नवाब मलिक का दावा: परमबीर और वाजे ने रची थी एंटीलिया की साजिश, फर्जी एनकाउंटर की योजना भी बनाई
इस साल फरवरी में कारोबारी मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित आवास एंटीलिया के बाहर विस्फोटकों से भरी एसयूवी मिलने के मामले में महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह और बर्खास्त एपीआई सचिन वाजे पर गंभीर आरोप लगाए।
विस्तार
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक ने मंगलवार को आरोप लगाया कि मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह और बर्खास्त पुलिसकर्मी सचिन वाजे ने उद्योगपति मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित आवास एंटीलिया के बाहर बम की धमकी की साजिश रची थी। मलिक ने दावा किया कि इस घटना के बाद इन दोनों ने नकली पासपोर्ट के जरिए एक व्यक्ति को पाकिस्तानी बताते हुए उसका फर्जी एनकाउंटर करने की योजना भी बनाई थी।
वहीं, भ्रष्टाचार के मामले में राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के इस्तीफे को मलिक ने राजनीति से प्रेरित करार दिया। इस सवाल पर कि देशमुख और उद्धव ठाकरे ने एंटीलिया मामले के बाद वाजे का समर्थन किया, मलिक ने कहा कि एक मंत्री या मुख्यमंत्री उसी आधार पर बयान देता है जो अधिकारियों ने उसे बताया होता है। मलिक ने दावा भी किया कि सिंह और वाजे ने एंटीलिया मामले में राज्य के गृह मंत्रालय को गुमराह करने का काम भी किया।
'मनसुख हिरेन की हत्या नहीं होती तो करते फर्जी एनकाउंटर'
मलिक ने कहा, 'परमबीर सिंह और सचिन वाजे ने एंटीलिया बम धमकी की योजना बनाई थी। उन्होंने एक गुंडे के लिए नकली पासपोर्ट भी बनवाया, जिस पर पाकिस्तान जाने-आने की स्टांप थी। अगर मनसुख हिरेन की हत्या नहीं होती या वह आत्मसमर्पण कर देता तो ऐसी स्थिति में दोनों ने उस गुंडे को आतंकवादी बताते हुए उसका फर्जी एनकाउंटर करने की योजना बनाई थी।' मलिक ने कहा कि एनआईए को वाजे के घर से एक नकली पासपोर्ट भी मिला है।
फरवरी में एंटीलिया के बाहर मिली थी विस्फोटक भरी एसयूवी
इस साल फरवरी में दक्षिण मुंबई में स्थित प्रसिद्ध कारोबारी अनिल अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर एक एसयूवी मिली थी जिसमें विस्फोटक रखे हुए थे। यह एसयूवी कारोबारी मनसुख हिरेन की थी, जो इसके कुछ दिन बाद ही ठाणे जिले के मुंब्रा में एक खाड़ी में मृत पाया गया था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) इस मामले की जांच कर रही है। एनआईए ने मार्च में मुंबई पुलिस में सहायक पुलिस इंस्पेक्टर (एपीआई) सचिन वाजे को गिरफ्तार किया था।