Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra BMC to Inspect Madrasa Construction After Assault at Pramod Mahajan Garden, Contractor Fined

महाराष्ट्र: प्रमोद महाजन गार्डन में मारपीट के बाद मदरसे के निर्माण की जांच करेगी बीएमसी, ठेकेदार पर जुर्माना

Mon, 23 Nov 2026 08:21 PM IST
Sunil Mehrotra सुनील मेहरोत्रा
Updated Mon, 23 Nov 2026 08:21 PM IST
सार

मुंबई के प्रमोद महाजन गार्डन में नाबालिगों की ओर से दो लड़के-लड़कियों के साथ मारपीट के बाद बीएमसी ने गार्डन के ठेकेदार पर जुर्माना लगाया है। साथ ही पीछे स्थित मदरसे के निर्माण की जांच का नोटिस जारी किया है। क्या मदरसे का निर्माण नियमों के मुताबिक हुआ है? जांच में कौन से दस्तावेज मांगे गए हैं? क्या ठेकेदार की लापरवाही पर आगे भी कार्रवाई होगी? 

विज्ञापन
Maharashtra BMC to Inspect Madrasa Construction After Assault at Pramod Mahajan Garden, Contractor Fined
मदरसे के निर्माण की जांच के लिए बीएमसी ने क्या आदेश दिया? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

मुंबई के घाटकोपर पश्चिम स्थित प्रमोद महाजन गार्डन में दो लड़के-लड़कियों के साथ मारपीट की घटना के बाद अब बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने इलाके में स्थित मदरसे के निर्माण की जांच करने का फैसला किया है। नारायण नगर इलाके में गार्डन के पीछे बने मदरसा जामिया फातिमातुज़्ज़हरा परिसर में निर्माण की जांच के लिए बीएमसी ने नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही गार्डन में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के मामले में ठेकेदार पर जुर्माना भी लगाया गया है। बीएमसी ने ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। हालांकि, मदरसे के निर्माण की जांच के लिए जारी नोटिस में गार्डन में हुई मारपीट की घटना को वजह नहीं बताया गया है।

विज्ञापन


मदरसे के निर्माण की जांच के लिए बीएमसी ने क्या आदेश दिया?
बीएमसी के एल वार्ड के सहायक आयुक्त कार्यालय ने 23 नवंबर को मदरसा जामिया फातिमातुज़्ज़हरा के परिसर में बने निर्माण की जांच के लिए नोटिस जारी किया। यह मदरसा प्रमोद महाजन गार्डन के पीछे गुरु गोविंद सिंह मार्ग यानी गैबन शाह दरगाह रोड पर स्थित है। नोटिस के मुताबिक, 25 नवंबर या उसके बाद किसी भी कार्यदिवस पर कार्यालय समय के दौरान बीएमसी के अधिकारी और कर्मचारी परिसर में पहुंचेंगे। वे वहां बने ढांचे की जांच करेंगे और उसकी नाप-जोख भी करेंगे। इस कार्रवाई का उद्देश्य निर्माण से जुड़े दस्तावेजों और मौके पर मौजूद ढांचे की स्थिति की जांच करना है। नोटिस मदरसे के मालिक, वहां रहने वाले कब्जाधारक या किरायेदार के नाम जारी किया गया है।
विज्ञापन


जांच के दौरान मदरसा प्रबंधन को कौन से दस्तावेज दिखाने होंगे?

  • बीएमसी से मंजूर निर्माण का नक्शा यानी अप्रूव्ड प्लान।
  • भवन का ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट।
  • निर्माण की अनुमति से जुड़े अन्य जरूरी प्रमाणपत्र और मूल दस्तावेज।
  • परिसर में बने निर्माण की वैधता साबित करने वाले सभी संबंधित कागजात।


बीएमसी ने नोटिस में संबंधित लोगों को निर्देश दिया है कि जांच के समय सभी मूल दस्तावेज तैयार रखें। इन कागजात के आधार पर अधिकारी यह पता लगाएंगे कि मदरसा परिसर में बना ढांचा नियमों के मुताबिक बनाया गया है या नहीं। यदि निर्माण से जुड़े जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाते हैं, तो अधिकारी मौके पर मौजूद स्थिति और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई कर सकते हैं। हालांकि, जारी नोटिस में किसी तरह के अवैध निर्माण की पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल यह जांच की प्रक्रिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन


बीएमसी को मदरसा परिसर में प्रवेश और जांच का अधिकार कैसे मिला?
नोटिस में मुंबई महानगरपालिका कानून की धारा 68 का उल्लेख किया गया है। इसके तहत कमिश्नर ने संबंधित अधिकारी को धारा 488 के अधिकार दिए हैं। इसी कानूनी अधिकार के आधार पर बीएमसी के अधिकारी और कर्मचारी मदरसा परिसर में प्रवेश कर सकते हैं और वहां बने निर्माण की जांच तथा नाप-जोख कर सकते हैं। नोटिस पर एल वार्ड के असिस्टेंट इंजीनियर (बी एंड एफ) के हस्ताक्षर हैं। इसकी एक प्रति घाटकोपर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक को भी भेजी गई है, ताकि पुलिस को जांच की कार्रवाई की जानकारी रहे और जरूरत पड़ने पर मौके पर सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके। पुलिस स्टेशन में 23 नवंबर को शाम 4 बजकर 48 मिनट पर नोटिस मिलने की मुहर भी लगाई गई है।


गार्डन में मारपीट के बाद ठेकेदार पर बीएमसी ने क्या कार्रवाई की?
प्रमोद महाजन गार्डन में कुछ दिनों पहले नाबालिगों के एक समूह ने दो लड़के-लड़कियों के साथ मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और छह नाबालिगों को हिरासत में लिया था। घटना के बाद गार्डन की सुरक्षा व्यवस्था और वहां की निगरानी को लेकर सवाल उठे। बीएमसी ने गार्डन में लापरवाही और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के लिए ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया है। इसी आधार पर ठेकेदार पर जुर्माना लगाया गया और उसे कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। दूसरी ओर, इलाके में इस घटना के बाद मदरसे के निर्माण को लेकर भी चर्चा शुरू हुई। इसके बाद बीएमसी ने परिसर की जांच के लिए नोटिस जारी किया। हालांकि, दोनों मामलों को जोड़ने वाली कोई वजह बीएमसी के नोटिस में दर्ज नहीं है। अब 25 नवंबर या उसके बाद होने वाली जांच में मदरसे के निर्माण से जुड़े दस्तावेजों और ढांचे की स्थिति स्पष्ट होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed