आतंकी सरगना हाफिज सईद से जुड़ रहे हैं जाकिर नाईक के तार, राजनाथ ने दिए सख्ती के संकेत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांग्लादेश में हुए हमले के बाद इस्लामिक उपदेशक डॉ जाकिर नाईक पर शिंकजा कसता नजर आ रहा है। एक ओर उनके तार आतंकी हाफिज सईद से जुड़ रहे हैं और दूसरी ओर केंद्र सरकार भी सख्त रुख अपनाने की ओर है।
बता दें कि जमात-उद-दावा की वेबसाइट पर जाकिर के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन यानी आईआरएफ का लिंक मिला है। साथ ही साथ यह भी देखा गया है कि आईआरएफ की वेबसाइट पर जमात के पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई है।
अंग्रेजी मैगजीन इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक हाफिज सईद के संगठन की पुरानी वेबसाइट पर जाकिर के आईआरएफ का जिक्र है। जमात की वेबसाइट के आर्काइव पेज पर आईआरएफ की वेबसाइट का लिंक मौजूद है। ठीक इसी तर्ज पर आईआरएफ की वेबसाइट पर भी जमात के ट्रेनिंग कार्यक्रम का पूरी जानकारी वहां मौजूद है।
यह खुलासा ऐसे वक्त हुआ है जब कि जाकिर नाइक की तकरीरों का जिक्र बांग्लादेश के ढाका स्थित एक कैफे में हमले के बाद आया है।
जांच के आदेश
इस मामले में केंद्रीय गृहमंत्री ने भी कड़ा रुख अख्तियार करने की बात कही है। शुक्रवार को उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आंतकवाद पर किसी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा, और इस मामले में समुचित जांच कराई जाएगी। राजनाथ ने आगे कहा कि जांच के बाद ही इस पर फैसला लिया जा सकेगा।
राजनाथ ने कहा कि जाकिर के भाषणों की सीडी की जांच की जाएगी।
वहीं डॉ जाकिर नाईक के भाषणों को केंद्र सरकार ने आपत्तिजनक माना है और अब महाराष्ट्र सरकार ने भी उस पर शिकंजा कस दिया है। महाराष्ट्र सरकार ने नाईक के भाषणों की जांच के आदेश दिए हैं। स्वयं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के पुलिस कमिश्नर दत्तात्रेय पडसालगीकर से जाकिर के भाषणों की जांच कर पूरी रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने मुंबई के पुलिस कमिश्नर से डॉ जाकिर नाईक के भाषण, उसके सोशल मीडिया अकाउंट, उनके फाउंडेशन को मिलने वाले फंड की पूरी जांच करने और जल्द रिपोर्ट देने को कहा है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम वेंकैया नायडू ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘गृह मंत्रालय जाकिर के भाषणों का अध्ययन करेगा। इसके अध्ययन के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, उनके भाषण अत्यंत आपत्तिजनक हैं।’
जब से ढाका में आत्मघाती हमला करने वाले आतंकियों में से कम से कम दो के जाकिर नाईक के मजहबी उपदेशों से प्रभावित होने की बात सामने आई है, उसके बाद से जाकिर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। माना जा रहा है कि इसी परिप्रेक्ष्य में फडणवीस ने जांच के आदेश दिए हैं। मुंबई पुलिस जाकिर हुसैन के भाषणों की जांच के साथ ही उनकी संस्था इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन को हो रही फंडिंग की भी जांच करेगी।
वहीं अपने ऊपर लगे आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोप के बीच जाकिर नाईक ने कहा, ‘मैं इस बात से पूरी तरह असहमत हूं कि मैंने निर्दोष लोगों की हत्या के लिए प्रेरित किया है। मैंने कभी ऐसी कोई बात नहीं की जहां किसी मुस्लिम या गैर-मुस्लिम को मारने के लिए प्रोत्साहित किया हो।’
Published By Rahul Sankrityayan