Big News: म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने पर कुकी जनजाति ने जताई चिंता; बिलकिस बानो केस में दोषियों का आत्मसमर्पण
एक दिन पहले ही असम में गृहमंत्री शाह ने कहा था कि सरकार ने फैसला किया है कि भारत-म्यांमार सीमा को कांटेदार बाड़ से संरक्षित किया जाएगा। पूरी सीमा पर अन्य सीमाओं की तरह बाड़ होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मणिपुर की कुकी जनजाति के सामाजिक संगठन कुकी इंपी ने केंद्र सरकार के फैसले पर चिंता जाहिर की है। दरअसल, केंद्र सरकार ने हाल ही में निर्णय लिया कि भारत-म्यांमार सीमा पर लोगों की मुक्त आवाजाही को समाप्त करने के लिए बाड़ लगाएंगे। संगठन ने कहा कि कुछ जटिल चुनौतियों का समाधान नहीं होगा। एक दिन पहले ही असम में गृहमंत्री शाह ने कहा था कि सरकार ने फैसला किया है कि भारत-म्यांमार सीमा को कांटेदार बाड़ से संरक्षित किया जाएगा। पूरी सीमा पर अन्य सीमाओं की तरह बाड़ होगी। मुक्त आवाजाही समझौते की सुविधा को भारत सरकार बंद करने जा रही है।
बिलकिस बानो मामले में सभी 11 दोषियों का आत्मसमर्पण
गुजरात दंगों की पीड़िता बिलकिस बानो मामले के सभी 11 दोषियों ने गोधरा की उप जेल में रविवार रात आत्मसमर्पण कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने इनकी सजा में छूट को 8 जनवरी को रद्द कर दिया था और 21 जनवरी तक सरेंडर करने के लिए कहा था। इंस्पेक्टर एनएल देसाई ने कहा, दोषियों ने रविवार देर रात जेल अधिकारियों के सामने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। बिलकिस बानो से सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के दोषियों ने आत्मसमर्पण के लिए और वक्त की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका में दोषियों ने खुद की सेहत व परिवार के सदस्यों की जिम्मेदारियों का हवाला दिया था, पर शीर्ष अदालत ने याचिका खारिज कर दी और पहले से तय तिथि तक समर्पण करने को कहा था। 11 दोषियों में बकाभाई वोहानिया, बिपिन चंद्र जोशी, केसरभाई वोहानिया, गोविंद नाई, जसवंत नाई, मितेश भट्ट, प्रदीप मोरधिया, राधेश्याम शाह, राजूभाई सोनी, रमेश चांदना और शैलेश भट्ट शामिल हैं। गुजरात सरकार ने इन सभी की सजा माफ कर दी थी।
उद्धव गुट के नेता को ईडी का समन
प्रवर्तन निदेशालय ने शिवसेना (यूबीटी) नेता रवींद्र वायकर को एक बार फिर से तलब किया है। वायकर पर आरोप है कि उन्होंने भूमि उपयोग की शर्तों में कथित रूप से हेरफेर करके जोगेश्वरी में एक होटल का निर्माण किया है। ईडी की मानें तो उन्हें 23 जनवरी को ईडी के समक्ष पेश होना है।
ED has summoned Shiv Sena (UBT) leader Ravindra Waikar again, he has been asked to appear before ED on January 23, in connection with a case of construction of a hotel at Jogeshwari by allegedly manipulating the land use conditions: Enforcement Directorate
(File Pic) pic.twitter.com/4Pf47xim2C — ANI (@ANI) January 21, 2024
ईडी ने अटैच की राज महल ज्वेलर्स की दुकानें
करोड़ों रुपये के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राज महल ज्वेलर्स की दिल्ली के करोल बाग बाजार स्थित दुकानें अटैच कर लीं। ईडी ने रविवार को कहा कि अटैच की गई संपत्तियां गिन्नी गोल्ड प्रा.लि. और इसके निदेशक-सह-प्रमोटर गिन्नी देवी और रीना गोयल की हैं। इनकी कीमत 4.34 करोड़ रुपये से अधिक है। कुर्की मनी लॉन्ड्रिंग रोधी कानून के तहत की गई। गिन्नी गोल्ड राज महल ज्वेलर्स की समूह कंपनी है। एजेंसी के अनुसार, दुकानों को धन शोधन निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत अस्थायी रूप से कुर्क किया गया है। इसके पहले कंपनी (गिन्नी गोल्ड) और उसके प्रमोटरों के खिलाफ यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के साथ 53 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के लिए सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की थी। इसके आधार पर ईडी की ओर से मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू की है। ईडी के अनुसार, बैंकों से 232 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में राज महल ज्वेलर्स के प्रमोटरों और समूह कंपनियों के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हैं। इसके प्रमोटरों और समूह संस्थाओं पर पिछले साल अप्रैल में भी एजेंसी ने छापा मारा था।
राम मंदिर के उद्घाटन पर मुफ्त ई-मेल सेवा जयश्रीराम.भारत लॉन्च
भारतीय कंपनी डाटा एक्सजेन टेक्नोलॉजी ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर नई ई-मेल सेवा जयश्रीराम.भारत लॉन्च की है। नई ईमेल सेवा की शुरुआत हिंदी भाषा में की गई है। यह एक मुफ्त ई-मेल सेवा होगी। कंपनी के अनुसार एंड्रायड और एपल के उपभोक्ता एप स्टोर से डाटामेल (DATAMAIL) नामक मोबाइल एप डाउनलोड करके इस ई-मेल सेवा का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह मोबाइल ईमेल एप्लिकेशन और वेब के माध्यम से किसी भी डिवाइस पर उपलब्ध है। डाटा एक्सजेन के संस्थापक और सीईओ, श्री अजय डाटा ने कहा, राम मंदिर निर्माण एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। हम इसमें योगदान देने पर गर्वित हैं। डेटा एक्सजेन का उद्देश्य हमेशा से सामाजिक उन्नति के लिए तकनीकी प्रगति के माध्यम से काम करना रहा है।
‘हनुमन’ फिल्म के मेकर्स राममंदिर के लिए देंगे 2.6 करोड़
तेजा सज्जा अभिनीत फिल्म 'हनुमन' के वितरकों में से एक मैत्री मूवी मेकर्स ने रविवार को कहा कि वह उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भूमि पूजन से एक दिन पहले राम मंदिर को 2.6 करोड़ रुपये से अधिक राशि दान करेंगे। कंपनी ने कहा कि फिल्म की टीम ने 'हनुमन' फिल्म के हर टिकट के लिए पांच रुपये देने का वचन दिया था। तेलुगु भाषा की इस फिल्म ने अब तक दान की राशि के रूप में 53,28,211 टिकट बेचे हैं। मैत्री मूवी मेकर्स ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। तेजा सज्जा ने कहा, अयोध्या राम मंदिर में 2,66,41,055 रुपये का दान देने के महान कारण में शामिल हुए 53,28,211 लोगों को धन्यवाद। आपके टिकट में से 5 रुपये अयोध्या राम मंदिर के लिए जाएंगे।
बुनकर की भक्ति...साड़ी पर उकेर दी पूरी रामायण
बंगाल के नदिया जिले के राणाघाट के हबीबपुर में बुनकर हैं पिकुल राय। वह भगवान राम की भक्ति में इतने लीन हो गए कि उन्होंने एक वर्ष की अथक मेहनत के बाद साड़ी पर पूरी रामायण उकेर दी। लोगों को जब जानकारी मिली कि पिकुल ने साड़ी पर रामायण उकेरी है तो वे इसको खरदीने चले गए, लेकिन उन्होंने बेचने से इन्कार कर दिया। हथकरघा उद्योग से जुड़े पिकुलराय ने साड़ी पर राम और सीता के साथ वनवास की कहानी दर्शाई है। पिकुल का कहना है कि वह अपने हाथों से बुनी हुई साढ़ी को अयोध्या जाकर प्रभु के चरणों में समर्पित करेंगे। वह अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। बड़े भाई अनंत ने कहा कि पिकुल की भक्ति से हमारा पूरा परिवार प्रसन्न है।
प्रधान ने ओडिशा के समलेश्वरी मंदिर में की सफाई, बांटे दीये
अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले देशभर के मंदिरों को साफ करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने संबलपुर जिले के समलेश्वरी मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाया और पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा, आज मैंने हमारे देश के प्रमुख तीर्थ स्थल माता समलेश्वरी के दर्शन किये। देवी के समक्ष, मैंने एक दिव्य भेंट अर्पित की। मैंने शहर के विभिन्न स्थानों का भी दौरा किया। संबलपुर समेत पूरा देश सोमवार को दीपावली मनाएगा। उन्होंने कहा, 500 साल का इंतजार सोमवार को खत्म हो रहा है, प्राण प्रतिष्ठा समारोह में 24 घंटे से भी कम समय बचा है।
ऑनलाइन गेम खेलने के लिए बैंककर्मी ने ग्राहकों की एफडी से उड़ाए 52 करोड़
ऑनलाइन गेम खेलने के लिए ग्राहकों की एफडी तोड़कर 52 करोड़ रुपये से अधिक चुराने वाले पंजाब एंड सिंध बैंक के पूर्व कर्मचारी बेदांशु शेखर मिश्रा की 2.56 करोड़ की संपत्ति और सावधि जमा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अटैच कर ली। ईडी ने मिश्रा और अन्य के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग जांच सीबीआई की ओर से दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर शुरू की। ईडी ने कहा, जांच में पता चला कि आरोपी बेदांशु 2021 और 2022 के दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय के पंजाब एंड सिंध बैंक के शाखा कार्यालय में अधिकारी के रूप में तैनात था। उसने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग करते हुए ग्राहकों की 52 करोड़ 99 लाख 53 हजार रुपये की एफडी तोड़ दी। इसके लिए उसने स्टाफ सदस्यों की सिस्टम आईडी का भी इस्तेमाल किया। धोखाधड़ी का पता चलने पर बैंक ने 16 नवंबर 2023 को मिश्रा को निलंबित कर दिया था। उसने इस पैसा का उपयोग ऑनलाइन सट्टा खेलने में किया था।
गया में ईंधन भरवा रूस जा रही एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त
थाईलैंड से मॉस्को के लिए उड़ान भरने वाली एक एयर एंबुलेंस शनिवार रात अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत में जेबाक जिले के समीप पर्वतीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तालिबान के परिवहन व विमानन मंत्रालय ने दावा किया, दुर्घटनाग्रस्त विमान कुफ बरामद हो गया है। बचाव टीम को पायलट सुरक्षित मिला, जिसने बताया, कुल चार लोग जिंदा हैं। बाकी की तलाश जारी है। थाईलैंड के उतापाओ हवाईअड्डे से रवाना होने के बाद विमान बिहार के गया में उतरा व ईंधन भरवाने के बाद शाम 4 बजे गंतव्य के लिए रवाना हुआ था। भारत सरकार ने साफ किया है कि अफगानिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त विमान का किसी भी भारतीय विमानन कंपनी से संबंध नहीं है। यह छोटा विमान डीएफ-10 मोरक्को में पंजीकृत था।
पांच लोगों के हत्यारे आतंकियों को पनाह देने वाला किशोर गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने जम्मू के राजोरी जिले के ढांगरी गांव में पांच नागरिकों की हत्या में शामिल आतंकवादियों को शरण देने के आरोप में एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। एनआईए ने कहा कि नाबालिग को जिला पुंछ में दर्ज एक अन्य मामले में पर्यवेक्षण गृह में रखा गया था। उसे शनिवार को एनआईए ने हिरासत में लिया और रिमांड के लिए किशोर न्याय बोर्ड (राजौरी) के समक्ष पेश किया। आतंकवादी हमला 1 जनवरी 2023 को हुआ था। इसमें अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के पांच लोग मारे गए थे और कई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एनआईए की जांच से पता चला था कि पकड़ा गया किशोर पहले गिरफ्तार किए गए दो अन्य व्यक्तियों, निसार अहमद उर्फ हाजी निसार और मुश्ताक हुसैन उर्फ चाचा के साथ, उन आतंकवादियों को शरण देने में शामिल था जिन्होंने हमले को अंजाम दिया था। निसार अहमद और मुश्ताक हुसैन को एनआईए ने 31 अगस्त 2023 को गिरफ्तार किया था। ये वर्तमान में सेंट्रल जेल, कोट भलवाल, जम्मू में बंद हैं। दोनों ने दो महीने से अधिक समय तक आतंकवादियों को रसद सहायता प्रदान की थी।
अरुणाचल में 38 लोगों ने अपनी एयर गन के साथ किया सरेंडर
अरुणाचल प्रदेश के लोहित जिले में आयोजित एयरगन आत्मसमर्पण के अभियान के तहत 38 लोगों ने अपनी एयरगन सौंपी। एयर गन आत्मसमर्पण अभियान राज्य के पर्यावरण और वन विभाग की एक पहल है जो वन्यजीवों के शिकार को रोकने और वन्यजीवों को मारने के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए है। अभियान के नेतृत्व करने वाले राज्य के पर्यावरण और वन मंत्री मामा नाटुंग ने कहा कि अरुणाचल में जैव विविधता संरक्षण के महत्व पर जोर दिया, जो सबसे बड़े वन क्षेत्रों में से एक है।
24 घंटे में 290 कोरोना संक्रमित मिले, छह मौतें
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 290 नए मामले सामने आए हैं और छह संक्रमितों की मौत हुई है। इसमें से केरल से चार और महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से एक-एक है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि सक्रिय मामलों की संख्या 2,059 दर्ज की गई है। मंत्रालय के मुताबिक, दिसंबर, 2023 तक दैनिक मामलों की संख्या घटी थी।