फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   India and Nepal Discussion on money laundering news update in hindi

Updates: भारत-नेपाल के बीच मनी लॉन्ड्रिंग अपराध को रोकने पर हुई चर्चा; पढ़ें देश भर की प्रमुख खबरें

Thu, 09 May 2024 05:07 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: जलज मिश्रा Updated Thu, 09 May 2024 05:07 AM IST
विज्ञापन
India and Nepal Discussion on money laundering news update in hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
भारत और नेपाल की मनी लॉन्ड्रिंग से निपटने वाली जांच एजेंसियों की पहली द्विपक्षीय बैठक हुई। बुधवार को संपन्न दो दिवसीय बैठक में दोनों पड़ोसियों के बीच खुली सीमा के माध्यम से होने वाले अपराध को रोकने के तरीकों पर चर्चा हुई। बैठक के लिए नेपाल के मनी लॉन्ड्रिंग जांच विभाग के निदेशक जनरल पुष्प राज शाही के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल आया था। भारत के प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों के साथ नेपाली प्रतिनिधिमंडल की बैठक हुई। भारती पक्ष का नेतृत्व ईडी के प्रभारी निदेशक राहुल नवीन ने की। ईडी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि एजेंसी के प्रमुख स्तर पर यह पहली बैठक थी। बैठक का उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच मनी लॉन्ड्रिंग और संपत्ति वसूली के क्षेत्रों में आपसी सहयोग विकसित करना और क्षमता निर्माण को मजबूत करना था।
विज्ञापन

जापान, नागालैंड कोहिमा शांति स्मारक के निर्माण के लिए मिलाया हाथ
भारत में जापान के राजदूत सुजुकी हिरोशी और नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने बुधवार को कोहिमा शांति स्मारक का उद्घाटन किया। उन्होंने इको-पार्क की आधारशिला रखी और यहां पेड़ पौधे भी लगाए। जापानी सरकार ने द्वितीय विश्व युद्ध की स्मृति में स्मारक और इको-पार्क के निर्माण के लिए रुचि दिखाई। कोहिमा की लड़ाई 4 अप्रैल से 10 जून 1944 तक जापानी और ब्रिटिश भारतीय सेनाओं के बीच लड़ी गई थी।
इस दौरान, सुजुकी ने कहा कि अस्सी साल पहले नागालैंड की शांतिपूर्ण और खूबसूरत भूमि युद्ध की तबाही में डूब गई थी।  नागालैंड के लोगों का युद्ध से कुछ लेना-देना नहीं था लेकिन उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ा। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

दुष्कर्म के आरोपी गिरफ्तार 
ओडिशा के गंजाम जिले में 17 साल की किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इंजीनियरिंग और फार्मेसी के छात्र हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और पॉक्सो अधिनियम की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं।  


 
विज्ञापन

ओडिशा में दो महिलाओं समेत नौ माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ के रहने वाले नौ माओवादियों ने बुधवार को ओडिशा पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। इनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि माओवादियों ने दक्षिणी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक जेएन पंकज और बौध के पुलिस अधीक्षक राज प्रसाद के समक्ष बौध में आत्मसमर्पण किया। ये सभी छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के मुलर गांव के रहने वाले हैं। ये ओडिशा के कालाहांडी-बोलंगीर-कंधमाल क्षेत्र में सक्रिय थे। माओवादियों ने बताया कि वरिष्ठ माओवादियों की मनमानी, महिला सदस्यों के यौन उत्पीड़न, डरा-धमका कर जबरन वसूली और गांजा माफिया से लेवी वसूलने से उनका मोहभंग हो गया था।
 

महाराष्ट्र में चरित्र शंका में पत्नी की हत्या
नागपुर के करोडी इलाके में बुधवार सुबह एक व्यक्ति ने चरित्र शंका में अपनी पत्नी की कथित तौर पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम गिरधारी मूर्तिराम भारद्वाज है। वह 65 साल का है। वह किराने की दुकान चलाता है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। 
 

दाऊद के पूर्व सहयोगी सलीम डोला के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी
मुंबई पुलिस ने 252 करोड़ रुपये की मेफेड्रोन जब्ती के मामले में सलीम डोला के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया। डोला भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी था। अपराध शाखा ने उसे वांछित आरोपी घोषित कर दिया। पुलिस ने इससे पहले सांगली जिले में एक विनिर्माण इकाई पर छापा मारकर मेफेड्रोन आपूर्ति गिरोह का भंडाफोड़ किया था।
 

रिश्वत के आरोप में एसीबी ने इनके खिलाफ दर्ज की शिकायत
महाराष्ट्र पुलिस के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने 7,70,00 अमेरिकी डॉलर के कथित रिश्वत मामले में कॉग्निजेंट टेक्नोलॉजीज, लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) और अज्ञात सरकारी अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 19 अप्रैल को सत्र अदालत ने एसीबी को कॉग्निजेंट टेक्नोलॉजीज के खिलाफ आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया था।
 

गुजरात के नवसारी में एक यूनिवर्सिटी के बांस नर्सरी विभाग में आग लग गई। हालांकि, दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया। 

मस्कट से मुंबई आ रही उड़ान में धूम्रपान करने पर यात्री गिरफ्तार
मस्कट से मुंबई आ रही उड़ान में यात्री बालकृष्ण राजयन को धूम्रपान करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट में यात्री विमान के शौचालय में धूम्रपान कर रहा था। विमान सोमवार रात 11.56 बजे मस्कट से मुंबई जा रहा था। पायलट को धुएं का पता लगाने वाले उपकरण से धूम्रपान का पता चला, तो उसने चालक दल के सदस्यों को सूचित कर दिया।  

प्राइम वीडियो से अपर्णा पुरोहित की विदाई

ओटीटी अमेजन प्राइम वीडियो की भारत और दक्षिण पूर्व एशिया ओरिजनल्स प्रमुख अपर्णा पुरोहित ने कंपनी को अलविदा कर दिया है। उनके जल्द ही आमिर खान प्रोडक्शंस में बतौर सीईओ अपनी नई पारी शुरू करने की खबर है। यूटीवी मोशन पिक्चर्स, बिग पिक्चर्स, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम, मुंबई मंत्रा मीडिया और सिनेस्तान फिल्म कंपनी में काम करने के बाद अपर्णा पुरोहित ने साल 2016 में अमेजन प्राइम वीडियो में प्रवेश किया था। उस समय उनकी जिम्मेदारी ओटीटी की मनोरंजन सामग्री में रचनात्मक विकास देखने की थी।

अकासा एयर में अब 10 किलो तक का जानवर ले जाने की अनुमति
अकासा एयर ने केबिन में यात्रा करने वाले पालतू जानवरों के लिए स्वीकार्य वजन सीमा को कंटेनर के वजन समेत सात किलो से बढ़ाकर 10 किलो कर दिया है। अपनी पालतू-यात्रा सेवा के हिस्से के रूप में अकासा एयर ने नवंबर 2022 में लॉन्च होने के बाद से अब तक 3,200 से अधिक पालतू जानवरों को यात्रा कराई है। एयरलाइन के मुताबिक, यह कदम यात्रियों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए अपनी सेवाओं को लगातार बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। 

लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित का एटीएस पर प्रताड़ना का आरोप
2008 मालेगांव बम विस्फोट के आरोपी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित ने महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के तत्कालीन प्रमुख हेमंत करकरे समेत वरिष्ठ अधिकारियों पर जांच के दौरान प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुरोहित ने निचली अदालत में सौंपे अपने अंतिम बयान में ये आरोप लगाया है।

विशेष एनआईए अदालत को सौंपे 23 पेज के बयान में पुरोहित ने दावा किया कि करकरे, तत्कालीन एटीएस संयुक्त आयुक्त परमबीर सिंह और अन्य ने उन्हें प्रताड़ित किया। इस बात पर जोर दिया कि वह अपराध में संलिप्तता कबूल करने के साथ वरिष्ठ दक्षिणपंथी नेताओं का भी नाम लें। बता दें कि मुकदमा अपने अंतिम चरण में है, और विशेष अदालत आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 313 के तहत आरोपियों के अंतिम बयान दर्ज कर रही है। 

पुरोहित ने मंगलवार को अपने वकील के जरिये दर्ज कराये बयान में यह भी कहा कि एअीएस ने फर्जी मामला बनाया जो तत्कालीन सरकार की धारणा से मेल खाता हो। उस वक्त केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए और महाराष्ट्र में कांग्रेस एसीपी गठबंधन सरकार थी। एटीएस ने अक्तूबर 2008 में पुरोहित को हिरासत में लिया और खंडाला ले जाया गया जहां करकरे, परम बीर सिंह और अन्य एटीएस अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की।

147 परीक्षार्थी भारतीय वन सेवा परीक्षा पास, रित्विका रही टॉप
संघ लोकसेवा आयोग ने बुधवार को भारतीय वन सेवा परीक्षा के परिणाम घोषित किए। 147 परीक्षार्थियों ने यह परीक्षा पास की है। रित्विका पांडे ने टॉप किया है। सफल परीक्षार्थियों में से 43 सामान्य वर्ग, 20 ईडब्ल्यूएस, 51 ओबीसी, 22 एससी और 11 एसटी से हैं। 

सी वेलायुथन का हुआ निधन
तमिलनाडु में भाजपा के पहले विधायक सी वेलायुथन का बुधवार को निधन हो गया। उनकी उम्र 73 वर्ष थी। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पर शोक जताया। नड्डा ने पोस्ट में लिखा, पूर्व विधायक सी वेलायुथन के निधन से गहरा दुख हुआ। वह भाजपा से तमिलनाडु विधानसभा के लिए चुने गए पहले विधानसभा उम्मीदवार थे। पार्टी और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा। 

डीआरडीओ अब एआई से रखेगा नजर
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) संचालित निगरानी और अन्य परियोजनाओं के लिए आईआईटी भुवनेश्वर के साथ सहयोग करेगा। इसे लेकर मंगलवार को डीआरडीओ और आईआईटी भुवनेश्वर के अधिकारियों की बैठक हुई। अधिकारियों ने कहा कि आईआईटी भुवनेश्वर स्वीकृत परियोजनाओं पर काम करेगा। उसका ये काम इलेक्ट्रॉनिक्स युद्ध, एआई-संचालित निगरानी, रडार सिस्टम आदि में फायदेमंद होगा।

केरल: अवैध जमीन सौदे को लेकर कांग्रेस विधायक के खिलाफ केस
सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (सीबीबी) ने कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुझालनादन और 20 अन्य के खिलाफ चिन्नाकनाल इलाके में जमीन के अवैध धर्मांतरण-पंजीकरण के सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज की है। जांच में पाया गया है कि मुवाट्टुपुझा विधायक का रिसॉर्ट अधिशेष भूमि पर स्थित था। इसे पंजीकृत नहीं किया जा सकता था। अधिकारी ने कहा कि विचाराधीन भूमि को 2020 में कुझालनादन की ओर से खरीदे जाने से बहुत पहले परिवर्तित और पंजीकृत किया गया था। 

ईवीएम में हेरफेर के बदले 2.5 करोड़ मांगने वाला सेना का जवान गिरफ्तार
ईवीएम में छेड़छाड़ के बदले शिवसेना (यूबीटी) नेता अंबादास दानवे से 2.5 करोड़ रुपये मांगने के आरोप में महाराष्ट्र पुलिस ने सेना के जवान मारुति ढाकणे को गिरफ्तार किया है। राज्य विधान परिषद में विपक्ष के नेता दानवे ने पुलिस में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जवान ईवीएम के बारे में कुछ नहीं जानता और उसने अपना कर्ज उतारने को ऐसा दावा किया था।  

बंगाल : पीएम की रैली से पहले मैदान को खुदवाया
पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 12 मई को जिस मैदान में जनसभा होनी है, उसे बुधवार सुबह ट्रैक्टर लगाकर खोद दिया गया। भाजपा ने आरोप लगाया है कि यह सब कुछ तृणमूल के इशारों पर हुआ है।

तृणमूल ने कहा है कि उस क्षेत्र के सभी मैदानों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। इसके तहत ही मैदान को खोदा गया है। बैरकपुर से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह का आरोप है कि तृणमूल ने पीएम की सभा में खलल डालने के लिए मैदान को खोदा है। प्रधानमंत्री के सभास्थल की सुरक्षा पुलिस का काम है, लेकिन वह कठपुतली बनी हुई है। मैदान की रखवाली अब भाजपा के कार्यकर्ता करेंगे। तृणमूल विधायक सोमनाथ श्याम ने दावा किया कि स्थानीय पालिका को आधिकारिक रूप से प्रधानमंत्री के आने की जानकारी नहीं थी। स्थानीय सूत्रों से इसकी जानकारी मिलने के बाद मैदान को समतल किया जा रहा है। वहीं, पुलिस आयुक्त आलोक राजोरिया ने कहा कि इसकी जानकारी मिलने के बाद खोदाई के कार्य को रोक दिया गया है।  

गुजरात में मतदान केंद्र से इंस्टाग्राम पर लाइव होकर कहा-ईवीएम अपने बाप की
गुजरात के दाहोद लोकसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र के अंदर से लाइव स्ट्रीम करने के बाद फर्जी मतदान के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। वह वीडियो में यह कहते सुना जा सकता है कि ईवीएम अपने बाप की है। कांग्रेस ने दावा किया है कि विजय भाभोर नामक व्यक्ति स्थानीय भाजपा नेता का बेटा है और उसने बूथ से इंस्टाग्राम पर लाइव जाकर लोकतंत्र का अपमान किया है। 

विपक्ष की ओर से वीडियो की एक प्रति के साथ चुनाव आयोग से शिकायत करने के बाद राज्य के महिसागर जिले की पुलिस ने भाभोर और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। हालांकि, आलोचना होने के बाद भाभोर ने वीडियो हटा दिया, लेकिन तब तक यह क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी थी। भाभोर ने सोशल मीडिया पर 4.27 मिनट से ज्यादा लाइव किया। इस दौरान वह अपने साथियों से बात करता नजर आ रहा है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed