ले. जनरल राजिन्दर सिंह बोले, 'भारतीय सेना ने नहीं पहन रखी हैं चूड़ियां'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जब भी पाकिस्तान की तरफ से कोई हरकत हुई है, हर बार भारतीय सेना ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया है। पूर्व महानिदेशक, इंफैंट्री ले. जनरल राजिन्दर सिंह से बातचीत में कहा कि जब भी पाकिस्तान की सेना या सुरक्षा बल ने नियंत्रण रेखा क्रास करके कोई सैन्य रेड या स्ट्राइक की हमने हमेशा और उन्हीं की भाषा में उससे जोरदार जवाब दिया है।
हमने नियंत्रण रेखा पार हमला करके जवाब दिया। दो भारतीय सैनिकों की सिर काटने की घटना के बाद भी हमारी फौज ने उससे कई गुना जोरदार बदला लिया था। उड़ी हमले के बाद इस बार भी भारतीय सेना ने बताया है कि हमने चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं।
भारतीय सेना के इस स्पेशल आपरेशन पर किसी को शक नहीं होना चाहिए। हममें यह कूवत है। हमारे विशेष कमांडो दस्ते नियंत्रण रेखा को पार करके दो-तीन किमी भीतर जाकर इस तरह के आपरेशन को अंजाम देने में पूरी तरह से सक्षम हैं।
ऐसा आपरेशन पहली बार
पहली बार हमने इस तरह के आपरेशन के बारे में काफी कुछ सार्वजनिक कहा है। मेरी जानकारी में पहली बार भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा पार करके पाक अधिकृत कश्मीर में जाकर उनके आतंकी शिविरों में हमला बोला है। उन्हें उनकी रीढ़ पर चोट करके एहसास कराया है।
संभव है यह आपरेशन
नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हमारे सुरक्षा बल तैनात हैं। पाकिस्तान के भी हैं, लेकिन पाकिस्तान की दो चौकियों के बीच दो-तीन किमी तक का फासला है। हमारी तुलना में उनकी तैयारी काफी कमजोर है। उनकी सेना हर जगह नहीं बैठी है और जबतक पाकिस्तान की सेना ऐसे आपरेशन का जवाब देने के लिए तैयार होगी तबतक हमारे कमांडो अपना कर चुके होंगे।
घातक है ऐसा अपरेशन
ऐसा स्पेशल सैन्य आपरेशन काफी घातक है। इसमें हमारे जवान घायल होते हैं, जवाबी कार्रवाई में शहीद भी होते हैं। निश्चित रूप से यहां भी हमें एकाध जवानों को खोना पड़ा होगा, शहादत हुई होगी। कुछ घायल भी हुए होंगे। जरूर हमें कुछ न कुछ कीमत चुकानी पड़ी होगी।
भारत ने दिया संदेश
-भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को बताया है कि वह इस तरह से पाकिस्तान से प्रायोजित आतंकवाद को अब और नहीं सहने वाला। यदि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस पर कोई कदम नहीं उठाता तो भारत कार्रवाई करने में सक्षम है और करेगा।
-भारत ने पाकिस्तान, पाकिस्तान की सेना, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तान से संचालित होने वाली आतंकी संगठनों को सख्त संदेश दिया है। उन्हें चेताया है कि आतंकी और प्राक्सीवॉर को अंजाम देने वालों को सीमापार जाकर भी सबक सिखाया जाएगा। इसे हम सहने वाले नहीं।
-सैन्य कार्रवाई से सैनिकों का मोरॉल बढ़ा है। उन्हें स्पष्ट संदेश गया है कि ऐसी किसी भी सीमापार की अवांछित कार्रवाई को केवल सहना नहीं पड़ेगा, बल्कि हम इसका उसी भाषा में माकूल जवाब देंगे।
-देश की जनता को भी साफ संदेश गया है कि भारत पाकिस्तान से प्रायोजित आतंकवाद को कदापि बर्दाश्त नहीं करेगा।
टला नहीं है खतरा
पाकिस्तान की सेना भी प्रोफेशनल है। उनकी काबिलियत पर कोई संदेह नहीं है। इसकी टीस उन्हें गहरी लगी होगी, इसलिए वह जल्द ही कड़ी प्रतिक्रिया कर सकते हैं। इसलिए हमें पूरी तैयारी के साथ बेहद सावधान रहना होगा।
---------------
(शशिधर पाठक से बातचीत पर आधारित)