दरोगा ने मांगे 25 लाख तो कर ली आत्महत्या, सुसाइड नोट से हुआ खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के सहारनपुर जिले के एक ग्रामीण द्वारा बृहस्पतिवार की रात जहरीला खाकर जीवन लीला समाप्त करने के मामले में नया खुलासा हुआ है। परिजनों के अनुसार मृतक के कपड़ों से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार नागल थाने में तैनात एक दरोगा को ठहराया है।
नागल की शाहपुर कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय सुरेंद्र उपाध्याय पुत्र दाताराम ने बृहस्पतिवार शाम जहरीला पदार्थ खा लिया था। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार सुबह परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। श्मशान से लौटने के बाद उसका बेटा शुभम अपने पिता के कपडे़ देखने लगा तो उसे जेब से एक सुसाइड नोट मिला।
दरोगा ने कहा 'हां, उसे थाने पर बुलाया था'
सुसाइड नोट पढ़कर परिजनों के होश उड़ गए। इसमें सुरेंद्र ने नागल थाने में तैनात एक दरोगा पर 25 लाख रुपये रिश्वत मांगने और न देने पर फर्जी मामले में जेल भेजने की धमकी देने आरोप लगाते हुए अपनी मौत का जिम्मेदार दरोगा को बताया है। इसके बाद परिजनों ने मीडिया कर्मियों को बुलाकर मामले की जानकारी दी।
उधर, आरोपी दरोगा ने बताया कि सुरेंद्र के खिलाफ बिजली का बिल जमा कराने के नाम पर 79 हजार रुपये हड़पने संबंधी तहरीर आई थी, जिस संबंध में उसे थाने बुलाया गया था। रुपये मांगने का आरोप मिथ्या है। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह चौहान ने कहा कि इस संबंध में उन्हें जानकारी नहीं है। न ही कोई तहरीर थाने आई है। यदि कोई तहरीर आएगी तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।