फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra News and updates today Politics Crime and Other incidents importance in hindi

Maharashtra: पालघर में 42.8 लाख के नशीले पदार्थ के साथ नाइजीरियन गिरफ्तार

Wed, 15 Oct 2025 10:29 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Wed, 15 Oct 2025 10:29 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra News and updates today Politics Crime and Other incidents importance in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

पालघर में पुलिस ने एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 42.8 लाख रुपये मूल्य की मेफेड्रोन दवा जब्त की गई है। गश्त के दौरान पुलिस के मादक द्रव्य निरोधक प्रकोष्ठ के कर्मियों ने नालासोपारा इलाके में एक क्रिकेट क्लब मैदान के पास एक व्यक्ति को संदिग्ध रूप से घूमते देखा।

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक पूछताछ और तलाशी लेने पर उसके पास 214 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) पाया गया, जो एक सिंथेटिक उत्तेजक दवा है और नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान नालासोपारा के प्रगति नगर निवासी कालू बस्सी चुक्वुमेका (45) के रूप में हुई है और उसे एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन


बीड़ में किसानों के तालाब निर्माण की मांग पर विरोध हिंसक: 5 बसें क्षतिग्रस्त, 6 घायल
महाराष्ट्र के बीड़ जिले के काईज तहसील में किसानों के तालाब निर्माण की मांग को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन में हिंसा फैल गई। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को प्रदर्शनकारियों द्वारा पत्थरबाजी की गई, जिससे महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की 5 बसें क्षतिग्रस्त हो गईं और 6 लोग घायल हो गए। यह आंदोलन अब 12वें दिन पर पहुंच चुका था। वहीं युवा नेता स्वप्निल महादेव वार्पे ने भीड़ को संबोधित करते हुए जहरीली दवा का सेवन किया। पुलिस ने उन्हें तुरंत काईज उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे की चिकित्सा के लिए स्वामी रामानंद तीर्थ ग्रामीण सरकारी अस्पताल, अंबेजोगाई रेफर कर दिया गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


 

6 करोड़ के इनामी नक्सली भूपति समेत 61 ने किया आत्मसमर्पण 
 महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में वरिष्ठ नक्सली नेता मल्लोजुला वेणुगोपाल उर्फ भूपति और 60 अन्य नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। भूपति उर्फ सोनू प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के प्रमुख रणनीतिकारों में से एक था और लंबे समय से महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा पर सक्रिय था। भूपति केंद्रीय समिति और पोलित ब्यूरो का सदस्य है, जिसके ऊपर 6 करोड़ का इनाम था।

अधिकारियों ने बताया कि भूपति और उसके साथ 60 नक्सलियों को सोमवार रात 10 बजे होदरी गांव से पुलिस वाहनों में गढ़चिरौली पुलिस मुख्यालय लाया गया, जहां उन्होंने 54 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। जब्त किए गए हथियारों में सात एके-47 और नौ इंसास राइफलें शामिल हैं। इनमें से दस नक्सली डिविजनल कमेटी के सदस्य हैं। इस साल की शुरुआत में भूपति की पत्नी तारक्का ने भी
आत्मसमर्पण किया था। हाल के कुछ महीनों में शीर्ष नक्सली नेतृत्व से भूपति के मतभेद बढ़ गए थे, जिससे संगठन में आंतरिक कलह शुरू हो गई थी। भूपति का कहना था कि सशस्त्र संघर्ष अब असफल हो चुका है और लोगों का समर्थन भी घट रहा है, इसलिए शांति व बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए।

जबलपुर में 30 से शुरू होगी संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक
 राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक मध्य प्रदेश के जबलपुर में 30 अक्तूबर से शुरू होगी। इस दौरान संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी समसामयिक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे और भविष्य की योजना तैयार करेंगे। इस बैठक की तैयारियां जोरों पर हैं।

आरएसएस ने एक बयान में कहा कि तीन दिवसीय सम्मेलन में संघ प्रमुख मोहन भागवत की ओर से विजयादशमी संबोधन में उठाए गए प्रमुख मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। इसके बाद अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। आरएसएस के संचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि सम्मेलन में संघ प्रमुख भागवत, महासचिव दत्तात्रेय होसबोले, अन्य छह संयुक्त महासचिव और कार्यकारी निकाय के सदस्य हिस्सा लेंगे। 

मराठी और गैर-मराठी दुकानदारों के बीच जोरदार विवाद
ठाणे जिले के डोंबिवली में त्योहारों के दौरान लगाए जाने वाले स्टॉल को लेकर मराठी और गैर-मराठी विक्रेताओं के बीच मंगलवार को जोरदार विवाद हो गया। इस दौरान एक गैर-मराठी महिला विक्रेता ने आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों सूझबूझ दिखाते हुए उसे समझा-बुझाकर शांत किया।

गौरतलब है कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब मराठी भाषी महिलाओं के एक समूह को कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) की ओर से स्टॉल लगाने की आधिकारिक अनुमति मिली थी। लेकिन जब वे जगह पर पहुंचीं, तो पहले से कब्जा जमाए गैर-मराठी विक्रेताओं ने जगह खाली करने से इनकार कर दिया। बहस से शुरू हुए विवाद ने धीरे-धीरे उग्र रूप ले लिया। 

इस बीच नगर निगम के अतिक्रमण विभाग के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि यह स्थल मराठी विक्रेताओं को ही आवंटित किया गया था। उन्होंने कहा कि उनके बार-बार समझाने के बावजूद गैर मराठी लोग मानने को तैयार नहीं थे। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर स्थिति को फिलहाल शांत किया गया। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में चौकसी बढ़ा दी है ताकि किसी भी तरह की नई झड़प को रोका जा सके।  
 

मुंबई में आवासीय इमारत में आग, दो की दम घुटने से मौत

मुंबई में बुधवार तड़के एक सात मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोरेगांव इलाके के सिद्धार्थ नगर स्थित अतुल कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड की दूसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लेट में सुबह 3.53 बजे आग लगने की सूचना मिली।

एक नगर निगम अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और सुबह 4.15 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। दो लोगों रमीला साहा (65) और क्रुणाल साहा (40) की धुएं के कारण दम घुटने से मौत हो गई। फिलहाल आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। बता दें कि दक्षिण मुंबई के लोकप्रिय क्रॉफर्ड मार्केट में लगी आग के बाद बुधवार को महानगर में आग लगने की यह दूसरी घटना थी।

मुंबई के पीएचडी छात्र पर अमेरिका में पढ़ने वाली महिला के साथ यौन शोषण और धमकी का आरोप
मुंबई पुलिस ने एक 29 साल के व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो अमेरिका में पीएचडी कर रहा है। उस पर एक 31 साल की महिला के साथ यौन शोषण, धमकी देने और शारीरिक नुकसान पहुंचाने का आरोप है। यह महिला भी अमेरिका में पढ़ाई कर रही है। आरोप है कि उसने शादी का झूठा वादा करके यह अपराध किया। आरोपी मुंबई के लोअर परेल का रहने वाला है और उसका पिता एक निजी बैंक में बड़े पद पर है। पीड़िता माहिम की रहने वाली है। यह घटना जनवरी से जून 2025 के बीच पांच महीनों में बांद्रा के एक लग्जरी होटल और अमेरिका में हुई।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने हाल ही में बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की। एफआईआर के मुताबिक, आरोपी इलिनोइस विश्वविद्यालय में पीएचडी कर रहा है और उसकी मुलाकात पीड़िता से शादी के प्रस्ताव के लिए हुई थी। कई बार मिलने के बाद, आरोपी ने पीड़िता को बांद्रा के एक होटल में कमरा बुक करने को कहा, जहां उसने कथित तौर पर उसका यौन शोषण किया। अमेरिका में भी आरोपी ने पीड़िता के साथ दुर्व्यवहार किया।

पत्नी को एनेस्थीसिया देकर मारने के आरोप में डॉक्टर पर केस दर्ज
 बंगलूरू में एक डॉक्टर पर एनेस्थीसिया देकर अपनी पत्नी की हत्या करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की रिपोर्ट में छह महीने बाद उनकी पत्नी के अंगों में एनेस्थेटिक पदार्थ (बेहोशी की दवा) की पुष्टि होने के बाद यह केस दर्ज हुआ।

मृतका के पिता के. मुनि रेड्डी ने अपने दामाद डॉ. महेंद्र रेड्डी जी एस (31) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मुनि रेड्डी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद महेंद्र उनकी बेटी डॉ. कृतिका एम रेड्डी (28) को परेशान करते थे और एक बड़े अस्पताल के निर्माण के लिए पैसे की मांग कर रहे थे। शिकायत में कहा गया है कि महेंद्र ने पेट की तकलीफ के लिए कृतिका को कुछ दवाएं बोतल चढ़ाने के रूप में दी थीं। इसके बाद 24 अप्रैल को कृतिका अपने माता-पिता के घर में मृत पाई गईं। पुलिस ने पहले से दर्ज अस्वाभाविक मृत्यु के मामले को अब हत्या में बदल दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed