Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   jmm-opposes-proposed-delimitation-process-demands-state-consultation-tribal-representation-india-bloc-bjp

परिसीमन विधेयक: झामुमो ने साफ किया अपना रुख, प्रक्रिया पर उठाए सवाल; कहा- मौजूदा प्रस्ताव का समर्थन नहीं

Mon, 30 Nov 2026 04:55 AM IST
देवेश त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Mon, 30 Nov 2026 04:55 AM IST
सार

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया की निष्पक्षता और उसके लोकतांत्रिक प्रभावों पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि प्रतिनिधित्व बढ़ाने के नाम पर आदिवासी, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदायों के राजनीतिक अधिकार कमजोर नहीं होने चाहिए।

विज्ञापन
jmm-opposes-proposed-delimitation-process-demands-state-consultation-tribal-representation-india-bloc-bjp
झामुमो ने की राज्यों से परामर्श और पारदर्शिता की मांग - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्र की भाजपा सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को संसद से पारित कराने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। इस बीच रविवार की देर रात झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने इन संविधान संशोधन विधेयकों पर अपनी स्थिति साफ कर दी है।
विज्ञापन


झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि उसका विरोध प्रतिनिधित्व बढ़ाने से नहीं, बल्कि प्रक्रिया की निष्पक्षता और उसके दूरगामी लोकतांत्रिक प्रभावों को लेकर है। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल सदन में सीटों की संख्या बढ़ाने से नहीं आती, बल्कि सभी वर्गों, समुदायों और क्षेत्रों को समान सम्मान और प्रभावी प्रतिनिधित्व मिलने से आती है।
विज्ञापन


हेमंत सोरेन की पार्टी ने क्या कहा?
झामुमो के मुताबिक, परिसीमन की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे आदिवासी समाज सहित दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की राजनीतिक भागीदारी कमजोर होने के बजाय और मजबूत हो। पार्टी ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी आदिवासी विरासत, सामाजिक विविधता और सामुदायिक चेतना में निहित है। ऐसे में निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन करते समय स्थानीय समुदायों की पहचान और उनके सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों का ध्यान रखना जरूरी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


राज्यों की भागीदारी और संघीय संतुलन पर जोर
पार्टी ने परिसीमन जैसे दूरगामी फैसलों में राज्यों की भागीदारी और राज्य सरकारों से औपचारिक परामर्श को अनिवार्य बताया है। उसका कहना है कि भारत की संघीय व्यवस्था राज्यों के सम्मान और साझेदारी पर आधारित है। लोकतंत्र में राज्यों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

झामुमो ने कहा कि परिसीमन केवल निर्वाचन क्षेत्रों के नक्शे पर नई लकीरें खींचने की प्रक्रिया नहीं है। इससे लाखों नागरिकों के राजनीतिक अधिकार, सामाजिक पहचान और भविष्य जुड़े होते हैं। इसलिए हर फैसला पारदर्शी, निष्पक्ष और स्पष्ट संवैधानिक मानदंडों पर आधारित होना चाहिए।

महिला आरक्षण का समर्थन, लेकिन दूसरे अधिकार प्रभावित न हों
महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर पार्टी ने कहा कि उन्हें उनका उचित अधिकार मिलना चाहिए और महिला आरक्षण को प्रभावी बनाना सभी की साझा जिम्मेदारी है। हालांकि, महिला सशक्तिकरण और परिसीमन की प्रक्रिया इस तरह लागू होनी चाहिए कि महिलाओं को राजनीतिक अधिकार देते समय दूसरे समुदायों के प्रतिनिधित्व और राज्यों के संवैधानिक हित प्रभावित न हों।

राजनीतिक निष्पक्षता और सार्वजनिक सुनवाई की मांग
झामुमो ने निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के निर्धारण में राजनीतिक हितों के हस्तक्षेप पर भी चिंता जताई। पार्टी ने राजनीतिक लाभ (Gerrymandering) के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव की प्रवृत्ति को लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व के लिए गंभीर खतरा बताया।

पार्टी के अनुसार, परिसीमन की प्रक्रिया राजनीतिक निष्पक्षता, संस्थागत स्वतंत्रता और सार्वजनिक जवाबदेही की कसौटी पर खरी उतरनी चाहिए। इसके लिए नागरिकों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों को आपत्तियां दर्ज कराने तथा सार्वजनिक सुनवाई में अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दिया जाना चाहिए।

स्वतंत्र आयोग और न्यायिक सुरक्षा की मांग
झामुमो ने कहा कि परिसीमन आयोग के फैसलों को विधिक बल प्राप्त होता है और संसद या विधानसभाएं उनमें संशोधन नहीं कर सकतीं। ऐसे में आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता का महत्व और बढ़ जाता है। पार्टी ने इस प्रक्रिया में स्पष्ट मानदंड, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पर्याप्त संवैधानिक एवं न्यायिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

झारखंड के संदर्भ में पार्टी ने कहा कि भौगोलिक निरंतरता, सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों और स्थानीय समुदायों की पहचान को समझे बिना निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन नहीं किया जा सकता। ऐसी व्यवस्था नहीं होनी चाहिए, जिससे वर्षों से जुड़े समुदाय अनावश्यक रूप से विभाजित हों और उनकी सामूहिक राजनीतिक आवाज कमजोर पड़े।


झामुमो ने स्पष्ट किया कि संसद में व्यापक विमर्श, राज्यों से परामर्श, स्वतंत्र परिसीमन आयोग और वंचित समुदायों के अधिकारों की ठोस गारंटी के बिना प्रस्ताव का समर्थन संभव नहीं है। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में संख्या से अधिक महत्वपूर्ण न्यायपूर्ण प्रतिनिधित्व है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed