फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates lightning in Beed Pune 2016 case life imprisonment Nagpur Mumbai Politics crime Edu news

Maharashtra: बारिश बनी आफत, नागपुर में रेड अलर्ट जारी ; प्रशासन ने बंद किए स्कूल-कॉलेज

Tue, 28 Jul 2026 04:46 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 28 Jul 2026 04:46 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates lightning in Beed Pune 2016 case life imprisonment Nagpur Mumbai Politics crime Edu news
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र के बीड जिले की अंबाजोगाई तहसील में बिजली गिरने से 52 वर्षीय एक किसान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना उस समय घटी जब अनीता गावहाणे उजानी गांव में अपने खेत से घर लौट रही थीं।

विज्ञापन

रेलवे स्टेशन पर महिला से दुष्कर्म के दो दोषियों को आजीवन कारावास
पुणे की एक सत्र अदालत ने सोमवार को 2016 में 18 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के लिए दो पुरुषों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। न्यायाधीश एस एम तापकिरे ने शरद मुरलीधर साल्वे (35) और अंकितसिंह रतनसिंह बिस्टा उर्फ कांचा (34) को दोषी ठहराया। प्रत्येक पर 25,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, पीड़िता 2016 में पुणे जिले के बारामती से तालेगांव रेलवे स्टेशन पहुंची थी। दोनों ने महिला को भोजन का लालच दिया और उसे रेलवे स्टेशन परिसर में एक टिन शेड में ले जाकर दुष्कर्म किया। पुणे रेलवे पुलिस ने उप-निरीक्षक शमशुद्दीन शेख की निगरानी में जांच की। बाद में सत्र अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया। सुनवाई के दौरान, सरकारी वकील एस ए क्षीरसागर ने 12 गवाहों की जांच की। गवाहों की गवाही और प्रस्तुत सबूतों के आधार पर अदालत ने दोनों को दोषी पाया।

विज्ञापन

मुंबई जा रही महालक्ष्मी एक्सप्रेस के कोच में धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के कर्जत के पास मंगलवार सुबह कोल्हापुर से मुंबई जा रही महालक्ष्मी एक्सप्रेस के एक कोच से धुआं निकलने पर यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। घटना मंकी हिल सेक्शन में हुई। शुरुआती जांच में धुआं शॉर्ट सर्किट के कारण उठने की आशंका जताई गई है। रेलवे और जीआरपी की टीम ने तुरंत कोच की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की, जिसके बाद ट्रेन को फिर रवाना कर दिया गया। इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। ट्रेन कर्जत स्टेशन पर तय समय से करीब 45 मिनट की देरी से पहुंची।

ठाणे में बारिश का कहर, अब तक 18 मौतें; 797 लोग प्रभावित
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में जारी मानसून के दौरान बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है। जिला प्रशासन की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को दो नई मौतें दर्ज की गईं, जबकि 17 लोग विभिन्न घटनाओं में घायल हुए हैं। 24 जुलाई से अब तक बाढ़ और जलाशयों में बहने से चार लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन, दीवार गिरने और बाढ़ जैसी घटनाओं से 229 परिवारों के 797 लोग प्रभावित हुए हैं। इन्हें राहत शिविरों में ठहराया गया है। जिले में 187 मकान पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा पांच झोपड़ियां, एक सामुदायिक भवन और एक आंगनवाड़ी केंद्र भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। खराब मौसम से तीन पोल्ट्री इकाइयों को भी नुकसान पहुंचा है। जिला प्रशासन प्रभावित इलाकों में राहत और पुनर्वास कार्य लगातार चला रहा है।

विज्ञापन

 नितिन गडकरी की याचिका पर 5 अगस्त को होगी सुनवाई

बॉम्बे हाई कोर्ट ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की उस याचिका पर सुनवाई 5 अगस्त के लिए तय कर दी, जिसमें उन्होंने Meta, X Corp, Google LLC और अज्ञात लोगों के खिलाफ मानहानिकारक AI- पोस्ट और डीपफेक सामग्री हटाने की मांग की है। गडकरी ने अदालत से फर्जी और भ्रामक कंटेंट को तुरंत हटाने तथा उसके प्रसार पर स्थायी रोक लगाने की अपील की है। याचिका में कहा गया है कि एथेनॉल मिश्रित ईंधन (E20) नीति को लेकर सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ फर्जी पोस्ट और डीपफेक वीडियो प्रसारित किए गए। इनमें उन्हें इस नीति का व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार बताया गया और उनके व परिवार को इससे आर्थिक लाभ मिलने का झूठा आरोप लगाया गया। गडकरी ने कहा कि इससे उनकी प्रतिष्ठा और व्यक्तित्व अधिकारों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। याचिका में स्पष्ट किया गया है कि एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम और E20 नीति का संचालन पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय करता है, न कि वे व्यक्तिगत रूप से।

छात्रों पर कार्रवाई के खिलाफ आदित्य ठाकरे, बोले- मुफ्त में लड़ेंगे केस

शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को केंद्र और भाजपा शासित राज्यों की सरकारें निशाना बना रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ऐसे छात्रों को मुफ्त कानूनी सहायता देगी, जिनके खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि सरकार की ओर से एफआईआर वापस लेने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई राज्यों में छात्रों पर अब भी कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सभी एफआईआर वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि जिन छात्रों को नोटिस मिले, वे उन्हें भेजें। पार्टी के वकील बिना किसी शुल्क के उनके मामले लड़ेंगे। ठाकरे ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया गया। 

आदित्य ठाकरे की मांग- छात्रों पर दर्ज FIR वापस ले सरकार

शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र में नीट पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ दर्ज एफआईआर और पुलिस नोटिस वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि 22-23 जुलाई के प्रदर्शनों में शामिल छात्रों, यहां तक कि नाबालिगों पर भी कार्रवाई की गई, जो गलत है। ठाकरे ने प्रभावित छात्रों को मुफ्त कानूनी सहायता देने का ऐलान करते हुए वकीलों से भी प्रो बोनो मदद की अपील की। उन्होंने राज्य सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने, सोशल मीडिया पोस्ट हटाने और अकाउंट सस्पेंड कराने का आरोप लगाया। साथ ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा MH-CET में कथित गड़बड़ियों पर भी जवाब मांगा। ठाकरे ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से पहले सरकार को इस मामले पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। विपक्ष और कई छात्र भी MH-CET के नतीजों की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहे हैं।

नाबालिग बहनों के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में 61 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ शहर में चाकू की नोक पर दो नाबालिग बहनों के साथ कई बार यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 61 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी, जिसकी पहचान रमजान बागवान के रूप में हुई है, पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़ितों के पड़ोस में रहने वाला बागवान कथित तौर पर इस साल मई से 10 वर्षीय लड़की और उसकी चार वर्षीय बहन का यौन उत्पीड़न कर रहा था।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार से मांगा जवाब, PM मोदी की अपील का दिया हवाला
बॉम्बे हाईकोर्ट ने गणेशोत्सव के दौरान प्लास्टर ऑफ पेरिस (PoP) की मूर्तियों के इस्तेमाल पर महाराष्ट्र सरकार से उसका रुख स्पष्ट करने को कहा है। सुनवाई के दौरान अदालत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने लोगों से पर्यावरण-अनुकूल मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं अपनाने की अपील की थी। अदालत ने राज्य सरकार से पूछा कि वह इस अपील पर क्या रुख अपनाएगी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने 2020 में PoP की मूर्तियों पर रोक संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए थे। मामले में अगली सुनवाई बुधवार को होगी।

शालार्थ आईडी घोटाले में BJP से जुड़े शिक्षा कारोबारी संजय गरुड़ गिरफ्तार
महाराष्ट्र के चर्चित शालार्थ आईडी घोटाले में जलगांव के शिक्षा कारोबारी और भाजपा से जुड़े संजय गरुड़ को गिरफ्तार किया गया है। नासिक पुलिस ने बताया कि उन्हें सोलापुर जिले के नातेपुते से पकड़ा गया। आरोप है कि सरकारी पोर्टल पर शिक्षकों की फर्जी शालार्थ आईडी बनाकर उनके नाम पर वेतन निकाला गया। इस मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) कर रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पहले ही इसे राज्यव्यापी घोटाला बता चुके हैं और अनुमान जताया था कि ₹2,000 से ₹3,000 करोड़ तक की राशि की हेराफेरी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।

नागपुर में रेड अलर्ट, भारी बारिश के चलते स्कूल-कॉलेज बंद
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी (रेड अलर्ट) के बीच नागपुर जिला प्रशासन ने 29 जुलाई को जिले के सभी स्कूल, कॉलेज, आंगनवाड़ी और कोचिंग संस्थान बंद रखने का आदेश दिया है। जिला कलेक्टर कुमार आशीर्वाद ने बताया कि 28 से 30 जुलाई के बीच अत्यधिक बारिश की संभावना है। शहर में कुछ ही घंटों में 108 मिमी से अधिक बारिश दर्ज होने के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। संभावित बाढ़, यातायात बाधित होने और अन्य आपात स्थितियों को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा के लिए यह एहतियाती फैसला लिया गया है। यह आदेश सरकारी और निजी सभी शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed