Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   madras high court says ed can attach proceeds of crime without proving concealment risk

'अलग से सबूत की जरूरत नहीं': ईडी को कार्रवाई की मंजूरी; अदालत ने हिरण्यकश्यप की कथा से समझाया कानून का पेंच

Tue, 24 Nov 2026 11:26 AM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई। Published by: निर्मल कांत Updated Tue, 24 Nov 2026 11:26 AM IST
सार

मद्रास हाईकोर्ट ने हिरण्यकश्यप के वरदान की कहानी से कानून का पेंच समझाया। ईडी को अपराध की कमाई वाली संपत्ति कुर्क करने के लिए क्या अलग से साबित करने की जरूरत नहीं होगी? अदालत ने एआई के अनुवाद की सीमाओं पर भी दिलचस्प टिप्पणी की। पढ़िए रिपोर्ट

विज्ञापन
madras high court says ed can attach proceeds of crime without proving concealment risk
मद्रास हाईकोर्ट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक/एएनआई

विस्तार

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को अपराध की कमाई से बनी संपत्ति कुर्क करने के लिए अलग से सबूत देने की जरूरत नहीं है। उसे यह साबित नहीं करना होगा कि संपत्ति छिपाई जा सकती है या दूसरी जगह भेजी जा सकती है। मद्रास हाईकोर्ट ने सोमवार को यह फैसला सुनाया। यह मामला धनशोधन निवारण अधिनियम की धारा 5(1) से जुड़ा है।
विज्ञापन


न्यायमूर्ति जीआर स्वामीनाथन और न्यायमूर्ति पी. वडामलाई की खंडपीठ ने एक पौराणिक कथा का जिक्र किया। इसके जरिये अदालत ने कानून के व्यापक दायरे को समझाया। पीठ ने हिरण्यकश्यप की कहानी सुनाई।
विज्ञापन


अदालत ने कहा कि कानून में कोई रास्ता निकालना आसान नहीं है। इसके लिए बहुत तेज दिमाग की जरूरत पड़ सकती है। पीठ ने इसकी तुलना हिरण्यकश्यप को मिले वरदान से की।
विज्ञापन
विज्ञापन


अदालत ने कहा, 'हमें केवल उस वरदान की याद आती है, जो हिरण्यकश्यप ने भगवान से मांगा था। उसने अपनी बात को व्यापक और पूरी तरह से स्पष्ट रखने की कोशिश की थी। लेकिन फिर भी भगवान ने उसमें एक रास्ता खोज लिया। हो सकता है कि कोई तेज दिमाग वाला व्यक्ति धारा 3 में कोई छूटा हुआ पहलू खोज ले। लेकिन फिलहाल हम ऐसा कोई पहलू नहीं खोज पा रहे हैं'। 

ये भी पढ़ें: पोखरण में ज्वाला एमके-1 का सफल परीक्षण: पांच किमी दूर तबाह होंगे दुश्मन के ड्रोन; एआई से लैस है स्वदेशी सिस्टम

हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, हिरण्यकश्यप ने कठिन तपस्या कर भगवान ब्रह्मा से वरदान प्राप्त किया था। उसे अपनी मृत्यु को असंभव बनाने के लिए वरदान मिला था। उसने वरदान मांगा था कि उसे कोई इंसान या जानवर न मार सके। उसकी मृत्यु घर के अंदर या बाहर न हो। उसे दिन या रात में भी न मारा जा सके। साथ ही, किसी हथियार से भी उसकी हत्या न हो। लेकिन भगवान विष्णु ने इसका रास्ता निकाल लिया था। उन्होंने नरसिंह अवतार लिया। यह आधे मनुष्य और आधे शेर का रूप था। उन्होंने संध्या के समय महल की दहलीज पर हिरण्यकश्यप का वध किया। इसके लिए उन्होंने अपने नाखूनों का इस्तेमाल किया।

क्या था पूरा मामला?
खंडपीठ के सामने कई अपीलें आई थीं। ये अपीलें ईडी की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई के खिलाफ थीं। मामला मदुरै में कथित अवैध ग्रेनाइट खनन से जुड़ा था। सुनवाई के दौरान एक सवाल उठा। क्या ईडी को संपत्ति कुर्क करने से पहले अलग से सबूत देना होगा? क्या उसे यह साबित करना होगा कि अपराध की कमाई छिपाई जा सकती है या दूसरी जगह भेजी जा सकती है? यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम की धारा 5(1) के तहत की गई थी।

अदालत ने कहा, ईडी के पास पर्याप्त सामग्री होनी चाहिए, जिससे यह विश्वास हो कि किसी व्यक्ति के पास अपराध की कमाई से बनी संपत्ति है। ऐसा होने पर संपत्ति छिपाने या दूसरी जगह भेजने की आशंका की शर्त भी पूरी मानी जाएगी। 

फैसले में कहा गया, 'एक बार (क) के संबंध में तय मानक पूरा हो जाने पर, जिस तरह बछड़ा गाय के पीछे चलता है, उसी तरह (ख) के संबंध में भी यह शर्त पूरी मानी जाती है'। पीठ ने इसकी वजह भी बताई। अदालत ने कहा, 'अपराध की कमाई रखने वाला व्यक्ति उसे छिपा सकता है। वह उसे दूसरी जगह भेज सकता है। वह उसके साथ किसी दूसरे तरीके से लेन-देन भी कर सकता है'।

अदालत ने कहा, 'कुछ न करना भी संपत्ति को बेदाग दिखाने की कोशिश हो सकती है। ऐसे में ईडी से अलग से आशंका साबित करने की मांग करना बहुत ज्यादा उम्मीद करने जैसा होगा'। अदालत ने टिप्पणी की, 'घोड़ों के भाग जाने के बाद घुड़साल पर ताला लगाने का कोई मतलब नहीं है'।

एआई के अनुवाद पर क्या कहा?
फैसले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की सीमाओं पर भी चर्चा हुई। मामला अनुवाद से जुड़ा था। अपीलकर्ताओं ने कहा था कि निर्णायक प्राधिकरण ने कुछ दस्तावेजों पर भरोसा किया। ये दस्तावेज तमिल भाषा में थे। इनका अनुवाद नहीं कराया गया था।

न्यायमूर्ति स्वामीनाथन ने इस दलील को ऐसा आसान मुद्दा बताया, जिसे आसानी से उठाया जा सकता है। उन्होंने कहा, तकनीक ने अनुवाद का काम काफी आसान कर दिया है। फैसले में कहा गया, 'वे दिन चले गए, जब अनुवाद एक लंबी और मेहनत भरी प्रक्रिया हुआ करती थी। उभरती तकनीक की बदौलत अब यह काम कुछ ही समय में किया जा सकता है'।

हालांकि, अदालत ने एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया। यह किस्सा सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एस. अब्दुल नजीर से जुड़ा था। न्यायमूर्ति नजीर ने भारतीय न्यायपालिका को औपनिवेशिक प्रभाव से मुक्त करने पर एक व्याख्यान दिया था। इस दौरान उन्होंने एक सिद्धांत समझाया। इसके लिए उन्होंने 'पागल कुत्ते' शब्द का इस्तेमाल किया।

ये भी पढ़ें: कार्तिगई दीपम: तिरुपरनकुंद्रम में दीप जलाने की तैयारी जारी, तिरुवन्नामलाई में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब


एआई ने इसका तमिल में गलत अनुवाद कर दिया। अदालत ने कहा कि तमिल की थोड़ी-सी भी समझ रखने वाला व्यक्ति सही शब्द पहचान सकता था। पीठ ने तीन साहित्यिक अनुवादकों का भी जिक्र किया। इनमें एन. कल्याण रमन, प्रियम्वदा और सुचित्रा रामचंद्रन शामिल हैं। अदालत ने कहा कि एआई के आगे बढ़ने से इन अनुवादकों का काम खत्म नहीं होगा।

पीठ ने कहा, 'एआई किसी सरकारी अधिकारी की तत्काल जरूरतों को पूरा कर सकता है। लेकिन यह किसी समझदार पाठक की सौंदर्यबोध से जुड़ी जरूरतों को कभी पूरा नहीं कर सकता'।

अपीलकर्ताओं की दलील क्यों खारिज हुई?
अदालत ने बिना अनुवाद वाले दस्तावेजों पर उठाई गई आपत्ति खारिज कर दी। पीठ ने कहा, 'यह माना जा सकता है कि निर्णायक प्राधिकरण ने तमिल दस्तावेजों को समझ लिया था'। अंत में अदालत ने सभी अपीलें खारिज कर दीं। ईडी की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई को बरकरार रखा गया। पीठ ने कहा, 'अपीलकर्ताओं को धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत उपलब्ध कानूनी उपायों का इस्तेमाल करना होगा'।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed