Maharashtra: एल्गार मामले में आरोपियों के पासपोर्ट जब्त करने पर NIA सख्त, पुणे का गैंगस्टर निलेश भागा विदेश
मुंबई की विशेष अदालत में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने सोमवार को एक अर्जी दाखिल की, जिसमें एल्गार परिषद-माओवादी लिंक मामले के पांच आरोपियों रोना विल्सन, महेश राउत, आनंद तेलतुंबड़े, गौतम नवलखा और हनी बाबू के पासपोर्ट को तय अवधि के लिए जब्त करने की मांग की गई। यह अर्जी दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 51 के तहत दी गई है, जिसके अनुसार गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम के तहत आरोप तय होने पर पासपोर्ट जब्त माना जाता है। एनआईए का कहना है कि जब्ती की अवधि अदालत को तय करनी होगी। अदालत ने बचाव पक्ष से जवाब मांगा और अगली सुनवाई नौ अक्तूबर तय की। मामला 31 दिसंबर 2017 को पुणे में हुए एल्गार परिषद सम्मेलन से जुड़ा है, जहां दिए गए भाषणों को कोरेगांव भीमा हिंसा का कारण माना गया। इस प्रकरण में अब तक 15 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
पुणे का गैंगस्टर विदेश भागा, पुलिस कर रही जांच
पुणे पुलिस एक बड़े सुराग की जांच कर रही है कि कैसे कुख्यात गैंगस्टर निलेश घायवाल, जिनके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश और जबरन वसूली जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, पासपोर्ट हासिल कर विदेश भागने में सफल हुआ। पुलिस ने पहले ही घायवाल के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कर दिया था। हाल ही में पुणे में रोड रेज घटना में उसकी गैंग पर फायरिंग और हमला करने का आरोप है। सूत्रों के अनुसार, घायवाल ने अवैध तरीके से पासपोर्ट हासिल किया होगा। अहमदनगर (अब अहिल्यनगर) पुलिस ने उसके पते की सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध नहीं के रूप में पासपोर्ट कार्यालय को भेजी थी, इसके बावजूद पासपोर्ट जारी हो गया। पुलिस का कहना है कि घायवाल ने ‘तत्काल पासपोर्ट’ के लिए आवेदन किया था। घायवाल, जो कभी गैंगस्टर गजा मार्ने का करीबी सहयोगी था, बाद में उससे अलग होकर पुणे में गैंगवार का कारण बना। पुलिस रिकॉर्ड्स के अनुसार, उसे पहले मकोका और एमपीडीए एक्ट के तहत भी बुक किया जा चुका है। पुलिस को अब यह पता लगाना है कि कोर्ट आदेश के बावजूद उसने पासपोर्ट और वीजा कैसे प्राप्त किया और किस देश में गया।
गैस सिलिंडर फटने से तीन महिलाओं की मौत
मुंबई में गैस सिलिंडर फटने से झुलसी छह महिलाओं में से तीन की मौत हो गई है, जबकि अन्य तीन गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। हादसा बीते बुधवार को सुबह मिलिट्री रोड स्थित राम किसन मेस्त्री चाल के एक दुकान में हुआ था। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) अधिकारियों के अनुसार मृतकों की पहचान राखी जोशी (47), नीतू गुप्ता (31) और पुतानू (31) के रूप में हुई है। वहीं, शिवानी गांधी (51), जानकी गुप्ता (39) और दुर्गा गुप्ता (30) कस्तूरबा अस्पताल में जीवन और मौत से जूझ रही हैं। एक अन्य पीड़ित, मनाराम कुमाकट (55) 40 प्रतिशत झुलस गए थे। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
नफरत की राजनीति के खिलाफ तुषार गांधी की पदयात्रा आज से
महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी सोमवार यानी आज से 'नफरत की राजनीति' के खिलाफ 'संविधान सत्याग्रह पदयात्रा' शुरू करेंगे। यह पदयात्रा नागपुर स्थित दीक्षाभूमि से शुरू की जाएगी और दो अक्तूबर को वर्धा के सेवाग्राम आश्रम में समाप्त होगी। संविधान सत्याग्रह पदयात्रा के तहत रविवार को नागपुर में एक मशाल मार्च निकाला गया, जिसमें महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल भी शामिल हुए। इससे पहले, गांधी ने कहा था कि यह यात्रा इस बात पर जोर देगी कि देश में महात्मा गांधी और संविधान की आवाजें जिंदा हैं। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) 2 अक्तूबर को अपना स्थापना दिवस और शताब्दी वर्ष समारोह भी मनाएगा। उन्होंने कहा, 'यह यात्रा नफरत की राजनीति के खिलाफ होगी। हम एकता और शांति का संदेश लेकर चलेंगे।'
पालघर में बाढ़ग्रस्त स्थान पर फंसी बस से 17 लोग बचाए
महाराष्ट्र में पालघर प्रशासन ने रविवार को जिले के बाढ़ग्रस्त स्थान पर फंसी एक बस से 16 महिलाओं समेत 17 लोगों को बचाया। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के बीच दहानु तालुका के चारी गांव के पास यह बचाव कार्य किया गया। सूचना मिलने के बाद, विभिन्न एजेंसियों ने अभियान शुरू किया और 16 महिलाओं और एक बस के चालक को वाहन से बचाया। उन्होंने बताया कि बचाव कार्य के दौरान दहानु पुलिस स्टेशन की इंस्पेक्टर किरण पवार घायल हो गईं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को जिले के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया था, जिसमें अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान लगाया गया था।