महाराष्ट्र: कोरोना के नए स्ट्रेन का खतरा, सरकार ने 31 जनवरी तक बढ़ाए लॉकडाउन प्रतिबंध
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र के कोरोना वायरस के 3,018 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 19,25,066 हो गई है। जिसके मद्देनजर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार ने कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए 31 जनवरी 2021 तक के लिए राज्य में लॉकडाउन प्रतिबंधों का विस्तार किया है।
इस संबंध में 29 दिसंबर को एक परिपत्र जारी किया गया है। परिपत्र में कहा गया है, 'राज्य में कोविड-19 वायरस फैलने का खतरा है। इसलिए, वायरस के प्रसार को रोकने के लिए कुछ आपातकालीन उपाय अपनाते हुए राज्य में लॉकडाउन को 31 जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया गया है।'
परिपत्र में कहा गया है कि पहले से जिन गतिविधियों को अनुमति दी गई है वे जारी रहेंगी। पिछले कुछ महीनों में सरकार ने कई लॉकडाउन प्रतिबंधों को कम कर दिया है। पिछले महीने, सरकार ने पूजा स्थलों को फिर से खोलने की अनुमति दी थी। राज्य के कुछ हिस्सों में 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए स्कूल भी फिर से खोल दिए गए हैं।
Maharashtra Government extends lockdown restrictions in the state till 31st January 2021, to prevent the spread of COVID19 pic.twitter.com/mAJOhHDQkY
— ANI (@ANI) December 30, 2020
क्या है राज्य सरकार की अधिसूचना
महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने बुधवार को राज्य में कोरोना वायरस महामारी के प्रतिबंधों को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। राज्य सरकार ने पहले से चली आ रही पांबदियों को अब 31 जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया है। इस संबंध में मुख्य सचिव संजय कुमार ने सरकार की ओर से एक अधिसूचना भी जारी की है। इसमें कहा गया कि जिन गतिविधियों को कोरोना काल में समय समय पर अनुमति दी गई है, वे सभी पहले की तरह ही जारी रहेंगी।
आपको बताते चलें कि बीते काफी महीनों से उद्धव ठाकरे सरकार ने लॉकडाउन की पाबंदियों में कई तरह की ढील दी है। इस कड़ी में महाराष्ट्र में पूजा स्थलों को दोबारा खोलने की अनुमति भी शामिल है। यही नहीं, राज्य के कई हिस्सों में जहां कोरोना महामारी के मामले कम हैं, वहां 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं भी शुरू हो गई हैं।
बच्चे और बुजुर्ग घर से बाहर ना जाएं
अधिसूचना के मुताबिक, 10 साल से छोटे बच्चों और 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को इस महामारी के दौर में नया साल मनाने के लिए घर से बाहर नहीं जाने की अपील की गई है। दरअसल, नए साल के मौके पर राजधानी मुंबई के मरीन ड्राइव, जुहू, गेटवे ऑफ इंडिया जैसे पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में कोरोना के मामलों के बढ़ने की आशंका है। ऐसे में इस बार राज्य सरकार ने नए साल के मौके पर होटल्स, रेस्टोरेंट और पब को रात ग्यारह बजे तक ही खुले रहने की अनुमति दी है।
आपको बताते चलें कि मार्च में लगाए गए लॉकडाउन के तहत लगे अधिकांश प्रतिबंधों को हटा दिया गया है। जबकि निजी और सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, स्विमिंग पूल और अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों को फिर से खोलने पर फिलहाल अंकुश लगा हुआ है। इसके साथ ही मुंबई में लोकल ट्रेनें अब तक सभी यात्रियों के लिए शुरू नहीं की गई हैं। राज्य सरकार ने अभी तक सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक उद्देश्यों के लिए बड़े समारोह पर भी रोक लगाई हुई है।
5 जनवरी तक लागू रहेगा नाइट कर्फ्यू
राज्य सरकार ने 22 दिसंबर को 7 घंटे का नाइट कर्फ्यू लागू किया था, जो 5 जनवरी तक के लिए लागू रहेगा। इस संबंध में जिला क्लेक्टर को ये भी अधिकार दिया गया है कि वे उचित समझने पर ग्रामीण क्षेत्रों में इसी तरह की पाबंदी लगा सकते हैं। बता दें कि बीते दो महीने से महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के नए मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले लगातार 25 दिनों से राज्य में रोजाना पांच हजार से कम केस दर्ज किए गए हैं। गौरतलब है कि बुधवार को प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 19,25,066 हो गई थी, जबकि कोरोना वायरस की वजह से 49,373 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
दरअसल, ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया स्वरूप मिलने के बाद से भारत समेत दुनिया भर के ज्यादातर देशों में हड़कंप मच गया है। भारत समेत ज्यादातर देशों ने ब्रिटेन से अपनी हवाई सेवा पर रोक लगाई है, जिसे बुधवार को 7 जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया गया है।
यह भी पढ़ें- कोरोना वायरस: अबतक ब्रिटेन से लौटे 20 लोगों में मिला नया स्ट्रेन, जानें कहां कितनी है संख्या
ब्रिटेन से मुंबई पहुंचे तीन यात्री
सरकार ने लॉकडाउन प्रतिबंधों को ऐसे समय पर बढ़ाया है जब 25 दिसंबर के बाद ब्रिटेन से तीन यात्री मुंबई पहुंचे हैं। ये तीनों कोरोना वायरस की चपेट में हैं। माना जा रहा है कि ये कोविड-19 के नए स्ट्रेन से संक्रमित हो सकते हैं। वहीं भारत में अबतक ब्रिटेन वैरिएंट स्ट्रेन के संक्रमितों की संख्या 20 हो गई है।
दिल्ली में हैं नए स्ट्रेन के सबसे अधिक मामले
कोरोना के नए स्ट्रेन के सबसे अधिक मामले दिल्ली में मिले हैं। दिल्ली की एनसीडीसी लैब में 14 में से 8 नमूने नए स्ट्रेन के मिले हैं। वहीं बंगलूरू की निमहंस लैब में इसके संक्रमितों की संख्या सात है। कोलकाता और पुणे की लैब में कोरोना के नए रूप के एक-एक मामले मिले हैं। सीसीएमबी हैदराबाद में दो नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ जीनोमिक्स एंड इंटीग्रेटिव बायोलॉजी में एक सैंपल पॉजिटिव पाया गया है।