फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Nagpur Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: आठ करोड़ का लाल चंदन जब्त, 5 गिरफ्तार; परीक्षाओं में पेपर लीक पर नकेल के लिए कानून बनाने की पहल

Sat, 06 Jul 2024 02:33 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 06 Jul 2024 02:33 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Nagpur Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र अपडेट - फोटो : Amar Ujala
नवी मुंबई के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (JNPT) में राजस्व खुफिया निदेशालय ने 7.9 करोड़ रुपये मूल्य का 8 मीट्रिक टन लाल चंदन जब्त किया। इसे ग्रेनाइट संगमरमर स्लैब की आड़ में निर्यात करने की तैयारी की जा रही थी। डीआरआई की मुंबई जोनल यूनिट ने निर्यातक, कमीशन दलाल, गोदाम प्रबंधक और ट्रांसपोर्टर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर न्हावा शेवा में जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) में एक कंटेनर को रोकने के बाद उसकी तलाशी ली गई। कंटेनर में पॉलिश किए गए ग्रेनाइट स्लैब और सीमेंट ईंटों के नीचे छुपाए गए 6 टन लाल चंदन का पता चला। इस दौरान पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ की। इनसे मिली जानकारी के आधार पर तेलंगाना के अहमदनगर, नासिक और हैदराबाद में भी छापे मारे गए। इसके बाद नासिक में दो टन लाल चंदन जब्त किया गया। इस खेप को भी आने वाले दिनों में निर्यात किया जाना था। लाल चंदन एक संरक्षित प्रजाति है और सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के तहत इसका निर्यात प्रतिबंधित है।
विज्ञापन


प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक पर नकेल के लिए कानून बनाने की तैयारी
महाराष्ट्र में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक को रोकने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने कड़ा कानून बनाने का निर्णय लिया है। सरकार ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा में एक विधेयक पेश किया, जिसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी को रोकना है। इस विधेयक में अपराधियों को पांच साल तक जेल की सजा और 10 लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान किया गया है। विधानसभा में मंत्री शंभुराज देसाई ने ‘महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024’ विधेयक पेश किया। विधेयक के तहत, प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन से संबंधित अपराध संज्ञेय, गैर-जमानती और गैर-समझौता योग्य होंगे। विधेयक के अनुसार, प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन में अनुचित साधनों और अपराधों में लिप्त पाए जाने वालों को कम से कम तीन साल कैद की सजा दी जाएगी, जिसे बढ़ाकर पांच साल किया जा सकता है। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में भारतीय न्याय संहिता 2023 के प्रावधानों के अनुसार अपराधी को कारावास की अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ेगी। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) के संचालन में कथित अनियमितताओं के मद्देनजर यह विधेयक विधानसभा में पेश किया गया है।
विज्ञापन


केकड़े पकड़ते समय पांच बच्चे फंसे; NDRF ने सुरक्षित बचाया
ठाणे के मुंब्रा खादी मशीन डैम के पास एक पहाड़ी पर केकड़े पकड़ते समय पांच बच्चे फंस गए। ठाणे नगर निगम के मुताबिक राष्ट्रीय आपदा राहत बल (एनडीआरएफ) और फायर ब्रिगेड की टीम ने बचाव अभियान चलाया। डैम के पास एक पहाड़ी पर केकड़े पकड़ते समय फंसे पांच बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। फायर ऑफिसर गणेश केदारे ने बताया, हमें कल रात करीब 8:30 बजे एक कॉल आया कि कुछ बच्चे पहाड़ी पर फंस गए हैं। हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सभी पांच बच्चों को बचा लिया गया है और वे सुरक्षित हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

अचानक बेहोश हुईं महाराष्ट्र की पहली महिला DGP, अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र की पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला शुक्रवार शाम अपने कार्यालय में अचानक बेहोश हो गईं। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहीं शुक्ला को तत्काल दक्षिण मुंबई के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। 
उनकी हालत स्थिर है। बता दें कि 59 वर्षीय शुक्ला इस साल जनवरी में राज्य की पहली महिला डीजीपी बनीं थीं।

ओशिवारा में गायिका हेमलता के बेटे पर हमला
मशहूर गायिका हेमलता के बेटे आदित्य बाली पर शुक्रवार को महानगर के पश्चिमी हिस्से में स्थित ओशिवारा में उनके किरायेदार और दो अन्य लोगों की ओर से हमला करने का मामला सामने आया। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना उस समय हुई जब अभिनेता बाली अपनी दुकान पर गए थे। इस दुकान को उन्होंने शंकर शर्मा नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था। बताया गया है कि शर्मा ने किराये के समझौते का उल्लंघन किया, जिसके कारण उनके और बाली के बीच बहस हुई। अपने ऊपर हमला होने के बाद बाली ने शर्मा और दो अन्य के खिलाफ शिकायत दी। ओशिवारा पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा, बाली की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

फडणवीस ने आरएसएस प्रमुख भागवत से मुलाकात की

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। सूत्रों ने बताया कि फडणवीस शाम को मुंबई से यहां पहुंचे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय गए जहां उन्होंने भागवत से मुलाकात की। हालांकि, फडणवीस और भागवत के बीच बैठक में क्या बातचीत हुई, यह तत्काल पता नहीं चल सका।

कुलाधिपति नियुक्त किए गए अर्थशास्त्री डॉ बिबेक देबरॉय
प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ बिबेक देबरॉय को पुणे के गोखले राजनीति एवं अर्थशास्त्र संस्थान का कुलाधिपति नियुक्त किया गया है। देबरॉय वर्तमान में प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे नीति आयोग के सदस्य थे। देबरॉय को 2015 में देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है।

47 साल के कॉन्सटेबल ने की आत्महत्या
मुंबई पुलिस के 47 वर्षीय एक कांस्टेबल ने पालघर जिले में अपने घर पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। 
उन्होंने बताया कि कांस्टेबल कैलास टेकाडे, जो अकेले रहते थे, ने विरार स्थित अपने घर में फांसी लगा ली। पुलिस अधिकारी ने बताया कि संदेह है कि उसने दो दिन पहले आत्महत्या कर ली थी। उसका भाई पिछले तीन दिनों से उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने एक दोस्त को घर जाकर जानकारी लेने के लिए कहा, फिर मौत की जानकारी मिली।

पालघर में 
अज्ञात महिला की हत्या
मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर मस्तान-नाका ओवरपास के पास शुक्रवार को एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। पालघर जिले के इस मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला का सिर पत्थर जैसी किसी वस्तु से कुचला गया था। अनुमान है कि उसकी उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच होगी। घटनास्थल से एक स्कार्फ, एक छाता और जूते बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डोंबिवली में सात मवेशियों की बिजली से मौत
ठाणे जिले के डोंबिवली में शुक्रवार दोपहर बिजली का झटका लगने से पांच भैंसों और दो गायों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पिसवली गांव में उस समय घटी जब बिजली का तार एक मवेशी शेड से छू गया। उन्होंने कहा, तीन भैंस, दो भैंस के बछड़े, एक गाय और उसका बछड़ा बिजली की चपेट में आकर मर गए। अधिकारी ने बताया कि क्या महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) कर्मचारियों की ओर से कोई लापरवाही हुई है? इस बात की जांच की जा रही है।

वीजा रैकेट के सरगना दोनों नौसेना अफसराें की हिरासत 9 तक बढ़ी

मुंबई पुलिस ने मजिस्ट्रेट अदालत में बताया कि वीजा रैकेट मामले में गिरफ्तार दो नौसेना अधिकारी इस गिरोह के सरगना थे। पुलिस ने दोनों की हिरासत बढ़ाने की मांग की, जिसके बाद अदालत ने लेफ्टिनेंट कमांडर विपिन डागर और सब लेफ्टिनेंट ब्रह्म ज्योति की हिरासत 9 जुलाई तक बढ़ा दी। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने दावा किया है कि दोनों अफसर एक सिंडिकेट का हिस्सा थे जो दक्षिण कोरिया में अवैध रूप से काम करने के इच्छुक भारतीयों को वीजा दिलाने में मदद करता था। डागर और ज्योति जब विशाखापत्तनम में पदस्थ थे, तब वहां से स्टाम्प बनाने की मशीन खरीदी थी और इसका इस्तेमाल वीजा आवेदनों के लिए आवश्यक जाली दस्तावेज बनाने में करते थे। 

पोर्श हादसा: आरोपी किशोर ने सड़क सुरक्षा पर फिर लिखा 300 शब्द का निबंध 
नशे की हालत में पोर्श कार से दो इंजीनियरों को रौंदने वाले 17 वर्षीय किशोर चालक को आखिर फिर सड़क सुरक्षा पर 300 शब्द का निबंध लिखकर राहत मिल गई। किशोर ने बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश पर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड की जमानत के लिए तय शर्त को बुधवार को पूरा किया। 19 मई को हादसे के कुछ घंटे बाद ही जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने सबसे पहले उसे सड़क सुरक्षा पर निबंध लिखकर देने की शर्त पर जमानत दी थी। हाई प्रोफाइल केस में इस तरह राहत मिलने पर देशभर में विरोध हुआ। पुणे पुलिस ने जमानत आदेश में संशोधन की मांग करते हुए जेजेबी का रुख किया था। 22 मई को बोर्ड ने किशोर को सुधार गृह भेजने का आदेश दिया था। बॉम्बे हाईकोर्ट ने आरोपी के रिश्तेदार की ओर से बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई करते हुए 25 जून के आदेश में किशोर को सुधारगृह में रखने के फैसले को गैरकानूनी बताते हुए जेजेबी की लगाई शर्तों के आधार पर उसे जमानत दी थी। इसके बाद उसे रिहा कर दिया गया था। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed