{"_id":"62be337d1756f23acb3485f0","slug":"maharashtra-new-cm-eknath-shinde-deputy-cm-devendra-fadnavis-cabinet-expansion-in-a-few-days","type":"story","status":"publish","title_hn":"Maharashtra New CM Eknath Shinde: महाराष्ट्र में शिंदे सरकार, फडणवीस बने उप-मुख्यमंत्री, सीएम बोले- बालासाहेब के शिवसैनिक के मुख्यमंत्री बनने से महाराष्ट्र खुश","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Maharashtra New CM Eknath Shinde: महाराष्ट्र में शिंदे सरकार, फडणवीस बने उप-मुख्यमंत्री, सीएम बोले- बालासाहेब के शिवसैनिक के मुख्यमंत्री बनने से महाराष्ट्र खुश
Fri, 01 Jul 2022 05:06 AM IST
देव कश्यप
अमर उजाला ब्यूरो/एजेंसी, मुंबई।
अमर उजाला ब्यूरो/एजेंसी, मुंबई।
Published by: देव कश्यप
Updated Fri, 01 Jul 2022 05:06 AM IST
सार
महाराष्ट्र में पिछले करीब दस दिन से जारी सियासी उथल-पुथल का अंत भी नाटकीयता और खींचतान से भरा रहा। भाजपा सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद पर फैसला मंगलवार को दिल्ली में फडणवीस की गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात में ही हो गया था।
विज्ञापन
एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने ली शपथ।
- फोटो : Agency
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाराष्ट्र में भाजपा ने सभी को चौंकाते हुए शिवसेना के बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे को बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री बना दिया। सीएम उम्मीदवार कहे जा रहे देवेन्द्र फडणवीस नई सरकार में उप मुख्यमंत्री बने हैं। हालांकि, फडणवीस ने शाम करीब साढ़े चार बजे शिंदे को मुख्यमंत्री बनाए जाने और खुद को सरकार से अलग रखने की अप्रत्याशित घोषणा की थी। शिंदे और फडणवीस को शाम साढ़े सात बजे राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने राजभवन में शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल का विस्तार अगले कुछ दिनों में किया जाएगा।
विज्ञापन
प्रदेश में पिछले करीब दस दिन से जारी सियासी उथल-पुथल का अंत भी नाटकीयता और खींचतान से भरा रहा। भाजपा सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद पर फैसला मंगलवार को दिल्ली में फडणवीस की गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात में ही हो गया था। हालांकि, फडणवीस इस फैसले से खुश नहीं थे, इसलिए राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद कहा कि वह सरकार में शामिल नहीं होंगे। इसके बाद शाह ने खुद पहले फडणवीस को फोन किया और बाद में ट्वीट कर स्पष्ट किया कि वही उपमुख्यमंत्री होंगे। ऐसे में फडणवीस के पास शपथ लेने के अलावा कोई चारा नहीं बचा।
विज्ञापन
शिंदे को सीएम बनाए जाने के पीछे शिवसेना को दोफाड़ करने की भाजपा की दीर्घकालीन राजनीति मानी जा रही है। इसके जरिये वह बागियों के असली शिवसैनिक होने की दावेदारी को हवा देकर ठाकरे परिवार को कमजोर करना चाहती है। इस फैसले से जमीनी कार्यकर्ताओं को भी साधने की कोशिश की गई है। शिंदे समेत अन्य बागी विधायक लगातार कहते रहे हैं कि उन्होंने शिवसेना नहीं छोड़ी है। ऐसे में यह गुट शिवसेना के नाम पर अब पूरी ताकत से दावा कर सकता है।
विज्ञापन
बालासाहेब के शिवसैनिक के मुख्यमंत्री बनने से महाराष्ट्र खुश: एकनाथ शिंदे
एकनाथ शिंदे ने कहा कि "बालासाहेब के हिंदुत्व और राज्य के विकास के एजेंडे पर हम साथ आए हैं। हम पिछली सरकार में रहते हुए भी कुछ कर नहीं पा रहे थे। महाविकास आघाड़ी सरकार की अपनी सीमाएं थीं। बड़ी पार्टी होते हुए भी देवेंद्र फडणवीस और भाजपा ने मुझे मौका दिया। इसके लिए शुक्रगुजार हूं।" उन्होंने शपथ ग्रहण के बाद देर रात कहा कि न केवल विधानसभा में उनके सहयोगी बल्कि महाराष्ट्र भी खुश है कि 'बालासाहेब ठाकरे के शिवसैनिक' मुख्यमंत्री बन गए हैं'। मुंबई में शपथ लेने के बाद शिंदे आधी रात को गोवा लौटे और अपने उन सहयोगियों से मिले, जिन्होंने उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत में उनका समर्थन किया था।
गोवा हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र उनके 50 विधायकों के कारण यह दिन देख सका। शिंदे ने कहा की, "मेरे सहयोगी और पूरा महाराष्ट्र खुश है कि बालासाहेब ठाकरे के शिवसैनिक राज्य के मुख्यमंत्री बन गए हैं।" मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि उनकी सरकार वह काम करेगी जिसकी उनसे महाराष्ट्र की जनता को उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार समाज के हर वर्ग को न्याय दिलाने के लिए काम करेगी। हम बालासाहेब ठाकरे के विजन को भी आगे बढ़ाएंगे। मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में पूछे जाने पर शिंदे ने कहा कि उनके सहयोगियों के साथ बैठक में भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
दावा: सरकार को 170 विधायकों का समर्थन
फडणवीस से उनके घर पर मिलने के बाद दोनों नेता साथ में राजभवन पहुंचे। राज्यपाल से मिलकर शिंदे के पक्ष में 170 विधायकों के समर्थन का दावा किया। फिर राज्यपाल ने शिंदे को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। राजभवन से निकलकर दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से शिंदे को मुख्यमंत्री बनाए जाने की जानकारी दी।
शिंदे अकेले पहुंचे...
एकनाथ शिंदे विमान से गोवा से मुंबई पहुंचे। अन्य बागी विधायक गोवा में ही हैं। इन सभी के जल्द ही मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।
विधानसभा का विशेष सत्र दो जुलाई से
मुख्यमंत्री बनने के बाद शिंदे ने गुरुवार रात में कैबिनेट की पहली बैठक की। इसमें दो और तीन जुलाई को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाए जाने का फैसला लिया है। इस दौरान सरकार के पक्ष में विश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है। नई सरकार ने महाधिवक्ता को निर्देश दिया है कि मेट्रो शेड परियोजना फिर से आरे कॉलोनी में ही बनाए जाने के पक्ष में कोर्ट में दलील रखें। उद्धव सरकार ने परियोजना को आरे से कांजुरमार्ग में स्थानांतरित कर दिया था।
पीएम मोदी ने दोनों नेताओं को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मराठी में ट्वीट कर शिंदे व देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी। उन्होंने लिखा, शिंदे जमीनी नेता के रूप में अपने साथ समृद्ध राजनीतिक, विधायी व प्रशासनिक अनुभव लाए हैं। विश्वास है, वह महाराष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
ऑटो से महाराष्ट्र की कमान तक
सतारा निवासी शिंदे ठाणे के कोपरी-पाचपाखाडी सीट से 2004 से चौथी बार विधायक हैं। पहले वह ऑटो चलाते थे। शिवसेना नेता आनंद दिघे उन्हें राजनीति में लाए। 2001 में दिघे की मौत के बाद शिंदे उनके उत्तराधिकारी बने।
आघाड़ी खेमे में सन्नाटा
शिंदे के सीएम बनने के एलान के बाद आघाड़ी खेमे में सन्नाटा पसर गया। देर रात, एनसीपी नेता शरद पवार ने कहा, बागी गुट के दबाव में भाजपा को यह फैसला लेना पड़ा है। हालांकि, शिंदे के सीएम बनने की मुझे उम्मीद नहीं थी।
- उद्धव ठाकरे ने बधाई देते हुए कहा, उम्मीद है शिंदे अच्छा काम करेंगे।
- कांग्रेस के मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा ने ट्वीट किया, पेश है नई ईडी सरकार।