चुनावी हलचल: कीर्ति आजाद को मिला टिकट...भाजपा के संकल्प पत्र पर सियासी संग्राम
- पीएम मोदी और अमित शाह की ताबड़तोड़ रैलियां जारी
- पहले चरण के मतदान शुरू होने में महज तीन दिन बाकी
- 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान
- थीम सांग के जरिए प्रभावित करने में लगी भाजपा और कांग्रेस
विस्तार
महासंग्राम में बदल चुके लोकसभा चुनाव 2019 के माहौल के बीच पहले चरण के मतदान शुरू होने में बस तीन दिन शेष रह गए हैं। यहां आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी मिलेगी।
08 अप्रैलः दिनभर की चुनावी हलचल का अपडेट--
-भाजपा से कांग्रेस में गए कीर्ति आजाद को धनबाद से टिकट मिला। कालीचरण मुंडा को खुंटी से कांग्रेस उम्मीदवार बनाया गया।
Jharkhand: Kirti Azad and Kalicharan Munda to contest for Congress from Dhanbad and Khunti respectively. #LokSabhaElections2019 pic.twitter.com/ejYSApmzeI
विज्ञापन विज्ञापन— ANI (@ANI) April 8, 2019
-फेसबुक ने अपने मुख्यालय में एक व्यापक रणनीति शुरू की है जिसमें इलेक्शन वार रूम में ‘सूचना योद्धा’ फर्जी खबरें, मतदाता को दबाने का प्रयास, संदिग्ध खाता व्यवहार, नफरत भरे संदेश तथा फर्जी खातों जैसी घटनाओं पर नजर रख रहे हैं। फेसबुक इंडिया के प्रबंध निदेशक तथा उपाध्यक्ष अजित मोहन ने बताया कि इस मंच ने भारत में मान्यता प्राप्त सात संगठनों के साथ तथ्यों की जांच के लिए साझेदारी की है। मोहन ने ब्लॉगपोस्ट में कहा कि ये समूह बहुतायत में बोली जाने वाली आठ भाषाओं-अंग्रेजी, हिन्दी,बंगाली,मराठी,तेलुगू,तमिल,मलयालम, गुजराती भाषाओं को कवर करते हैं और अन्य को शामिल करने पर विचार कर रहा है।
-गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर के सुचेतगढ़ में कहा, "जिन लोगों ने जम्मू-कश्मीर में लंबे समय तक राज किया है, वो कहते हैं कि राज्य में अलग पीएम होना चाहिए। अगर कोई कश्मीर के लिए अलग पीएम की बात करता है तो हमारे पास अनुच्छेद 370 और 35ए हटाने के सिवा कोई विकल्प नहीं है।"
-मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा विधानसभा सीट के उपचुनाव और उनके पुत्र नकुलनाथ आगामी लोकसभा चुनाव के लिए छिंदवाड़ा संसदीय सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर मंगलवार को अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस बीच, छिंदवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिये भाजपा उम्मीदवार विवेक साहू और छिंदवाड़ा लोकसभा के लिए भाजपा उम्मीदवार नत्थनशाह कवरेती ने सोमवार को नामांकन पत्र भरने के बाद एक आमसभा को संबोधित किया।
-लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने सोमवार को अपना घोषणापत्र जारी किया है। इस घोषणापत्र में जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाने का वादा किया गया है। इसको लेकर महबूबा मुफ्ती और फारूक अब्दुल्ला ने विवादित बयान दिए हैं। पूरी खबर पढ़ें
-भाजपा के घोषणापत्र पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "ये पहली बार है जब सरकार ने गरीब परिवारों को 2022 तक घर का वादा किया है। भाजपा ने राम मंदिर, कश्मीर और समान नागरिक संहिता पर अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी है। आने वाले पांच साल लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाले होंगे।"
-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। अमर उजाला ने कल ही अपने पाठकों को बताया था कि आज अमित शाह दोनों वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।
Delhi: BJP President Amit Shah visits senior BJP leaders Murli Manohar Joshi (pic1) and LK Advani (pic2 and pic 3) at their residence. pic.twitter.com/8MnTfSoUFn
— ANI (@ANI) April 8, 2019
-बिहार में जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन प्रसाद उर्फ ललन सिंह ने सोमवार को मुंगेर लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। 2014 में यहीं से वह चुनाव हार गए थे। तब जदयू, एनडीए के खिलाफ चुनावी मैदान में थी। यहां से लोजपा उम्मीदवार वीणा देवी ने जीत दर्ज की थी। इस बार यह सीट जदयू के खाते में गई है। इस सीट के बदले लोजपा को नवादा सीट दी गई और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का वहां से टिकट कट गया। गिरिराज इस बार बेगूसराय से भाजपा उम्मीदवार हैं।
-भाजपा के घोषणापत्र में अनुच्छेद 370 और 35 ए को हटाने के वादे पर बोलीं महबूबा मुफ्ती: जम्मू-कश्मीर पहले ही बारूद के ढेर पर बैठा हुआ है। अगर ऐसा हो गया (370 और 35 ए का हटना) तो इसका असर कश्मीर और पूरे देश में दिख सकता है। मैं भाजपा से अपील करूंगी कि आग के साथ खेलना बंद करे।
-कांग्रेस ने भाजपा के घोषणापत्र को लेकर कहा कि पार्टी को इसकी बजाय माफीनामा लाना चाहिए था। इस पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि कांग्रेस के घोषणापत्र में इस बात का जिक्र नहीं है कि देश को कुशल प्रशासन की ओर कैसे ले जाना है। आतंकवाद से कैसे लड़ना है। कांग्रेस, तुष्टिकरण और वंशवाद की राजनीति से ऊपर नहीं निकल पाई है।
-मुस्लिमों से सपा-बसपा को वोट देने की मायावती की अपील पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- मायावती जी के द्वारा इस प्रकार का संबोधन...कांशीराम जी और अंबेडकर जी का इससे बड़ा दूसरा अपमान हो नहीं सकता। अगर उन्हें केवल मुस्लिम वोट चाहिए तो स्वाभाविक रूप से दूसरा वोट भी तय कर लेगा कि कहां जाना है।
-भाजपा के घोषणापत्र पर जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम फारुक अब्दुल्ला ने विरोध करते हुए कहा - बाहर से लाएंगे, बसाएंगे, हम सोते रहेंगे? हम इसका मुकाबला करेंगे। 370 को कैसे खत्म करोगे? करें हम भी देखेंगे। देखता हूं फिर कौन इनका झंडा खड़ा करने के लिए तैयार होगा।
-सहारनपुर से कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद ने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का कार्यक्रम रद्द हो गया है। खराब मौसम की वजह से शामली, बिजनौर और सहारनपुर, तीनों ही जगह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। मंगलवार को प्रियंका का रोड शो हो सकता है।
-पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कूच बिहार में पूछा, "क्या प्रधानमंत्री ने बंगाल को एक भी पैसा दिया। जो व्यक्ति इतने बड़े दावे करता हो उसे देखना चाहिए कि बंगाल को उसका क्या योगदान रहा। पांच साल तक वह विदेशी दौरों में व्यस्त रहे और अब जाकर उन्हें यहां आने की जरूरत महसूस हुई।"
-कांग्रेस ने भाजपा के घोषणापत्र पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए कहा कि घोषणापत्र की तस्वीर बताती है कि हमारे लिए देश के लोग महत्वपूर्ण हैं और उनके लिए अपना चेहरा। हमारे घोषणापत्र में देश के करोड़ों लोगों के विचारों का समावेश है, जबकि भाजपा के घोषणापत्र में सिर्फ एक व्यक्ति के "मन की बात"। अब देश अपने "मन का फैसला" सुनाएगा।
भाजपा को माफी पत्र जारी करना चाहिए था।
पढ़ें पूरी खबर
-भाजपा ने घोषणापत्र जारी किया। घोषणापत्र की बड़ी बातें:
- देश के सभी किसानों को 6,000 रुपये सालाना देंगे
- 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करेंगे
- जम्मू कश्मीर से 370 और 35(ए) हटाया जाएगा
- सौहार्दपूर्ण वातावरण में राम मंदिर निर्माण का प्रयास
-मुंबई मध्य सीट से कांग्रेस उम्मीदवार प्रिया दत्त ने भरा पर्चा।
-मुंबई उत्तर से कांग्रेस उम्मीदवार उर्मिला मातोंडकर आज नामांकन दाखिल करेंगी। उन्होंने कहा कि मैं काफी उत्साहित हूं। मेरे खिलाफ दर्ज शिकायत निराधार और झूठी है। मैं हिंदुत्व का सम्मान करती हूं।
-राजस्थान के उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने हैदराबाद में कहा: जैसे ही आप भाजपा या प्रधानमंत्री से सवाल पूछते हैं, आपको देश-विरोधी करार दे दिया जाता है। आप पूछते हैं कि महंगाई क्यों है, किसान खुदकुशी क्यों कर रहे हैं, हमें कहा जाता है- 'पाकिस्तान जाओ।' इस तरह का भावनात्मक प्रचार चुनाव में अच्छी बात नहीं।
-उत्तर प्रदेश की रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट पर एनडीए ने अपना दल के राष्ट्रीय सचिव पूर्व सांसद पकौड़ी लाल कोल को प्रत्याशी बनाया है। अपना दल(एस) की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि पकौड़ी लाल भाजपा, निषाद पार्टी और सुभाषपा और अपना दल के संयुक्त प्रत्याशी हैं।
-फिल्मों से राजनीति में उतरे दक्षिण के अभिनेता कमल हासन ने तमिलनाडु में अपनी पार्टी मक्कल निधि मय्यम का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। उन्होंने इसे कोवई-2024 फॉर कोयंबटूर नाम दिया है।
-राजद ने जारी किया अपना घोषणापत्र, लोहिया की विचारधारा से गरीब-गुरबों का कल्याण
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि कांग्रेस की न्याय योजना का भरपूर समर्थन करते हैं। राजद दलित पिछड़ों को आबादी के अनुपात में आरक्षण देगी। मंडल कमीशन के बाकी सुझावों को लागू करेंगे।
Patna: Rashtriya Janata Dal (RJD) releases their manifesto for #LokSabhaElections2019 pic.twitter.com/fKrq848Bft
— ANI (@ANI) April 8, 2019
-36 सेकेंड में 'नमो-नमो' का शतक बना गए भाजपा नेता
उत्तर प्रदेश में कमल-कमल बोलकर चर्चा में आए भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा एक बार फिर चर्चा में हैं। मेरठ में भाजपा प्रत्याशी का प्रचार करने गए भाजपा नेता ने एक सांस में 100 से ज्यादा बार नमो-नमो बोल दिया। नरेंद्र मोदी का शॉर्ट फॉर्म बताते हुए उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी 'न' और मोदी का 'म' मिलकर नमो बनता है और 36 सेकेंड के भीतर एक सांस में 100 से ज्यादा बार नमो का उच्चारण किया। इससे पहले उन्होंने मंच से कमल-कमल की रट लगाई थी और लगातार 32 बार कमल-कमल बोल गए थे।
-आज आएगा भाजपा का घोषणापत्र
लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर भारतीय जनता पार्टी आज अपना घोषणापत्र जारी करेगी। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगर बड़ा बदलाव नहीं किया तो भाजपा अपने घोषणा (संकल्प) पत्र में कांग्रेस की न्याय योजना का जवाब संभवत: राष्ट्रवाद, किसान कल्याण और महिला सशक्तिकरण से देगी। इसमें राष्ट्रवाद से जुड़े पुराने मुद्दे पर पुराना और कठोर रुख अपनाने की तैयारी है। इसके अलावा इसमें शहीदों के परिजनों को सरकारी नौकरी देने का वादा किया जा सकता है। पढ़ें पूरी खबर