फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates nuclear energy carpooling wetlands Rohit Pawar on infrastructure

Maharashtra Updates: ₹6.5 लाख करोड़ के परमाणु प्रोजेक्ट्स को मंजूरी; रोहित पवार बोले- अभी रोकें बुलेट ट्रेन

Tue, 19 May 2026 05:25 PM IST
राकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई। Published by: राकेश कुमार Updated Tue, 19 May 2026 05:25 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates nuclear energy carpooling wetlands Rohit Pawar on infrastructure
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
सूबे में ₹6.5 लाख करोड़ के परमाणु ऊर्जा प्रोजेक्ट्स को मिली मंजूरी, जिससे पैदा होंगी 1.23 लाख नौकरियां। वहीं, ईंधन बचाने के लिए छत्रपति संभाजीनगर नगर निगम ने शुरू की अनोखी कारपूलिंग। दूसरी ओर, रोहित पवार ने सरकार से बुलेट ट्रेन और एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट्स को फिलहाल टालने की मांग की है, जबकि राज्य के 23,000 से अधिक वेटलैंड्स का सर्वे पूरा होने से अब पर्यावरण को कानूनी सुरक्षा मिलेगी। यहां पढ़ें महाराष्ट्र से जुड़ी बड़ी खबरें...
विज्ञापन

महाराष्ट्र में परमाणु ऊर्जा पर ₹6.5 लाख करोड़ का महा-निवेश, पैदा होंगे रोजगार के अवसर
महाराष्ट्र सरकार ने परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में ₹6.5 लाख करोड़ के निवेश के लिए चार बड़ी कंपनियों के साथ समझौते किए हैं। इन परियोजनाओं से राज्य में 25,400 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। इस ऐतिहासिक कदम से राज्य में करीब 1.23 लाख रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह निवेश देश को जीरो कार्बन एमिशन और ऊर्जा-समृद्ध बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगा। रिलायंस, अदाणी, एनटीपीसी और बजाज ग्रुप मिलकर इन प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

ईंधन बचाने के लिए छत्रपति संभाजीनगर नगर निगम का बड़ा फैसला, हुई कारपूलिंग की शुरुआत
ईंधन बचाने और पर्यावरण की रक्षा के लिए छत्रपति संभाजीनगर नगर निगम ने कारपूलिंग की अनोखी शुरुआत की है। अब निगम के 24 वरिष्ठ अधिकारी अपनी अलग गाड़ियां छोड़कर एक साथ सफर करेंगे। इसके लिए सात इलेक्ट्रिक कारें और दो डीजल कारें तय की गई हैं। इस मुहिम को बढ़ावा देने के लिए कमिश्नर अमोल येदगे खुद साइकिल से और मेयर समीर राजुरकर इलेक्ट्रिक स्कूटर से दफ्तर पहुंचे। पर्यावरण को बचाने की दिशा में नगर निगम की इस पहल की हर तरफ तारीफ हो रही है।
विज्ञापन

रोहित पवार की मांग, बजट बचाने के लिए फिलहाल रोकें बुलेट ट्रेन और एक्सप्रेसवे
राकांपा शरद पवार नेता रोहित पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलकर बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को फिलहाल टालने की मांग की है। उनका कहना है कि महंगाई के इस दौर में शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे और बुलेट ट्रेन जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स को एक साल के लिए धीमा कर देना चाहिए। इससे बचने वाले पैसों का इस्तेमाल आम जनता और किसानों की भलाई के लिए किया जा सकता है। रोहित पवार ने मानसून से पहले किसानों को नए कर्ज देने और सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की भी वकालत की है।

महाराष्ट्र में 23,000 से अधिक वेंटलैंड्स का सर्वे पूरा, जल्द मिलेगा कानूनी संरक्षण
महाराष्ट्र में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रशासन ने 23,400 से अधिक आर्द्रभूमियों का भौतिक सत्यापन पूरा कर लिया है। अब केवल पुणे जिले के 11 वेंटलैंड्स का सर्वे बाकी है, जिस पर काम चल रहा है। इस सर्वे के बाद अब इन सभी प्राकृतिक क्षेत्रों को पर्यावरण नियमों के तहत कानूनी सुरक्षा मिल सकेगी। पर्यावरणविदों का कहना है कि इस काम में पहले ही काफी देरी हो चुकी है, जिसके कारण मुंबई और उरण जैसे इलाकों में अवैध निर्माण और डंपिंग से प्रकृति को भारी नुकसान हुआ है।
 

लातूर में खुला नाला बना काल: दो मासूमों की डूबने से मौत, दो अधिकारी निलंबित
महाराष्ट्र के लातूर के बोधे नगर इलाके में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जहां नगर निगम के एक खुले और असुरक्षित वेस्टवॉटर (गंदे पानी) के गड्ढे में गिरने से दिव्या उबाले और कार्तिक कांबले नाम के दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे खेलने के दौरान अपनी गेंद निकालने के लिए इस गड्ढे में उतरे थे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण डूब गए। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, क्योंकि स्थानीय निवासियों ने साल 2025 में ही इस खतरनाक गड्ढे को बंद करने या सुरक्षित करने के लिए लिखित शिकायत दी थी, जिसे प्रशासन ने नजरअंदाज कर दिया। जनाक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने लापरवाही के आरोप में स्वच्छता निरीक्षक संतोष रणदिवे और जोनल अधिकारी संतोष लाडलापुरे को निलंबित कर दिया है, जबकि पुलिस ने अवैध रूप से गड्ढा खोदने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

गेटवे ऑफ इंडिया पर अब पर्यावरण अनुकूल पर्यटन, डीजल नावें होंगी इलेक्ट्रिक
मुंबई के प्रतिष्ठित गेटवे ऑफ इंडिया पर चलने वाली डीजल-संचालित नौकाओं को अब पर्यावरण अनुकूल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। महाराष्ट्र के मत्स्य पालन मंत्री नितेश राणे ने मंगलवार को घोषणा की कि राज्य सरकार इन पारंपरिक और वाणिज्यिक नावों को धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक जहाजों में तब्दील करेगी। इस बड़ी ग्रीन इनिशिएटिव पहल के लिए सरकार ने मुंबई जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के साथ हाथ मिलाया है, ताकि नाव मालिकों को कम ब्याज दरों पर विशेष लोन और वित्तीय सहायता दी जा सके।

इस योजना के पहले चरण में पारंपरिक कोली समुदाय के 25 लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। वर्तमान में गेटवे ऑफ इंडिया क्षेत्र में 97 लाइसेंस प्राप्त लकड़ी की नावें चलती हैं, जिनका डीजल खर्च ही हर महीने करीब एक लाख रुपये आता है। हालांकि, एक नई इलेक्ट्रिक नाव की लागत 2.5 करोड़ से 6 करोड़ रुपये के बीच है, इसलिए सरकार सहकारी समितियों और निजी मालिकों को सब्सिडी का लाभ देकर ईंधन की बचत, आधुनिक जल पर्यटन और प्रदूषण मुक्त माहौल को बढ़ावा दे रही है।

बीड में गोदावरी नदी में डूबने से किशोर की मौत, परिवार में पसरा मातम
महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगांव तहसील में मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां प्रसिद्ध पुरुषोत्तमपुरी तीर्थक्षेत्र में गोदावरी नदी में नहाने गए 13 वर्षीय किशोर आकाश लक्ष्मण म्हेत्रे की डूबने से मौत हो गई। मृतक आकाश माजलगांव शहर का निवासी था और पुरुषोत्तमपुरी में लगने वाले मेले में अपने माता-पिता और भाई के साथ आया हुआ था, जहां उसका परिवार तीर्थयात्रियों के लिए स्नैक्स का एक छोटा स्टॉल चलाता था।

मंगलवार सुबह काम में हाथ बंटाने के बाद आकाश नदी में नहाने के लिए गया था, लेकिन पानी की गहराई का सही अंदाजा न होने के कारण वह गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह तुरंत नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद जब उसे पानी से बाहर निकालकर माजलगांव के निजी अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीण अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में मौत: परभणी नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर
महाराष्ट्र के परभणी जिले के पाथरी तहसील में सोमवार देर रात एक भीषण हिट-एंड-रन का मामला सामने आया है। यहां नेशनल हाईवे पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान बीड जिले के माजलगांव तहसील के रहने वाले 27 वर्षीय रवींद्र शिवाजी गाडसिंगे और उनके भाई विशाल के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों भाई सोमवार रात अपनी मोटरसाइकिल से हाईवे से गुजर रहे थे, तभी पाथरी तहसील के पास एक अज्ञात वाहन उन्हें रौंदते हुए फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे भाई ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

अशोक खरात को अब ED ने किया गिरफ्तार, पहले से ही जेल में बंद है ढोंगी बाबा 
दुष्कर्म और धोखाधड़ी के आरोपों में पहले से ही नासिक जेल में बंद स्वयंभू 'ढोंगी बाबा' अशोक खरात पर केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय का शिकंजा कस गया है। कोर्ट की मंजूरी के बाद ईडी ने मंगलवार को खरात को ₹70 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। खरात को नासिक जेल से प्रोडक्शन वारंट पर मुंबई की विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया था, जहां अदालत ने माना कि बेनामी नकदी और इस रैकेट के असली लाभार्थियों का पता लगाने के लिए आरोपी की गिरफ्तारी जरूरी है। ईडी बुधवार को उसे दोबारा कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेगी।

जांच एजेंसी के अनुसार, अशोक खरात ने पीड़ितों के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर अहिल्यानगर जिले की एक सहकारी समिति में एक ही दिन में 60 बेनामी बैंक खाते खोले थे, जिनके जरिए ₹70 करोड़ से अधिक का संदिग्ध लेनदेन किया गया। खरात पर आरोप है कि उसने महिलाओं के यौन उत्पीड़न और जबरन वसूली से कमाए काले धन को ठिकाने लगाया। यही नहीं, वह अंधविश्वास का सहारा लेकर इमली के बीज और शहद को 'चमत्कारी व अभिमंत्रित' बताकर भारी कीमतों पर बेचता था और इसी पैसे से उसने अपने और परिवार के नाम पर करोड़ों की चल-अचल संपत्ति बनाई। फिलहाल नासिक और अहिल्यानगर में दर्ज यौन शोषण और वित्तीय धोखाधड़ी के 12 मामलों की जांच एक विशेष जांच दल भी कर रहा है।

भिवंडी: कपड़े के गोदाम में लगी भीषण आग
ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में मंगलवार दोपहर एक कपड़े के गोदाम में भीषण आग लग गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है। फायर ब्रिगेड अधिकारियों के मुताबिक आग शाम करीब 4 बजे भिवंडी के वालपाड़ा इलाके स्थित पारसनाथ कंपाउंड के एक व्यावसायिक गोदाम में लगी। यह इलाका बड़े वेयरहाउस हब के रूप में जाना जाता है। सूचना मिलते ही भिवंडी-निजामपुर नगर निगम की तीन दमकल गाड़ियां और कल्याण-डोंबिवली नगर निगम का एक अतिरिक्त पानी टैंकर मौके पर भेजा गया।

गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। आग से पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया। अधिकारियों ने बताया कि गोदाम में भारी मात्रा में कपड़े होने के कारण आग बुझाने और कूलिंग ऑपरेशन में काफी मुश्किल आ रही है। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक मशक्कत कर आग को आसपास के गोदामों तक फैलने से रोकने की कोशिश की। इलाके में गोदाम एक-दूसरे के काफी करीब हैं, इसलिए आग फैलने का खतरा बना हुआ था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और देर शाम तक राहत एवं बचाव कार्य जारी था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed