फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Lalu Yadav Family: Know The Family Of The RJD Chief Lalu Prasad Yadav Rabri Devi

Lalu Yadav Family: लालू की बेटियां मीसा और रोहिणी चर्चा में, राजद प्रमुख के परिवार में किसका कैसा सियासी कद?

Thu, 11 Apr 2024 02:23 PM IST
शिवेंद्र तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Thu, 11 Apr 2024 02:23 PM IST
विज्ञापन
सार
Lalu Yadav Family: बिहार की राजनीति में एक बार फिर लालू यादव चर्चा में है। राजद ने उम्मीदवारों की लिस्ट में लालू यादव की दो बेटियों रोहिणी आचार्य और मीसा भारती को उम्मीदवार बनाया गया है। आइए जानते हैं लालू यादव के परिवार के बारे में... 
 
loader
Lalu Yadav Family: Know The Family Of The RJD Chief Lalu Prasad Yadav Rabri Devi
लालू का कुनबा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बिहार में प्रमुख दलों ने अपने अधिकतर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। हाल ही में लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने 22 प्रत्याशियों की सूची जारी की। इसमें लालू यादव परिवार से भी दो लोगों को टिकट मिले हैं। पूर्व मुख्यमंत्री की दो बेटियों मीसा भारती और रोहिणी आचार्य को राजद ने उम्मीदवार बनाया है। 


मीसा भारती अभी राजद की तरफ से राज्यसभा सांसद हैं। वहीं रोहिणी आचार्य पहली बार सक्रिय राजनीति में उतरी हैं। उधर लालू यादव के दो बेटे तेज प्रताप और तेजस्वी यादव बिहार में राजद के विधायक हैं। आइये जानते हैं कि लालू प्रसाद यादव के परिवार में कौन-कौन है और क्या करता है? कितने सदस्य राजनीति में हैं?

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव। - फोटो : अमर उजाला
शुरुआत लालू प्रसाद यादव से करते हैं
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव का जन्म बिहार के गोपालगंज जिले में हुआ था। पिता का नाम कुंदन राय और माता के नाम मरछिया देवी था। लालू प्रसाद यादव कुल सात भाई-बहन थे। 
 
1. मंगरु यादव: लालू के भाई बहनों में मंगरु यादव सबसे बड़े थे। इनका परिवार आज भी लालू यादव के पैतृक गांव फुलवरिया में बसा है। बिहार में हुए पिछले पंचायत चुनाव में मंगरु यादव की पुत्रबधू मुखिया पद की उम्मीदवार थीं। हालांकि वो चुनाव हार गईं। 
 
2. गुलाब यादव: लालू के भाई-बहनों में गुलाब दूसरे नंबर पर आते हैं। गुलाब यादव के दो बेटे और चार बेटियां हैं। 2011 में 75 साल की उम्र में गुलाब यादव का निधन हो गया था। वह दमा और दिल की बिमारी से पीड़ित थे। गुलाब भी सक्रिय राजनीति में रहे थे। वह फुलवरिया प्रखंड के पूर्व प्रमुख भी रहे। 
 
3. मुकुंद यादव: कुंदन राय और मरछिया देवी के तीसरे बेटे मुकुंद यादव रहे। मुकुंद पशुपालन विभाग में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी थे। लालू यादव के साथ रह कर ही इन्होंने अपनी पढ़ाई की थी। मुकुंद के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। 2013 में 75 साल की उम्र में मुकुंद का भी निधन हो गया था। 
 
4. महावीर यादव: भाई-बहनों में महावारी यादव चौथे नंबर पर थे। ये भी अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनकी पत्नी का नाम गिरजा देवी था। महावीर यादव के तीन बेटे और दो बेटियां थीं। 
 
5. गंगोत्री देवी: लालू की इकलौती बहन गंगोत्री देवी थीं। 2018 में गंगोत्री देवी का निधन दिल का दौरा पड़ने के कारण हुआ था। कहा जाता है कि छह भाइयों में अकेली बहन होने के कारण गंगोत्री सबकी लाडली थीं। इनके पति का नाम जगधारी चौधरी था। 

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव। - फोटो : अमर उजाला
6. लालू प्रसाद यादव : गंगोत्री के बाद लालू प्रसाद यादव का नंबर आता है। लालू का जन्म 1948 में गोपालगंज जिले में हुआ था। लालू के साथ-साथ पत्नी राबड़ी देवी भी बिहार की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। लालू प्रसाद यादव की सात बेटियां और दो बेटे हैं। बेटों का नाम तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव है। वहीं, बेटियों में मीसा भारती, रोहिणी आचार्य, चंदा सिंह, रागिनी यादव,  हेमा, अनुष्का और राज लक्ष्मी हैं। 
 
7. शुकदेव यादव: लालू के भाई-बहनों में शुकदेव यादव सबसे छोटे हैं। 

मीसा भारती अपने पति और बच्चों के साथ।
मीसा भारती अपने पति और बच्चों के साथ। - फोटो : अमर उजाला
अब पढ़िए लालू के बच्चे क्या करते हैं? 
1. मीसा भारती: लालू और राबड़ी देवी के बच्चों में सबसे बड़ी मीसा भारती हैं। मीसा की शादी 1999 में सॉफ्टवेयर इंजीनियर शैलेश कुमार से हुई है। शैलेश अब खुद की कंपनी चलाते हैं। दोनों की दो बेटियां दुर्गा, गौरी और एक बेटा है। मीसा राज्यसभा की सांसद हैं। उन्होंने महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की है। 2014 में मीसा ने पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। एक बार फिर मीसा को पाटलिपुत्र से टिकट मिला है। 

लालू यादव और उनकी बेटी रोहिणी अचार्या
लालू यादव और उनकी बेटी रोहिणी अचार्या - फोटो : Social Media
2. रोहिणी आचार्या: लालू की दूसरी बेटी रोहिणी आचार्या हैं। रोहिणी भी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। खासतौर पर पिता और भाई के लिए सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव रहती हैं। रोहिणी को सारण से उम्मीदवार बनाया गया है। 

रोहिणी आचार्य 2022 में अपने पिता लालू यादव को किडनी देकर चर्चा में आई थीं। रोहिणी सिंगापुर में अपने परिवार के साथ रहती हैं लेकिन चुवान के लिए अब वह भारत आ चुकी हैं। रोहिणी की शादी 2002 में राव समरेश सिंह के साथ हुई है। समरेश भी कंप्यूटर इंजीनियर हैं। दोनों के तीन बच्चे हैं। 

पिता लालू यादव के साथ बेटी चंदा और दामाद
पिता लालू यादव के साथ बेटी चंदा और दामाद - फोटो : अमर उजाला
3. चंदा : लालू-राबड़ी की तीसरी बेटी चंदा भी काफी पढ़ी-लिखी हैं। चंदा ने पिता की तरह एलएलबी की पढ़ाई की है। चंदा की शादी 2006 में फ्लाइट पायलट विक्रम सिंह से हुई है। दोनों का एक बेटा है। 

रागिनी यादव
रागिनी यादव - फोटो : अमर उजाला
4. रागिनी यादव : लालू-राबड़ी की चौथी बेटी रागिनी यादव हैं। रागिनी इंटरपास हैं। उन्होंने 12वीं के बाद रांची के बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से बीटेक करने के लिए एडमिशन लिया था। हालांकि, वह पढ़ाई पूरी नहीं कर पाईं। रागिनी की शादी 2012 में समाजवादी पार्टी के नेता जितेंद्र यादव के बेटे राहुल यादव से हुई। 
 

हेमा यादव
हेमा यादव - फोटो : Hema Yadav/X
5. हेमा यादव : लालू की पांचवी बेटी का नाम हेमा यादव है। हेमा ने बीआईटी कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई की है। हेमा का दाखिला मुख्यमंत्री कोटे से हुआ था। हेमा की शादी विनीत यादव से हुई है। विनित भी सक्रिय राजनीति में हैं। 

अनुष्का राव
अनुष्का राव - फोटो : Chiranjeev Rao/X
6. धन्नु उर्फ अनुष्का राव : लालू-राबड़ी की छठवीं बेटी धन्नु उर्फ अनुष्का राव हैं। अनुष्का की शादी हरियाणा सरकार में मंत्री रहे अजय सिंह यादव के बेटे चिरंजीव राव के साथ हुई है। चिरंजीव का परिवार अभी भी हरियाणा में सक्रिय राजनीति में है। अनुष्का ने इंटीरियर डिजाइनिंग का कोर्स किया है। 

राजलक्ष्मी अपने पति तेज प्रताप
राजलक्ष्मी अपने पति तेज प्रताप - फोटो : अमर उजाला
7. राजलक्ष्मी यादव : लालू यादव-राबड़ी की सबसे छोटी बेटी राजलक्ष्मी यादव हैं। राजलक्ष्मी की शादी समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पोते तेज प्रताप यादव से हुई है। तेज प्रताप भी सक्रिय राजनीति में हैं। सांसद भी रह चुके हैं। वहीं, राजलक्ष्मी ने स्नातक की पढ़ाई की है। 

लोगों को संबोधित करते तेज प्रताप यादव।
लोगों को संबोधित करते तेज प्रताप यादव। - फोटो : अमर उजाला
8. तेज प्रताप : भाइयों में सबसे बड़े तेज प्रताप ही हैं। तेज प्रताप ने इंटर तक की पढ़ाई की है। इनका जन्म 16 अप्रैल 1988 में हुआ था। तेज प्रताप बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। तेज प्रताप वर्तमान में बिहार विधानसभा में हसनपुर से विधायक हैं। 2015 के विधानसभा चुनाव में तेज प्रताप महुआ विधानसभा सीट से जीतकर पहली बार विधायक बने थे। 

तेजस्वी यादव।
तेजस्वी यादव। - फोटो : अमर उजाला
9. तेजस्वी यादव : सबसे छोटे तेजस्वी यादव दो बार बिहार के उप-मुख्यमंत्री रह चुके हैं। राजनीति में आने से पहले तेजस्वी क्रिकेट खेलते थे। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड का प्रतिनिधित्व भी किया है। तेजस्वी नौवीं पास और स्कूल ड्रॉपआउट हैं। कहते हैं कि क्रिकेट में करियर बनाने के लिए उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी थी। तेजस्वी आईपीएल टीम दिल्ली डेयरडेविल्स का भी हिस्सा रह चुके हैं।  वह बिहार विधानसभा में राघोपुर से विधायक हैं।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed