फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Ganpati Festival DRI Seizure British Aircraft to Mumbai cancel Nagpur Pune Politics crime

महाराष्ट्र: ठाणे कलेक्ट्रेट के दो कर्मचारी ₹50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार; रिंग मेट्रो का रूट बदलने की मांग

Sat, 12 Sep 2026 10:48 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 12 Sep 2026 10:48 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Ganpati Festival DRI Seizure British Aircraft to Mumbai cancel Nagpur Pune Politics crime
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

ब्रिटेन से भारत आने वाले विमान में तकनीकी दिक्कत आने के बाद उसे रद्द करना पड़ा। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक लंदन के हीथ्रो से मुंबई आने वाली ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट- BA135 के ब्रेकिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई। कंपनी ने पहले कहा कि एयरलाइन के इंजीनियर खराबी को ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए उड़ान में देरी होगी। हालांकि, भारतीय समयानुसार शनिवार को करीब 2.38 बजे टेक-ऑफ से ठीक पहले प्लेन टैरमैक से वापस लौटा दिया गया। विमान शाम 5:35 बजे (लंदन का समय) रवाना होना था, लेकिन रात 10 बजे (स्थानीय समय) तक ब्रेकिंग सिस्टम की तकनीकी खराबी ठीक नहीं हो सकी और उड़ान रद्द कर दिया गया।

विज्ञापन


मुंबई के तट पर अवैध शराब और बेहिसाब नकदी के साथ नाव जब्त, छह पकड़े गए
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने मुंबई में समुद्र तट के पास एक संदिग्ध नाव को कब्जे में लिया है। अपतटीय तेल रिग के पास अनधिकृत गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के संबंध में आईसीजी ने कहा, गश्ती पोत की मदद से व्यापक तलाशी ली गई। लगभग 10 लाख रुपये की अवैध शराब और बेहिसाब नकदी बरामद की गई है। नाव और उस पर सवार छह चालक दल के सदस्यों को मुंबई बंदरगाह लाकर संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया है। संदिग्ध तस्करी अभियान के पीछे के व्यापक नेटवर्क का पता लगाने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं।

विज्ञापन

नागपुर में फ्लाईओवर की दीवार से टकराई स्पोर्ट्स बाइक, दो की मौत
नागपुर के सदर फ्लाईओवर पर शुक्रवार देर रात एक स्पोर्ट्स बाइक हादसे का शिकार हो गई। हादसे में 22 वर्षीय समीर मोहम्मद शाकिर शेख और 15 वर्षीय ऐफाज मोहम्मद जाहिद अंसारी की मौत हो गई। दोनों यशोधरानगर के शिवाजीनगर के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, समीर अपने जीजा की स्पोर्ट्स बाइक लेकर ऐफाज के साथ घूमने निकला था। दोनों एलआईसी स्क्वायर से यशोधरानगर लौट रहे थे। इसी दौरान समीर ने बाइक से नियंत्रण खो दिया और बाइक गुरुद्वारे के पास फ्लाईओवर की सुरक्षा दीवार से जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों करीब 25 फीट तक सड़क पर घिसटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस गश्ती दल ने मौके पर पहुंचकर दोनों को मेयो अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सदर थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
 
विज्ञापन

नवी मुंबई हादसे में मारे गए SBI मैनेजर के परिवार को 2.40 करोड़ रुपये मुआवजा
नवी मुंबई के बेलापुर में शनिवार को हुई राष्ट्रीय लोक अदालत में सड़क हादसे से जुड़े एक मामले का निपटारा हुआ। हादसे में जान गंवाने वाले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर खुर्शीद अहमद के परिवार को 2.40 करोड़ रुपये का मुआवजा देने पर सहमति बनी। खुर्शीद अहमद की 22 दिसंबर 2021 को नेरुल के सावली चौक के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उस समय उनकी उम्र 49 साल थी और सालाना आय करीब 25 लाख रुपये थी। हादसे के बाद एनआरआई थाने में मामला दर्ज किया गया था। परिवार ने उचित मुआवजे के लिए मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण का रुख किया था। राष्ट्रीय लोक अदालत की सुनवाई के दौरान मृतक के कानूनी वारिसों और बीमा कंपनी के बीच आपसी सहमति से मामला सुलझा। इसके बाद परिवार को 2.40 करोड़ रुपये का मुआवजा देने का फैसला हुआ।
विज्ञापन

बीड में हाईटेंशन तार की चपेट में आई कंक्रीट मशीन, दो मजदूरों की मौत
महाराष्ट्र के बीड जिले में शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान बिजली का करंट लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसा अंबाजोगाई के हनुमाननगर में पंचायत समिति कार्यालय के सामने करीब दोपहर एक बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, बाबन चंद्रकांत वाघमारे (50) और यशवंत कोंडीराम वाघमारे (33) एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में स्लैब डालने का काम कर रहे थे। सड़क पर खड़ी कंक्रीट डालने वाली मशीन से करीब 30 फीट की ऊंचाई से कंक्रीट डाला जा रहा था। इसी दौरान मशीन का ऊपरी हिस्सा 11 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। दोनों मजदूर करंट की चपेट में आ गए। उन्हें तुरंत अंबाजोगाई के स्वामी रामानंद तीर्थ सरकारी ग्रामीण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ठाणे कलेक्ट्रेट के दो कर्मचारी 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कलेक्ट्रेट के दो कर्मचारियों को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मचारियों की पहचान राजस्व सहायक गणेश बालकृष्ण मोरे (34) और सेटू रजिस्ट्रेशन शाखा के चपरासी खालिद गुलाब शेख (53) के रूप में हुई है। आरोप है कि दोनों ने 'आपले सरकार' पोर्टल पर एक सेवा केंद्र का पता बदलने और उसकी आईडी सक्रिय करने के लिए 50 हजार रुपये मांगे थे। शिकायतकर्ता की पत्नी मीरा रोड ईस्ट में 'महा ई-सेवा केंद्र' चलाती हैं। इमारत की खराब हालत के कारण केंद्र को पास की दूसरी दुकान में स्थानांतरित किया गया था। नए पते को पोर्टल पर अपडेट कराने के लिए आवेदन दिया गया था। रिश्वत मांगे जाने पर शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया। इसके बाद जांभली नाका की एक चाय की दुकान पर जाल बिछाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

ठाणे में रिंग मेट्रो का रूट बदलने की मांग, 50 हजार लोगों के प्रभावित होने का दावा
ठाणे में शनिवार को 40 से अधिक हाउसिंग सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने थाणे रिंग मेट्रो प्रोजेक्ट के मौजूदा रूट का विरोध किया। प्रतिनिधियों ने ग्लेडिस अल्वारेस रोड से मेट्रो लाइन हटाकर पास की विकास योजना वाली सड़क और पहाड़ियों के किनारे से ले जाने की मांग की। उनका कहना है कि इस इलाके के लोगों के लिए मेट्रो लाइन-4 पहले से ही पैदल दूरी पर है। ऐसे में ग्लेडिस अल्वारेस रोड से नई मेट्रो लाइन बनाने की जरूरत नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मौजूदा रूट से 50 हजार से अधिक निवासी प्रभावित हो सकते हैं। इससे पेड़ों की संख्या कम होने और भूमिगत बिजली-पानी जैसी सुविधाओं को नुकसान पहुंचने की भी आशंका है। लोगों ने आवासीय इमारतों के सामने मेट्रो स्टेशन बनाने का भी विरोध किया। महा मेट्रो के अधिकारी सुरेश पखारे ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि अंतिम फैसला होने तक इस हिस्से में निर्माण कार्य रुका रहेगा।

चेंबूर में करीब 20 बिल्लियों की हत्या, 40 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
मुंबई के चेंबूर इलाके में करीब 20 आवारा बिल्लियों की हत्या और उनके शवों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने 40 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रायगढ़ जिले के पनवेल निवासी शिवा केशव जोशी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में जोशी ने बिल्लियों को गुस्से में मारने की बात कबूल की है। हालांकि, उसने ऐसा क्यों किया, इसकी जांच अभी जारी है। चेंबूर के पंजरापोल इलाके में पशु देखभाल करने वाली रूबीना पठान ने अलग-अलग समय पर बिल्लियों के क्षत-विक्षत शव देखे थे। पिछले सप्ताह भी छह शव मिले थे। इसके बाद रूबीना और PETA इंडिया के प्रतिनिधियों ने आरसीएफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और जोशी तक पहुंची। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 और पशु क्रूरता रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज किया है।

 

पुणे का भविष्य शिक्षा से बनेगा, युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाना जरूरी: आयुक्त
पुणे नगर निगम के आयुक्त नवल किशोर राम ने कहा कि शहर के भविष्य को बेहतर बनाने में शिक्षा की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल पढ़ाई और परीक्षा तक सीमित रखने के बजाय उन्हें जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक बनाना जरूरी है। राम शनिवार को वेलिंगटन कॉलेज इंटरनेशनल पुणे के तीसरे फाउंडर्स डे कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पुणे में देश के सबसे अच्छे शहरों में शामिल होने की क्षमता है। इसके लिए केवल अच्छी सड़कें, इमारतें और तकनीक पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि शहर के लोगों की सोच और क्षमता भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुणे को महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि देश का प्रमुख शिक्षा और सांस्कृतिक केंद्र बताया। मीडिया शिक्षाविद् डॉ. त्रिवेणी गोस्वामी माथुर ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक हासिल करना नहीं होना चाहिए। युवाओं में जिम्मेदारी, जागरूकता और सामाजिक समझ भी विकसित होनी चाहिए।

नागपुर में काला जादू के शक में ससुर ने विधवा बहू की हत्या की
नागपुर के पाहुने लेआउट इलाके में काला जादू करने के शक में एक बुजुर्ग ने अपनी विधवा बहू की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 42 वर्षीय लक्ष्मी रविशंकर पाली के रूप में हुई है। आरोप है कि 70 वर्षीय ससुर नत्थूमल भगवान पाली ने शनिवार को विवाद के दौरान कुल्हाड़ी से लक्ष्मी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, नत्थूमल को शक था कि लक्ष्मी उसके बेटे रविशंकर पर काला जादू करती थी, जिसकी 2019 में मौत हो गई थी। इसके बाद लक्ष्मी अलग रहने लगी थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार रात भी दोनों में झगड़ा हुआ था। शनिवार दोपहर फिर विवाद के दौरान नत्थूमल ने पास में रखी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना के बाद उसने कुएं में कूदकर जान देने की कोशिश की, लेकिन दमकल कर्मियों ने उसे बचा लिया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed