फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra: शरद गुट के बाबाजानी कांग्रेस में गए; खेवलकर के फोन से महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें मिलने का दावा

Thu, 07 Aug 2025 01:51 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Thu, 07 Aug 2025 01:51 AM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र में जलगांव के कलेक्टर आयुष प्रसाद ने बताया कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने से आई अचानक बाढ़ के बाद जिले के 16 लोगों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि जलगांव जिले के 19 लोग उत्तरकाशी में हैं, जिनमें से तीन लोगों से संपर्क हो गया है। 16 लोगों से अभी तक संपर्क नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार और जलगांव जिला प्रशासन, लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए उत्तराखंड सरकार और उत्तरकाशी जिला प्रशासन के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहे हैं। हमें उत्तराखंड सरकार से पूरा सहयोग मिल रहा है।

विज्ञापन


राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष का दावा- खेवलकर के फोन में मिले सैकड़ों आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें
महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने गुरुवार को दावा किया कि शरद पवार गुट के नेता एकनाथ खड़से के दामाद प्रंजल खेवलकर के मोबाइल फोन से महिलाओं की सैकड़ों आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो मिले हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में मानव तस्करी की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता और पुलिस को इस एंगल से जांच करनी चाहिए। एकनाथ खड़से ने चाकणकर के आरोपों को एक साजिश बताया।
विज्ञापन


पिछले महीने पुणे पुलिस की अपराध शाखा ने शहर के पॉश खराड़ी इलाके में एक अपार्टमेंट पर छापेमारी की थी और वहां से प्रंजल खेवलकर सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया था। वहां से कोकीन, गांजा, हुक्का सेट-अप और शराब बरामद हुई थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में रूपाली चाकणकर ने कहा कि आयोग ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर 'रेव पार्टी' की एसआईटी जांच की मांग की है। उन्होंने विशेष रूप से 'जबरन देह व्यापार' और मानव तस्करी के पहलू पर ध्यान देने को कहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि खेवलकर के मोबाइल में एक छिपे हुए फोल्डर में 252 वीडियो और 1,497 आपत्तिजनक तस्वीरें मिली हैं। उन्होंने दावा किया कि इनका इस्तेमाल लड़कियों को ब्लैकमेल करने के लिए किया जाता था। चाकणकर ने मांग की कि आरोपियों के मोबाइल फोन, ईमेल और पैसों के लेनदेन की भी जांच होनी चाहिए। जब इस पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो एकनाथ खड़से ने कहा कि पुलिस ने परिवार को इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चाकणकर इस मामले में इसलिए दखल दे रही हैं, क्योंकि यह उनकी बेटी रोहिणी खड़से से जुड़ा है, जो राकांपा (शरदचंद्र पवार) की महिला इकाई की अध्यक्ष हैं।

आरएसएस प्रमुख ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को नागपुर में एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जहां छत्रपति शिवाजी महाराज का प्रसिद्ध हथियार ‘वाघ-नख’ (बाघ के पंजे जैसे नुकीले हथियार) प्रदर्शित किया गया था। उन्होंने इस ऐतिहासिक हथियार को देखने के बाद कहा कि हर किसी को यह देखना चाहिए, क्योंकि यह हमें हमारे शौर्य और वीरता के इतिहास की याद दिलाता है।

यह प्रदर्शनी ‘शिवशस्त्र शौर्यगाथा’ के नाम से लगाई गई है, जिसमें मराठा योद्धाओं द्वारा इस्तेमाल किए गए कई ऐतिहासिक हथियारों को दिखाया जा रहा है। मीडिया से बात करते हुए भागवत ने कहा,
छत्रपति शिवाजी महाराज का वाघ-नख हमारी वीरता के इतिहास की याद दिलाता है। हर किसी को इसे देखना चाहिए। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह हथियार लंदन के विक्टोरिया एंड अल्बर्ट म्यूजियम के साउथ एशियन संग्रह का हिस्सा है।

बताया जाता है कि यह वाघ-नख 17वीं सदी में दक्षिण भारत में बनाया गया था। यह स्टील से बना हुआ है और इसमें एक ठोस धातु की पट्टी होती है जिसमें चार मुड़े हुए, बेहद धारदार पंजे लगे होते हैं। इसके दोनों सिरों पर अंगूठी जैसी आकृति होती है जिससे इसे हथेली में छिपाकर रखा जा सकता है। यह विशेष रूप से बाएं हाथ के लिए बनाया गया था।

एनसीपी (एसपी) नेता बाबाजानी दु्र्रानी कांग्रेस में शामिल
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता और पूर्व विधायक बाबाजानी दु्र्रानी गुरुवार को अपने समर्थकों के साथ विपक्षी पार्टी कांग्रेस में शामिल हो गए। पत्रकारों से बात करते हुए दु्र्रानी ने कहा कि क्षेत्रीय पार्टियों का प्रभाव अब कम हो रहा है और भविष्य में लोगों के पास सिर्फ दो ही विकल्प होंगे— कांग्रेस या सत्तारूढ़ भाजपा। उन्होंने कहा, क्षेत्रीय पार्टियों का क्या होगा, यह समय ही बताएगा।

गौरतलब है कि शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस की सहयोगी पार्टी है। बाबाजानी दु्र्रानी का कांग्रेस में स्वागत करते हुए महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और पार्टी नेता अमित देशमुख ने उन्हें जमीनी नेता बताया और कहा कि उनकी मौजूदगी से पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी। 2023 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के टूटने के बाद दु्र्रानी ने शरद पवार के गुट का समर्थन किया था। परभणी जिले से आने वाले दु्र्रानी 2004 से 2009 तक पाथरी विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं।  

सरकार ने मराठी फिल्म ‘खालिद का शिवाजी’ को लेकर केंद्र को भेजा पत्र
मराठी फिल्म ‘खालिद का शिवाजी’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि इस फिल्म को सेंसर बोर्ड (सीबीएफसी) से मिली मंजूरी पर पुनर्विचार किया जाए और जब तक फैसला न हो, तब तक इसकी रिलीज रोकी जाए। यह फिल्म आठ अगस्त को रिलीज होनी है।

राज्य के संस्कृति सचिव किरण कुलकर्णी ने बुधवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव को पत्र भेजा। यह कदम तब उठाया गया जब कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने आरोप लगाया कि इस फिल्म में छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास को तोड़-मरोड़कर दिखाया गया है। पत्र में कहा गया है कि इस फिल्म के मौजूदा रूप में प्रदर्शन से कानून व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है। पत्र में बताया गया है कि सरकार को पांच अगस्त को निलेश भिसे नाम के दक्षिणपंथी कार्यकर्ता से एक लिखित शिकायत मिली, जिसमें उन्होंने फिल्म के ट्रेलर को देखकर यह आरोप लगाया कि उसमें कुछ संवाद तथ्यात्मक रूप से गलत हैं और इससे जनता की भावनाएं आहत हो सकती हैं।

मुंबई में हाल ही में हुए राज्य फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान भी कुछ लोगों ने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने या आपत्तिजनक संवादों को हटाने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। पत्र में मंत्रालय से अनुरोध किया गया है कि वह सेंसर बोर्ड को फिल्म के प्रमाणपत्र की फिर से समीक्षा करने का निर्देश दे और तब तक इसके रिलीज को स्थगित रखे।

शिवसेना यूबीटी के उपनेता विट्ठल ने दिया इस्तीफा
शिवसेना (यूबीटी) के उपनेता विट्ठल मोरे ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। एक दिन पहले ही उन्होंने मुंबई में उद्धव ठाकरे के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया था। मोरे ने अपने त्यागपत्र में पार्टी के भीतर हाल के घटनाक्रमों पर गहरा असंतोष जताया। मोरे ने कहा, 'आज 'सामना' में पार्टी पदाधिकारियों की एक सूची प्रकाशित हुई। मुझे इससे पहले इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई थी।' वह नवी मुंबई के बेलापुर विधानसभा क्षेत्र में एक दशक से भी ज्यादा समय से सक्रिय हैं। मोरे ने महायुति सरकार द्वारा लक्षित उत्पीड़न का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आदेश पर मेरे होटल पर आधी रात को तीन बार छापेमारी की गई। नगर निगम और पुलिस ने तब निर्णायक कार्रवाई की जब वहां कोई अनधिकृत निर्माण नहीं था।

पुणे नगर निगम प्रमुख के केबिन में घुसे मनसे कार्यकर्ता, FIR
पुणे नगर निगम में बुधवार शाम उस समय एक बड़ा ड्रामा हुआ जब मनसे के एक पूर्व पार्षद और उनके समर्थक नगर निगम प्रमुख नवलकिशोर राम के केबिन में घुस गए। नवलकिशोर इस दौरान एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। स्थिति तब बिगड़ गई जब राम ने कथित तौर पर पूर्व पार्षद किशोर शिंदे को हिंदी में अपने कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा, जिस पर शिंदे ने आपत्ति जताई और राम से मराठी में बात करने की मांग की। स्थिति बिगड़ने पर, सुरक्षाकर्मियों ने शिंदे और उनके समर्थकों को कार्यालय से बाहर निकाला। बाद में उन्हें शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन ले जाया गया। जहां पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 132 (किसी लोक सेवक को उसके कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) के तहत शिंदे और पार्टी के अन्य सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। 

भाषा विवाद: अब प्रवासियों ने दो मराठियों को धुना, एक गिरफ्तार
महाराष्ट्र में गैर-मराठी भाषियों पर हमले के बाद अब मराठी भाषियों पर भी हमले शुरू हो गए हैं। ठाणे के भयंदर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार शाम को कुछ लोगों ने एक विवाद के बाद मराठी बोलने वाले दो लोगों को बेरहमी से धुन दिया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। हालांकि, पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरे की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि हमला रेलवे परिसर में टेंडर संबंधी किसी विवाद को लेकर हुआ था।

लातूर के आश्रय गृह में HIV संक्रमित बच्ची से दुष्कर्म मामले में चार को जमानत
महाराष्ट्र के लातूर जिले के एक आश्रय गृह में एचआईवी संक्रमित नाबालिग बच्ची से कथित दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार पांच में से चार आरोपियों को सत्र अदालत ने बुधवार को जमानत दे दी। अदालत ने मुख्य आरोपी अमित वाघमारे की जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत ने सेवालय के संस्थापक रवि बापटले, उसकी अधीक्षक रचना बापटले, कर्मचारी रानी वाघमारे और पूजा वाघमारे को एक-एक लाख रुपये के मुचलके पर जमानत दी। लातूर जिले के बाल आश्रय गृह में बच्ची के साथ कथित तौर पर दो साल तक दुष्कर्म किया गया और उसे गर्भपात के लिए मजबूर किया गया। बच्ची द्वारा अपने पैतृक जिले धाराशिव के ढोकी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, ये घटनाएं 13 जुलाई, 2023 से 23 जुलाई 2025 के बीच हासेगांव स्थित एचआईवी संक्रमित बच्चों के आश्रय गृह सेवालय में हुईं।

पूर्व विधायक हर्षवर्धन जाधव को पुलिस अधिकारी से मारपीट के मामले में एक साल की सजा
महाराष्ट्र के नागपुर की एक अदालत ने साल 2014 में एक पुलिस अधिकारी से मारपीट करने के मामले में पूर्व विधायक हर्षवर्धन रायभान जाधव को एक साल की सजा सुनाई है। यह फैसला अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश आर. जे. राय ने बुधवार को सुनाया। हर्षवर्धन जाधव, भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे के दामाद हैं। वे पहले महाराष्ट्र के कन्नड़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और शिवसेना, मनसे और शिव स्वराज्य पक्ष जैसे दलों में रह चुके हैं।

क्या था मामला?
दिसंबर 2014 में नागपुर के एक होटल में उस समय की शिवसेना (अविभाजित) के प्रमुख उद्धव ठाकरे की बैठक हो रही थी। इसी दौरान हर्षवर्धन जाधव ने पुलिस निरीक्षक पराग जाधव को थप्पड़ मार दिया था। यह आरोप सोनेगांव पुलिस स्टेशन की ओर से लगाया गया था। हर्षवर्धन को पहले अस्थायी जमानत दी गई थी, लेकिन वे कई बार कोर्ट की सुनवाई में हाज़िर नहीं हुए। इसके चलते कोर्ट ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

 

नागपुर में बीमारी से परेशान बुजुर्ग डॉक्टर ने पत्नी संग खाया जहर 
नागपुरमें शहर के समर्थ नगरी इलाके में एक 80 साल के बुजुर्ग डॉक्टर की जहर खाने से मौत हो गई, जबकि उनकी 70 वर्षीय पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना सोनेगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, डॉक्टर और उनकी पत्नी लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। डॉक्टर को पेट के अल्सर और दांतों की गंभीर समस्या थी, जिससे वे मानसिक रूप से भी बहुत परेशान थे। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे, पड़ोसियों ने डॉक्टर को घर के बरामदे में बेहोश देखा और उनकी पत्नी को घर के अंदर बेसुध हालत में पाया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

क्या मिला घटनास्थल से?
पुलिस को मौके से दो कीटनाशक की बोतलें और तीन सुसाइड नोट मिले। सुसाइड नोट में डॉक्टर ने अपने दर्द और अकेलेपन का जिक्र करते हुए लिखा कि उन्होंने यह कदम स्वेच्छा से उठाया है और किसी को भी इसका जिम्मेदार न ठहराया जाए।

मुंबई एयरपोर्ट पर 14.5 करोड़ की हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद
मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई में 14.5 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत काले बाजार में करीब 14.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह गांजा एक यात्री के ट्रॉली बैग में छुपा कर लाया गया था, जो बैंकॉक से मुंबई आया था।

कैसे हुई कार्रवाई?
यह कार्रवाई मुंबई कस्टम्स एयरपोर्ट कमिश्नरेट ने बुधवार तड़के की। यात्री की प्रोफाइलिंग के आधार पर उसे रोका गया। उसके सामान की जांच में 14.548 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। हाइड्रोपोनिक गांजा विशेष तकनीक से उगाई जाने वाली उच्च गुणवत्ता वाली ड्रग होती है, जिसकी बाजार में कीमत बहुत ज्यादा होती है।

असम के सीएम सरमा बोले- गुवाहाटी एयरपोर्ट का नया अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल नवंबर में होगा शुरू
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि गुवाहाटी एयरपोर्ट का नया अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल इसी साल नवंबर में यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। बुधवार रात मुख्यमंत्री ने भूटान के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मिलकर नए टर्मिनल भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा, "यह टर्मिनल नवंबर में शुरू हो जाएगा और हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसके उद्घाटन के लिए आमंत्रित करेंगे। मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि भूटान के गेलेफू माइंडफुल सिटी से आए प्रतिनिधियों ने भी इस टर्मिनल की सराहना की। यह नया टर्मिनल पूर्वोत्तर भारत और भूटान के बीच संपर्क बढ़ाने में मदद करेगा।

ड्रग तस्कर इकबाल मिर्ची के करीबी ने जब्त थिएटर बेचने की कोशिश की
मुंबई पुलिस ने दक्षिण मुंबई के वीपी रोड इलाके से इकबाल मिर्ची के एक पुराने सहयोगी को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा जब्त एक थिएटर को गिरा दिया और 15 करोड़ रुपये में बेचने की कोशिश की। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम अब्दुल कादिर अली मोहम्मद है उसे बुधवार को गिरफ्तार किया गया। शिकायत ईडी के अधिकारियों ने की थी।

क्या है पूरा मामला?
गिरगांव स्थित न्यू रोशन टॉकीज नामक पुराना थिएटर 2020 में ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में जब्त किया था। इसके बावजूद, अब्दुल ने पिछले साल थिएटर को तोड़ दिया और खुद को मालिक बताकर इसे मध्यप्रदेश के ग्वालियर के एक कारोबारी को बेचने की डील कर ली। सौदा 15 करोड़ में तय हुआ और उसने टोकन मनी भी ले ली थी। ईडी को शक है कि अब्दुल ने जमीन के दस्तावेजों में गड़बड़ी करके इसे अपने नाम ट्रांसफर कराया। पुलिस के अनुसार, अब्दुल और इकबाल मिर्ची ने 1982 में इस थिएटर को 6 लाख रुपये में खरीदा था। इस सौदे में ज्यादातर रकम अब्दुल ने दी थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed