न्यूज अपडेट्स: मेटा ने छह माह में भारत से हटाए 50 लाख+ आपत्तिजनक कंटेंट; एमपी में 65 लाख साल पुराना अवशेष मिला
मेटा इंडिया के प्रमुख अरुण श्रीनिवास ने जानकारी दी है कि कंपनी ने भारत में 50 लाख से अधिक आपत्तिजनक कंटेंट हटाए हैं। यह कार्रवाई जनवरी से जून के दौरान फेसबुक और इंस्टाग्राम पर की गई है। हटाया गया ज्यादातर कंटेंट बच्चों के यौन शोषण और अश्लीलता से जुड़ा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, इनमें 98% कंटेंट को किसी यूजर की शिकायत आने से पहले ही मेटा के एआई-आधारित सिस्टम ने खुद पहचान कर हटा दिया था। मेटा इंडिया चीफ ने माना कि सख्ती बढ़ने के बाद अपराधी अपने तरीके बदल रहे हैं। पहले वे सीधे पोस्ट कर गलत सामग्री डालते थे, लेकिन अब वे विज्ञापनों का सहारा ले रहे हैं। अपराधी विज्ञापनों से यूजर्स को फेसबुक और इंस्टाग्राम से बाहर किसी दूसरी वेबसाइट या ऐप पर ले जाते हैं। मेटा का कहना है कि प्लेटफॉर्म के बाहर की गतिविधियों को ट्रैक करने की कंपनी की अपनी सीमाएं हैं, जो सुरक्षा के मोर्चे पर एक बड़ी चुनौती है।
पिछली सरकार सिर्फ मुसलमानों को मानती थी अल्पसंख्यक: शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को पिछली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार सिर्फ मुसलमानों को अल्पसंख्यक मानती थी। जबकि सिख, बौद्ध और जैन समुदाय भी धार्मिक अल्पसंख्यक हैं।
शुभेंदु अधिकारी शहर के कारोबार के बड़े केंद्र बड़ा बाजार स्थित गुरुद्वारा बड़ा सिख संगत पहुंचे थे। यहां उन्होंने मत्था टेका। इसके बाद सिख समुदाय की ओर से निकाली गई शोभायात्रा में भी हिस्सा लिया।
गुरुद्वारे में सिख समुदाय के लोगों से मुलाकात के बाद शुभेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा, अल्पसंख्यक का मतलब कोई एक खास समुदाय नहीं है। सिख, बौद्ध और जैन भी धार्मिक अल्पसंख्यक हैं। पिछली टीएमसी सरकार सिर्फ मुसलमानों को अल्पसंख्यक मानती थी। मुख्यमंत्री ने सिख समुदाय की देशभक्ति की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, वे (सिख) सबसे सच्चे देशभक्त हैं।
रबर की कीमत बढ़ने से किसानों और मजदूरों को बड़ा फायदा होगा:राजीव चंद्रशेखर
केरल में प्राकृतिक रबर की कीमत 300 रुपये प्रति किलो से ज्यादा हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने इसका स्वागत किया है। उन्होंने इसे किसानों और मजदूरों के लिए बड़ी राहत बताया। उन्होंने इस बढ़ोतरी का श्रेय केंद्र सरकार और रबर बोर्ड के सहयोग को दिया।
राजीव चंद्रशेखर ने फेसबुक पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा कि कीमतों में इस बढ़ोतरी से रबर उगाने वाले किसानों और मजदूरों को काफी खुशी होगी। उन्होंने रबर बोर्ड के अध्यक्ष एन हरि की भी तारीफ की। उन्होंने हरि को ऊर्जावान नेता बताया। चंद्रशेखर के मुताबिक, उन्हें रबर उद्योग की अच्छी समझ है। साथ ही उनके पास इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने की स्पष्ट सोच भी है।
चंद्रशेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार, रबर बोर्ड और इस क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों को मिलकर काम करना चाहिए। इससे रबर उद्योग को आगे बढ़ाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल पहले ही इस क्षेत्र को हर जरूरी मदद देने का भरोसा दे चुके हैं।
चंद्रशेखर ने रबर बोर्ड से और कदम उठाने की पहचान करने की अपील की। उन्होंने इस क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए नई योजनाएं शुरू करने का भी सुझाव दिया।
2029 तक हर घर में गूंजेगा 'भाजपा हटाओ, देश बचाओ' का नारा: रिपुन बोरा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद रिपुन बोरा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि लोग अब सरकार के खिलाफ जाग रहे हैं। उनके मुताबिक, लोग सरकार की नीतियों का विरोध कर रहे हैं। बोरा ने कहा कि 2029 तक हर घर में 'भाजपा हटाओ, देश बचाओ' और 'मोदी हटाओ, देश बचाओ' के नारे गूंजेंगे। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार का समय अब लगभग खत्म हो चुका है।
उन्होंने महंगाई, बड़े उद्योगपतियों को कथित फायदा पहुंचाने और सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) को लेकर केंद्र और अरुणाचल प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को नुकसान पहुंचाने वाली नीतियों के खिलाफ विरोध बढ़ रहा है। पत्रकारों से बातचीत में रिपुन बोरा ने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है। उन्होंने दावा किया कि लोग सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ एकजुट हो रहे हैं। बोरा ने कहा, 2029 तक 'BJP हटाओ, देश बचाओ' और 'मोदी हटाओ, देश बचाओ' के नारे हर घर में गूंजेंगे।
रामा राव का तेलंगाना कांग्रेस-भाजपा नेताओं पर तंज
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने रविवार को ने रविवार को तेलंगाना में कांग्रेस और भाजपा के नेताओं पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि दोनों दलों के नेता अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने जरूरत से ज्यादा झुक रहे हैं।
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा कि राज्य के दोनों दलों के नेताओं में पद की गरिमा बनाए रखना एक दुर्लभ गुण बन गया है।
रामा राव ने लिखा, मुख्यमंत्री गांधी परिवार के बॉडीगार्ड की तरह काम कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मंत्री राहुल गांधी की बाइक के पीछे ऐसे दौड़ रहे हैं, जैसे वे उनके छोटे-मोटे काम करने वाले हों!
रामा राव ने भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, इसी तरह केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अमित शाह के पैर छू रहे हैं और उनकी चप्पल उठा रहे हैं। यह कितना शर्मनाक और पद की गरिमा के खिलाफ व्यवहार है।
आंध्र प्रदेश में जन्मदिन की खुशी मातम में बदली, वराह नदी में डूबने से तीन की मौत
आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में बड़ा हादसा हुआ है। यहां वराह नदी में नहाने गए तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। मरने वालों में एक नाबालिग लड़का भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, सभी लोग नदी में तेज बहाव की चपेट में आ गए थे। यह हादसा पेनुगोल्लू ग्रोइन के पास हुआ।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को करीब 10 लोग नदी किनारे पहुंचे थे। वे अपने एक दोस्त का जन्मदिन मनाने आए थे। इसी दौरान समूह के चार सदस्य नदी में नहाने उतर गए। तभी वे तेज बहाव में फंस गए। पुलिस के अनुसार, मृतक तैरना नहीं जानते थे। तेज पानी का बहाव उन्हें अपने साथ बहाकर ले गया।
एक अधिकारी ने बताया, पेनुगोल्लू ग्रोइन के पास वराह नदी में नहाते समय तेज बहाव में बह जाने से तीन युवकों की डूबकर मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
हाथी जैसे जानवर का मिला 65 लाख साल पुराना अवशेष
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले स्थित नर्मदा घाटी में हाथी जैसे विशालकाय प्रागैतिहासिक स्तनधारी जीव 'स्टेगोडन नामाडिकस' का 65 लाख साल पुराना निचले जबड़े का जीवाश्म मिला है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की टीम ने मौके पर पहुंचकर इस दुर्लभ जीवाश्म की जांच शुरू कर दी है। जीवाश्म रायसेन जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर देवरी तहसील के पताई गांव (पताई घाट) के पास नदी के कटाव के कारण मिट्टी से बाहर आया है। सागर विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रोफेसर पीके कठल के अनुसार, 'स्टेगोडन नामाडिकस' हाथी एक विशाल शाकाहारी जीव था।
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के बिष्णुपुर और इंफाल पूर्वी जिलों से अलग-अलग संगठनों के तीन उग्रवादियों को जबरन वसूली में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित 'कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (अपुनबा)' के सक्रिय सदस्य न्गांगोम इबोमचा सिंह (28) को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। उस पर बिष्णुपुर जिले के इरेंगबाम मामंग माखा लेइकाई इलाके में जबरन वसूली में शामिल होने का आरोप है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान, उसी दिन जिले के नामबोल स्थित उसके घर से संगठन के एक अन्य सक्रिय सदस्य कोंजेंगबाम कुमारजीत सिंह (41) को भी गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को, खुफिया जानकारी के आधार पर इंफाल पूर्वी जिले के वांगखेई अयांगपल्ली रोड से 'यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पाम्बेई)' के सदस्य थिंगबाइजम नाओबी सिंह (47) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, वह सरकारी कार्यालयों और निजी कंपनियों से जबरन पैसे वसूलने में शामिल था। बता दें कि यूएनएलएफ (पाम्बेई) ने 2023 में केंद्र और राज्य सरकार के साथ एक शांति समझौता किया था। हालांकि, इसके सदस्य कथित तौर पर अभी भी जबरन वसूली और हथियार रखने जैसी अवैध गतिविधियों में शामिल हैं, जिसके चलते उनकी गिरफ्तारियां हो रही हैं।
महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित कलंबोली स्टील मार्केट में एक गैराज और गोदाम में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
#WATCH | Navi Mumbai, Maharashtra: Fire tenders reach the spot after a fire breaks out at a garage cum warehouse in the Kalamboli steel market. https://t.co/rBZ61VxP40
— ANI (@ANI) November 15, 2026
