फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Hindi Updates Mumbai bmc Nagpur Pune Education Politics Crime NRI doctor-YouTuber detained

Maharashtra: युवक की हत्या के मामले में नवी मुंबई में 10 गिरफ्तार; फडणवीस ने अजित के बयान पर नाराजगी जताई

Sun, 11 Jan 2026 01:52 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: नितिन गौतम Updated Sun, 11 Jan 2026 01:52 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Hindi Updates Mumbai bmc Nagpur Pune Education Politics Crime NRI doctor-YouTuber detained
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

लंदन में रहने वाले डॉक्टर और चर्चित यूट्यूबर संग्राम पाटिल को शनिवार सुबह मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एक भाजपा पदाधिकारी द्वारा दायर मानहानि मामले में यूट्यूबर को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने उनसे घंटों पूछताछ की और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देने के बाद उन्हें जाने दिया।

विज्ञापन


पुलिस ने बताया, 'डॉ. पाटिल को लंदन से आने पर हिरासत में लिया गया। उनसे और उनकी पत्नी से पूछताछ की गई और शुरुआती जांच के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।' यह कार्रवाई भाजपा मीडिया सेल के पदाधिकारी निखिल भामरे की पिछले महीने दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पाटिल ने सत्ताधारी पार्टी के बारे में गलत जानकारी फैलाई और उसके नेताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं। पाटिल महाराष्ट्र में पले-बढ़े, लेकिन अब ब्रिटिश नागरिक हैं। 
विज्ञापन


नवी मुंबई: युवक की हत्या के मामले में 10 आरोपी गिरफ्तार
अजमेर में हुए विवाद के बाद युवक की हत्या के मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एपीएमसी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजय शिंदे ने बताया कि मृतक की पहचान कोप्रि गांव निवासी 20 वर्षीय अमित यादव के रूप में हुई है। अमित अपने दोस्तों अनुकूल, कृष्णा धनरे और मोहित मंडल के साथ उर्स में शामिल होने के लिए अजमेर शरीफ गया था। वे लोग वहां एक डॉरमेट्री में ठहरे हुए थे, जहां किसी दूसरे समूह के साथ उनका झगड़ा हो गया था। उस समय विवाद सुलझा लिया गया और दोनों ही समूह नवी मुंबई लौट आए। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इसके बाद जब दोनों पक्ष दोबारा आमने-सामने आए, तो पुराना विवाद फिर से शुरू हो गया। इसी दौरान अजय निर्मल नाम के युवक ने अमित यादव पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक इस मामले में कुल छह आरोपी हैं, जिनमें से पांच नाबालिग हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड मौजूद है, जबकि मुख्य आरोपी अजय निर्मल का कोई पुराना रिकॉर्ड नहीं है।

पुलिस ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है और अदालत ने आरोपियों को छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

ठाणे: 'निर्विरोध' माने जा रहे उम्मीदवारों के नाम भी ईवीएम में रहेंगे 
ठाणे नगर निगम के 15 जनवरी को होने वाले चुनावों के लिए फिलहाल सभी उम्मीदवारों के नाम, जिनमें वे उम्मीदवार भी शामिल हैं जिन्हें निर्विरोध माना जा रहा है, ईवीएम में दिखाई देंगे। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) से निर्देश मिलने तक यही व्यवस्था लागू रहेगी। यह जानकारी रविवार को एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।

हर सीट के लिए 'नोटा' यानी 'इनमें से कोई नहीं' का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। ठाणे नगर आयुक्त और चुनाव अधिकारी सौरभ राव ने पीटीआई से कहा कि निर्विरोध जीत से जुड़े मामले को मार्गदर्शन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के पास भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, किसे कब निर्वाचित घोषित किया जाएगा, यह राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर निर्भर करेगा।  राव ने यह भी स्पष्ट किया कि 33 वार्डों में 131 पार्षद पदों के लिए चुनाव की प्रक्रिया तभी पूरी मानी जाएगी, जब किसी वार्ड की सभी निर्धारित सीटों पर मतदान संपन्न हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 32 नगर निगम वार्डों (वार्ड 1 से 28 और 30 से 33) में चार-चार पार्षद चुने जाएंगे, जबकि वार्ड नंबर 29 में तीन पार्षद चुने जाएंगे।

महाराष्ट्र: फडणवीस ने अजित पवार के बयान पर जताई नाराजगी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता अजित पवार की उस टिप्पणी पर नाराजगी जताई, जो उन्होंने पुणे में चुनाव प्रचार के दौरान की थी। उन्होंने भाजपा की आलोचना की थी।

फडणवीस, अजित पवार की उन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिनमें उन्होंने नगर निगम चुनावों के बीच पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में स्थानीय प्रशासन को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। अजित पवार की पार्टी एनसीपी राज्य में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का हिस्सा है। खास बात यह है कि अजित पवार ने पुणे जिले के इन दोनों नगर निगम चुनावों के लिए अपने चाचा शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) के साथ गठबंधन किया है।

फडणवीस ने एक मराठी टीवी चैनल से बातचीत में कहा, मेरे पास बहुत धैर्य है और वह टूटने वाला नहीं है। हमने सहयोगी दलों के रूप में तय किया था कि हम एक-दूसरे के खिलाफ बयान नहीं देंगे। लेकिन अजित दादा ने संयम नहीं रखा। पुणे में इस तरह की आलोचनात्मक बातें कहना उन्हें शोभा नहीं देता। मैंने न तो अपने सहयोगियों के खिलाफ और न ही किसी और के खिलाफ कुछ कहा है। जब मैं मुंबई आऊंगा, तब इस पर जवाब दूंगा। 


ठाणे में कंटेनर से कच्चा ग्लिसरीन लीक, दो घंटे से ज्यादा जाम में फंसा ट्रैफिक
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रविवार देर रात एक कंटेनर ट्रक से कच्चा ग्लिसरीन लीक होने के कारण व्यस्त घोड़बंदर रोड पर यातायात करीब ढाई घंटे तक प्रभावित रहा। यह घटना गायमुख घाट इलाके में हुई। अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ। रात करीब 12:42 बजे स्थानीय आपदा प्रबंधन सेल को घटना की सूचना मिली।

जानकारी के अनुसार, निजी कंपनी का कंटेनर ट्रक अंबरनाथ से गुजरात जा रहा था और उसमें करीब 25 टन कच्चा ग्लिसरीन भरा हुआ था। अचानक ट्रक से तरल पदार्थ सड़क पर बहने लगा, जिससे फिसलन का खतरा पैदा हो गया। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के लिहाज से सड़क पर मिट्टी डाली गई और बाद में रिसाव को बंद किया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। अधिकारियों ने बताया कि कच्चा ग्लिसरीन न तो ज्वलनशील है और न ही खतरनाक, इसलिए इससे तत्काल कोई बड़ा खतरा नहीं था। इसका उपयोग साबुन, पशु आहार और कई उद्योगों में किया जाता है।

ठाणे: HR मैनेजर ऑनलाइन निवेश में ठगी का शिकार, 36 लाख रुपये गंवाए
एक एचआर मैनेजर ऑनलाइन निवेश के झांसे में फंसकर 36.74 लाख रुपये से अधिक की ठगी का शिकार हो गया। यह जानकारी नवी मुंबई पुलिस ने रविवार को दी। पुलिस के अनुसार, पीड़ित से एक महिला ने संपर्क किया और दावा किया कि वह SEBI-रजिस्टर्ड कंपनी की प्रतिनिधि है। महिला ने उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा और उच्च लाभ की गारंटी देकर शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए प्रेरित किया।

नेरुल पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ब्रह्मानंद नैकवाड़ी ने बताया पीड़ित ने आरोपी द्वारा भेजा गया लिंक डाउनलोड किया। शुरुआत में उसे 50,000 रुपये का लाभ दिखाई दिया। इसके बाद उसने अगस्त से सितंबर 2025 के बीच कुल 36.74 लाख रुपये का निवेश किया। लेकिन जब वह अपने कथित लाभ निकालने में असफल रहा, तब उसे एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गया है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत धोखाधड़ी व विश्वासघात के आरोप में मामला दर्ज किया है।
 

धारावी पुनर्विकास परियोजना: पीएम मोदी से शिलान्यास की अपील करेंगे फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि राज्य सरकार धारावी पुनर्विकास परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराने का अनुरोध करेगी। पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि सरकार इस परियोजना के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी पात्र लोगों को 350 वर्गफुट का घर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले साल जारी पहली पात्रता सूची में 75 प्रतिशत से ज्यादा झोपड़ी धारक नए घरों के लिए योग्य पाए गए हैं।
जो लोग 1 जनवरी 2000 से पहले धारावी में बसे थे, उन्हें धारावी के भीतर ही 350 वर्गफुट का फ्लैट मिलेगा। वहीं, 1 जनवरी 2000 से 1 जनवरी 2011 के बीच बसने वालों को धारावी के बाहर वैकल्पिक स्थानों पर 300 वर्गफुट के घर दिए जा सकते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed