फिर शुरू हुई जैश की ऑनलाइन मैग्जीन, अजहर ने लिखा आर्टिकल
पठानकोट हमले के लिए जिम्मेदार प्रतिबंधित संगठन जैश ए मोहम्मद ने अपनी गतिविधियां दोबारा शुरू कर दी हैं। संगठन की ऑनलाइन मैगजीन अल कलाम का नया अंक सामने आया है। यह सब तब हुआ है जब आठ हफ्ते पहले ही पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने पठानकोट हमले के मामले में इस आतंकी संगठन की इंटरनेट गतिविधियों को ठप करने का दावा किया था।
मैगजीन का नया अंक तब प्रकाशित हुआ है जब एक दिन पूर्व ही भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने नेपाल के पोखरा में बताया था कि पठानकोट हमले की जांच के लिए पाकिस्तानी अधिकारियों का दल 27 मार्च को भारत आएगा।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार भारतीय खूफिया अधिकारियों के अनुसार जैश की ऑनलाइन पत्रिका में कमांडर मौलाना मसूद अजहर का लेख भी छपा है जो इस बात का सबूत है कि पाकिस्तान में जैश की गतिविधियां बदस्तूर जारी हैं।
पठानकोट हमले के मामले में हिरासत में लेने का था दावा
सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान के बहावलपुर में 16 एकड़ में बने जैश के मुख्यालय में हर महीने जेहाद से जुड़े मुद्दे पर मीटिंग होती है। यहां से कई वाहनों में भरकर जेहादी पाक के रेगिस्तानी इलाकों में हथियारों की ट्रेनिंग लेने जाते देखे जा सकते हैं।
कुछ दिन पहले ही पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के सलाहकार सरताज अजीज ने दावा किया था कि अजहर सरकार की प्रोटेक्टिव कस्टडी में हैं, अगर दावा सही है तो फिर सवाल ये है कि उसका लेख पत्रिका में कैसे प्रकाशित हो गया।
बताया जा रहा है कि मसूद अजहर पाकिस्तान की खूफिया एजेंसी आईएसआई के संरक्षण में इस्लामाबाद में एक सेफ हाउस में रह रहा है। संभवतः उसके खिलाफ कोई कार्रवाई भी नहीं की गई है। अजहर का जो लेख पत्रिका में छपा है उसका शीर्षक है मोहब्बत का जमाना आ गया है।