फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Maharashtra ›   Maharashtra Updates 15th August Mumbai Israeli Consul General Nagpur Pune CM Fadnavis Crime politics news

Maharashtra: सीएम फडणवीस ने राहुल गांधी से माफी मांगने को कहा; ठाणे में चाल का हिस्सा गिरा, दो लोग घायल

Fri, 14 Aug 2026 11:14 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 14 Aug 2026 11:14 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates 15th August Mumbai Israeli Consul General Nagpur Pune CM Fadnavis Crime politics news
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
मुंबई में इस्राइली महावाणिज्यदूत और अन्य विदेशी मेहमान 15 अगस्त की पूर्व संध्या पर भारत की जश्न-ए-आजादी में शरीक हुए। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित महाराष्ट्र सरकार के इस कार्यक्रम पर इस्राइल के महावाणिज्यदूत यानिव रेवाच ने कहा, इस कार्यक्रम में आकर बहुत खुशी और सम्मान महसूस हो रहा है। मैं मुख्यमंत्री के बगल में बैठा था और उनके द्वारा आमंत्रित किया जाना मेरे लिए सम्मान की बात है। हम भारत और देश की जनता को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा, भारत और इस्राइल के बीच साझेदारी केवल हमारे प्रधानमंत्रियों के बीच की साझेदारी नहीं है। दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच बहुत मजबूत बंधन है, इसी के साथ-साथ भारत और इस्राइल के लोगों के बीच भी साझेदारी है। हम सांस्कृतिक सहयोग के साथ-साथ कृषि और जल क्षेत्र में भी सहयोग करते हैं। हमारी सबसे खूबसूरत परियोजनाओं में से एक छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा है। इस्राइल में कुछ महीनों में इसका उद्घाटन होने वाला है।
विज्ञापन


इस्राइल के ही दफ्तर में उप महावाणिज्यदूत अविशाग हेफर ने इस कार्यक्रम के बारे में कहा, 'यह मेरा यहां दूसरा स्वतंत्रता दिवस है... पहली बार जब मैं यहां आई थी, तो मुझे मुंबई शहर की ऊर्जा से अभ्यस्त होने में थोड़ा समय लगा था... अब दूसरा स्वतंत्रता दिवस के समय खुशी हो रही है।
विज्ञापन

महाराष्ट्र लोकायुक्त में चार सदस्यों की नियुक्ति
महाराष्ट्र लोकायुक्त संस्था में शुक्रवार को चार नए सदस्यों ने पद की शपथ ली। मुंबई के लोक भवन में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने शपथ दिलाई। इनमें बॉम्बे हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुरेंद्र पांडुरंग तावड़े और सेवानिवृत्त मुख्य जिला न्यायाधीश सुवर्णा किशोर केओले न्यायिक सदस्य हैं। वहीं महाराष्ट्र के पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव ओम प्रकाश गुप्ता और पूर्व डीजीपी रश्मि शुक्ला गैर-न्यायिक सदस्य बनी हैं। नियुक्तियां महाराष्ट्र लोकायुक्त अधिनियम, 2023 के तहत हुई हैं। सदस्यों का कार्यकाल पांच साल या 70 वर्ष की आयु तक रहेगा। शपथ ग्रहण समारोह में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
 
विज्ञापन

ठाणे में डाइंग यूनिट पर नाले में प्रदूषित पानी छोड़ने का केस
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक डाइंग यूनिट के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की है। अधिकारियों के निरीक्षण में आरोप लगा कि भिवंडी निजामपुरा शहर महानगरपालिका क्षेत्र स्थित महाराष्ट्र डाइंग से औद्योगिक अपशिष्ट सीधे नगर निगम की ड्रेनेज लाइन में छोड़ा जा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक यूनिट से उपचारित और बिना उपचारित दोनों तरह का अपशिष्ट पानी नाले में डाला जा रहा था। इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए निजामपुरा पुलिस ने कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गुरुवार को केस दर्ज किया। मामले की जांच जारी है।
 
विज्ञापन

फडणवीस ने जलना में सिल्क मार्केट भवन का उद्घाटन किया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को जलना जिले में सिल्क मार्केट भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने किसानों से सोयाबीन और कपास के साथ रेशम उत्पादन को भी अपनाने की अपील की। फडणवीस ने कहा कि जलना को स्टील, बीज और सिल्क यानी तीन एस के शहर के रूप में पहचान मिल रही है। उन्होंने बताया कि जलना में पहली रेशम नीलामी के दौरान कीमत 960 रुपये तक पहुंची, जबकि करीब 700 रुपये की उम्मीद थी। उन्होंने रेशम उत्पादों के लिए जलना का अपना ब्रांड बनाने की बात कही। फडणवीस ने कहा कि भारत करीब 80 प्रतिशत रेशम चीन से आयात करता है और इस निर्भरता को कम करना चाहिए।

मोनोरेल यात्रियों को बचाने वाले 13 दमकलकर्मियों को राष्ट्रपति पदक
मुंबई में अगस्त 2025 में मोनोरेल में फंसे 582 यात्रियों को बचाने वाले 13 दमकलकर्मियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। 10 अगस्त 2025 को मोनोरेल मायसोर कॉलोनी स्टेशन के पास करीब 40 से 50 फीट की ऊंचाई पर रुक गई थी। दमकलकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बचाव अभियान चलाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उनकी बहादुरी और कर्तव्य के प्रति समर्पण को देखते हुए पदक की घोषणा की गई। सम्मान पाने वालों में अधिकारी, स्टेशन ऑफिसर, मशीन ऑपरेटर और फायरमैन शामिल हैं। ये कर्मचारी विक्रोली, दादर, फोर्ट, चेंबूर और वडाला दमकल केंद्रों से हैं।

गढ़चिरौली में छात्राओं की मौत पर NHRC ने महाराष्ट्र सरकार से रिपोर्ट मांगी
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में सांप के काटने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है। छात्राएं आश्रम स्कूल के छात्रावास में जमीन पर सो रही थीं। इसी दौरान छह छात्राओं को सांप ने काट लिया था। इनमें तीन की मौत हो गई, जबकि तीन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। NHRC ने घटना को गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन बताया है। आयोग ने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार छात्रावास के एक कमरे में 79 छात्राएं रहती थीं और वहां बुनियादी सुविधाओं की कमी थी।

फडणवीस बोले- 2024 के चुनावी वादे पूरे किए, लाडकी बहिन योजना बंद नहीं होगी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार ने 2024 विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए सभी प्रमुख वादे पूरे किए हैं। जलना में भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में उन्होंने किसान कर्जमाफी और किसानों को मुफ्त बिजली देने का दावा किया। फडणवीस ने यह भी साफ किया कि महिलाओं के लिए चलाई जा रही लाडकी बहिन योजना बंद नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सरकार पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर, सांगली और कोंकण क्षेत्रों के अतिरिक्त बारिश के पानी को मराठवाड़ा तक पहुंचाने की योजना पर काम कर रही है। इससे सूखाग्रस्त क्षेत्र में भविष्य में पानी की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

ठाणे में चाल का हिस्सा गिरा, दो लोग घायल
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में शुक्रवार तड़के 25 साल पुरानी चाल के एक कमरे का हिस्सा गिरने से दो लोग घायल हो गए। हादसा करीब 2:45 बजे मानपाड़ा के ब्रह्मांड इलाके में रामचंद्र नगर चाल में हुआ। ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि कमरे का एक हिस्सा गिरने के साथ जमीन भी धंस गई। हादसे में दो लोगों के पैरों में चोट आई है। घटना के बाद अधिकारियों ने चाल के नौ निवासियों को कुछ समय के लिए दूसरी जगह जाने की सलाह दी। बचा हुआ ढांचा खतरनाक माना गया है। प्रशासन ने स्थिति का जायजा लिया है।

2020 के यौन तस्करी केस में तीन आरोपी बरी
ठाणे की एक अदालत ने 2020 के कथित यौन तस्करी मामले में तीन आरोपियों को बरी कर दिया। अदालत ने जांच में खामियों, स्वतंत्र गवाहों की कमी और पीड़ित महिला की गवाही नहीं होने को अहम माना। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एसएस रेंगे ने तेजल हर्षद मेहता, सुनीता राजू सिंह और नरेंद्र ओमप्रकाश धांगर को बरी किया। पुलिस ने 30 दिसंबर 2020 को मीरा रोड की एक इमारत में छापा मारकर आरोपियों को गिरफ्तार करने और एक महिला को बचाने का दावा किया था। अदालत ने कहा कि छापे के दौरान कथित बातचीत के संबंध में गवाहों के बयान एक जैसे नहीं थे। CCTV फुटेज भी जांच में शामिल नहीं किया गया।

फडणवीस ने राहुल गांधी से माफी मांगने को कहा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के अपमान का आरोप लगाया है। शुक्रवार को जलना में उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित से माफी मांगने की मांग की। फडणवीस ने राहुल गांधी के बयान को गैर-जिम्मेदाराना और पद की गरिमा के खिलाफ बताया। दरअसल, कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में राहुल गांधी ने मीडिया और सरकार की विदेश नीति पर टिप्पणी की थी। उन्होंने विदेश नीति को नेताओं को गले लगाने से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा था। इसके बाद संदीप दीक्षित ने भी मेलोनी को लेकर राहुल से सवाल किया था।

सड़क हादसे में मारे गए वेटर के परिवार को 10.37 लाख रुपये मुआवजा
ठाणे की मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) ने 2010 के सड़क हादसे में जान गंवाने वाले एक होटल वेटर के परिवार को 10.37 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। 16 अक्टूबर 2010 को दौलत ठाकरे मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में उनकी मौत हो गई थी। उनकी पत्नी, दो नाबालिग बेटों और माता-पिता ने 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग की थी। ट्रक मालिक और बीमा कंपनी को भुगतान के लिए जिम्मेदार ठहराया गया। अधिकरण ने 7.5 प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ 10,37,408 रुपये देने का आदेश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed