होंने न्यायपालिका में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की और छह कार्यरत न्यायाधीशों के खिलाफ प्रस्ताव पारित किए थे। ऐसा करने के लिए इकबाल को अपना पद भी छोड़ना पड़ा, लेकिन वे पीछे नहीं हटे। 1948-58 तक बॉम्बे हाई कोर्ट के पहले स्थायी भारतीय मुख्य न्यायाधीश रहे एमसी छागला के बेटे इकबाल को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में न्यायमूर्ति का पद भी ऑफर किया गया, लेकिन उन्होंने विनम्रता से इन्कार कर दिया। कानून के जानकार बताते हैं कि न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति स्वीकार करने की सूरत में इकबाल के पास आज से करीब 20 साल पहले ही सुप्रीम कोर्ट चीफ जस्टिस बनने का मौका भी था।
विज्ञापन


जोगेश्वरी में गिरी रिहायशी बिल्डिंग, नाबालिग समेत पांच लोग चोटिल
मुंबई के जोगेश्वरी में रिहायशी भवन का हिस्सा गिरने के कारण पांच लोग घायल हो गए। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रविवार को चॉल में बने इस एक मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल का हिस्सा गिरने से पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं, एक लड़की शामिल हैं। घायलों की पहचान लालिना विक्रम भाटी (26), विक्रम भाटी (28), नितिन महमुंकर (42), फैंस भाटी (35) और 11 वर्षीय लतिका भाटी के रूप में हुई है। लालिना अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अधिकारी इमारत गिरने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


MSRTC बस में यात्री से 1.7 करोड़ की लूट, आभूषण और नकदी भी छीने
मुंबई-नासिक राजमार्ग पर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की एक बस में यात्री से लाखों रुपए लूटने का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक एक यात्री से अज्ञात अपराधियों के गैंग ने 1.68 करोड़ रुपए के आभूषण लूटे। अपराधियों ने दो लाख रुपये नकद से भरा बैग भी चुरा लिया। अपराध के संबंध में कसारा पुलिस थाने के निरीक्षक सुरेश गावित ने बताया कि ठाणे के शाहपुर तालुका के उम्बरमाली गांव के पास अज्ञात अपराधियों ने शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा, भायंदर ईस्ट के निवासी किरण कुमार पुरोहित अहिल्यानगर जिले से लौट रहे थे। ज्वैलरी कारोबारी किरण नकदी और सोने के सामान लेकर लौट रहे थे। बस की सीट पर सामान रखकर पानी खरीदने उतरे किरण के मुताबिक चार अज्ञात लोगों ने वारदात को अंजाम दिया और वे कार में सवार होकर मुंबई की तरफ भाग गए। बस चालक ने पीछा किया, लेकिन अपराधी फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से तलाश कर रही है।

लाड़कि बहिन योजना पर बोले सीएम फडणवीस, सभी वादे पूरे करेगी सरकार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि लोगों को ऐसा लगता है कि उनकी सरकार लाड़कि बहिन योजना समेत अन्य कल्याणकारी योजनाएं बंद कर देंगी। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि सारी योजनाएं महिलाओं के हित के लिए लागू की गई है। वर्तमान योजनाओं के साथ-साथ हम अपने घोषणा पत्र में किये गये सभी वादों को भी पूरा करेंगे।

मुंबई के कुर्ला के एक होटल में लगी आग
मुंबई के कुर्ला इलाके से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक होटल में आग लग लगने से भगदड़ मच गई। साथ ही मौके पर 5 दमकल गाड़ियां मौजूद हैं। हालांकि मामले में अधिक जानकारी का अभी इंतजार है। 
 

ठाणे में पांच मंजिला इमारत में लगी आग
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में रविवार सुबह पांच मंजिला इमारत में आग लग गई। इसके बाद करीब 250 निवासियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि श्रीनगर के वागले एस्टेट इलाके में स्थित इमारत के भूतल पर कपड़े धोने की एक दुकान में सुबह करीब पांच बजे आग लग गई, हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। लगभग एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया जिसके बाद लोगों को अपने अपार्टमेंट में लौटने की अनुमति दी गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

परभणी में ठेले पर गैस सिलेंडर फटा, कोई हताहत नहीं
परभणी में एक स्ट्रीट फूड ठेले पर दो गैस सिलंडर फट गए। हादसे में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को इसकी जानकारी दी। यह घटना आधी रात क 12:11 बजे वड़ा पाव के ठेले में घटी। ठेले पर रखे दो गैस सिलेंडर एक के बाद फट गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विस्फोट के कारण ठेले में आग लग गई। आग को बुझाने में 30 मिनट लगे। 

रविन्द्र चव्हाण बने  महाराष्ट्र भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष
पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक रविन्द्र चव्हाण को महाराष्ट्र भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्ति किया गया है। शिरडी में चल रहे प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के बीच शीर्ष नेताओं की बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके साथ ही यह तय हो गया है कि रविन्द्र चव्हाण मौजूदा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले का स्थान लेंगे। 

ठाणे में कॉल सेंटर का भंडाफोड़
ठाणे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक व्यक्ति को अवैध कॉल सेंटर चलाने और बिना अनुमति के अमेरिकी नागरिकों को नियंत्रित दवाइयां बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आकाश रवेंद्रसिंह यादव को शुक्रवार को वागले एस्टेट पुलिस की अपराध इकाई ने छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया।

कपूरबावड़ी पुलिस थाने के अधिकारी के अनुसार, "यादव एक वैध दवा कंपनी के प्रतिनिधि के रूप में सोमा, ट्रामाडोल, वियाग्रा, सियालिस, और ऑक्सीकोडोन जैसी नियंत्रित दवाइयाँ बेच रहा था। वह अमेरिकी नागरिकों से संपर्क करने के लिए वॉयस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल (वीओआईपी) तकनीक का उपयोग कर रहा था।

ठाणे में मेट्रो पिलर से टकराई बस, 8 को आईं मामूली चोटें
ठाणे में एमएसआरटीसी की एक बस के मेट्रो रेल खंभे से टकराने के बाद 8 यात्रियों को मामूली चोटें आईं। एक एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि घटना शुक्रवार सुबह 6 बजे ओवला गांव के पास पैनखंडा रोड पर हुई। घायलों को प्रारंभिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना ड्राइवर कृष्णा अडसुल (34) की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से हुई। एमएसआरटीसी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। अभी तक चालक को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

काले जादू से इलाज का वादा कर एक व्यक्ति ने परिवार को ठगा
ठाणे के भिवंडी में एक व्यक्ति पर काला जादू से बीमारी ठीक करने का वादा कर एक परिवार से 8.87 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया गया है। शांति नगर पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान भिवंडी के मिल्लत नगर निवासी हजरत बाबा के रूप में हुई है।

अधिकारी ने दी जानकारी
मामले में अधिकारी के मुताबिक, हजरत बाबा ने शिकायतकर्ता के पति और बेटे की बीमारी का फायदा उठाकर उन्हें ठीक करने का वादा किया और 8.87 लाख रुपये हड़प लिए। वह अक्टूबर 2023 से फर्जी अनुष्ठानों में लिप्त था। शिकायतकर्ता, जो 46 वर्षीय महिला हैं, ने महसूस किया कि उनके परिवार को ठगा जा रहा है, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

साथ ही पुलिस ने बताया कि हजरत बाबा के खिलाफ महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, दुष्ट और अघोरी प्रथाओं की रोकथाम और उन्मूलन अधिनियम, काला जादू अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed