15th August Celebration: स्वतंत्रता दिवस पर तमाम देशों ने भारत को दी बधाई, US से लेकर ईरान तक ने क्या कहा?
15th August Celebration: भारत आज आजादी की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्री ने भारत को स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी। भारत में मुख्य विपक्षी दल- कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य दलों और नेताओं ने भी जश्न-ए-आजादी के मौके पर शुभकामनाएं दीं। दुनिया में अलग-अलग जगहों पर भी भारतीय स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा फहराया गया। इस खबर में देखें आजादी के पर्व की झलकियां
विस्तार
भारत आजादी के 80वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। आज इस मौके पर पूरी दुनिया से देश को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने आज देश को आजादी के पर्व पर बधाई दी। उन्होंने कहा, 'संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर से, मैं भारत के लोगों को उनके स्वतंत्रता दिवस पर हार्दिक बधाई देता हूं।' विदेश विभाग की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक रूबियो ने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच व्यक्तिगत संबंधों की बदौलत, अमेरिका-भारत संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं। दोनों देश रक्षा और ऊर्जा सुरक्षा से लेकर महत्वपूर्ण खनिजों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, और अंतरिक्ष में सहयोग कर रहे हैं। व्यापार और सामरिक मोर्चे पर भी दोनों देशों के अहम द्विपक्षीय संबंध हैं। इससे व्यापक हिंद महासागर क्षेत्र सुरक्षित, मजबूत और अधिक समृद्ध हो रहा है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे शुभकामना संदेश में क्या बोले?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत के सांविधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सौहार्द के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी हुई हैं। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए समानता और न्याय सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। देशवासियों को दिए संदेश में खरगे ने स्वतंत्रता संग्राम के अनगिनत सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि भारत ने 79 वर्षों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन कई आकांक्षाएं अभी भी अधूरी हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल ब्रिटिश शासन से मुक्ति नहीं, बल्कि संविधान द्वारा हर नागरिक को समानता, सम्मान, न्याय और बिना भय अपनी बात रखने की गारंटी है।
संविधान में दिए गए समानता और न्याय के अधिकार पर जोर
खरगे ने कहा कि देश के युवाओं को अपनी आकांक्षाएं पूरी करने के अवसर मिलने चाहिए और किसानों को उनकी मेहनत का सम्मान व न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने महिलाओं के लिए समानता, सशक्तिकरण और देश के भविष्य को तय करने में बराबर की भागीदारी की मांग की। उन्होंने कहा कि दलितों, आदिवासियों, ओबीसी, अल्पसंख्यकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को संविधान में दिए गए समानता और न्याय के अधिकार पूरी तरह मिलने चाहिए। खरगे ने स्वतंत्रता दिवस पर देश के लिए सबसे बड़ा संकल्प ‘आशा’ को बताया।
गृह मंत्री अमित शाह क्या बोले?
देश की आजादी के मौके पर अमेरिका में खास आयोजन भी किया जाना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अमेरिका के न्यू इंग्लैंड क्षेत्र में भारतीय-अमेरिकी संगठन फाउंडेशन ऑफ इंडियन अमेरिकन्स (FIA) द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित करने की सराहना की है। बता दें कि मैसाचुसेट्स की गवर्नर मौरा हीली ने 15 अगस्त 2026 को राज्य में ‘इंडिया डे’ के रूप में मनाने की विशेष घोषणा की है। FIA न्यू इंग्लैंड ने 9 अगस्त को बोस्टन हार्बर में लगातार पांचवें वर्ष इंटरनेशनल इंडिया डे परेड और फ्रीडम फेस्टिवल आयोजित किया। संगठन के अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि अमित शाह के संदेश से समारोह को महत्वपूर्ण प्रोत्साहन मिला। सिंह के अनुसार, भारत की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर पहली बार बोस्टन का प्रतिष्ठित प्रूडेंशियल सेंटर भारतीय तिरंगे के रंगों से रोशन किया जाएगा।
विदेशों में रहने वाले भारतीय समुदाय की भूमिका अहम
शाह ने अपने संदेश में कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, लोकतांत्रिक मूल्यों और भारत-अमेरिका की मजबूत मित्रता का उत्सव हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाला भारतीय समुदाय अपनी प्रतिभा और मूल्यों से भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ दोनों देशों के सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक संबंधों को भी मजबूत कर रहा है। बता दें कि 9 अगस्त की परेड में हजारों लोगों, सामुदायिक संगठनों, पूर्व सैनिकों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। मैसाचुसेट्स में ‘इंडिया डे’ की घोषणा लगातार पांचवें वर्ष हुई है।
'अमेरिका-भारत संबंध लगातार आगे बढ़ रहे'
भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमेरिका ने भारत के लोगों को शुभकामनाएं दीं। अमेरिका की ओर से जारी संदेश में कहा गया, 'संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर से मैं भारत के लोगों को उनके स्वतंत्रता दिवस पर हार्दिक बधाई देता हूं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच व्यक्तिगत संबंधों की बदौलत अमेरिका-भारत संबंध लगातार आगे बढ़ रहे हैं और पहले से कहीं अधिक मजबूत हुए हैं।' संदेश में आगे कहा गया कि रक्षा और ऊर्जा सुरक्षा से लेकर महत्वपूर्ण खनिजों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष सहयोग और व्यापार तक, दोनों देशों के बीच सहयोग अमेरिका, भारत और व्यापक हिंद महासागर क्षेत्र को अधिक सुरक्षित, मजबूत और समृद्ध बनाने में योगदान दे रहा है। अमेरिका ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच दोस्ती और परिवारों के गहरे संबंध इस ऐसी साझेदारी की मजबूत नींव हैं, जो नवाचार, लचीलापन और भविष्य की संभावनाओं पर आधारित है। अमेरिका ने कहा कि वह उस भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए उत्सुक है, जिसे दोनों देश मिलकर आकार देंगे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली स्थित ब्रिटिश दूतावास ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारत को शुभकामनाएं दीं। दूतावास ने अपने पोस्ट में लिखा,'भारत के स्वतंत्रता दिवस पर आप सभी को हमारी हार्दिक शुभकामनाएं।'
इस्राइल ने भारत की यात्रा को बताया प्रेरणादायक
इस्राइल दूतावास ने भी एक्स पर पोस्ट कर भारत के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। दूतावास ने लिखा, 'इस्राइल के लोगों की ओर से भारत के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! भारत की आजादी, लोकतंत्र और बहुलवाद की यात्रा हम सभी को प्रेरित करती है। भारत हमेशा प्रगति करता रहे।' दूतावास ने आगे कहा,'भारत और इस्राइल के बीच बढ़ती साझेदारी हमारी गहरी दोस्ती और बेहतर भविष्य के लिए साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं!'
भारत के स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! जय हिंद!
स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए ताइवान ने एक्स पर लिखा भारत सरकार और भारत की जनता को स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि भारत निरंतर प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे तथा ताइवान और भारत के बीच मित्रता एवं सहयोग के संबंध और अधिक मजबूत एवं सुदृढ़ हों।
'भारत निरंतर प्रगति और समृद्धि की ओर अग्रसर हो'
भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नेपाल ने भारत सरकार और भारत की जनता को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। भारत स्थित नेपाल मिशन ने कहा कि यह अवसर भारत की स्वतंत्रता और उसकी गौरवशाली यात्रा का उत्सव मनाने का है। नेपाल ने कामना की कि भारत निरंतर प्रगति और समृद्धि की ओर अग्रसर हो। साथ ही, भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंध, आपसी सद्भाव और सहयोग आने वाले समय में और मजबूत होते रहें।
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोबगे ने पीएम नरेंद्र मोदी और भारत की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मित्रता और आपसी संबंध आने वाले समय में निरंतर मजबूत और समृद्ध होते रहें।
'रूस और भारत की दोस्ती अमर रहे'
स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, 'प्रिय दोस्तों, स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं! भारत ने विकास का जो रास्ता चुना है, उसे देखते हुए इसमें कोई शक नहीं कि आपके सभी सपने सच होंगे। तरक्की के इस सफर में आगे बढ़ते हुए, आप निश्चिंत रहें कि रूस का समर्थन आज भी उतना ही मजबूत है जितना सौ साल पहले था और भविष्य में भी ऐसा ही बना रहेगा। जय हिंद। रूस और भारत की दोस्ती अमर रहे।'
कनाडा ने भारत को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
कनाडा ने भारत को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध, साझा सफलता और असीम संभावनाएं हैं। कनाडा ने कहा कि भारत के साथ लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने और व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) की दिशा में काम करने से नवाचार, लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं और साझा आर्थिक समृद्धि के लिए नए रास्ते तैयार हो रहे हैं।
बांग्लादेश ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। बांग्लादेश ने भारत के लंबे स्वतंत्रता आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।
अर्जेंटीना ने दी बधाई
भारत की स्वतंत्रता की नई वर्षगांठ के अवसर पर अर्जेंटीना ने भारत की जनता और सरकार के साथ इस राष्ट्रीय पर्व का जश्न मनाया। अर्जेंटीना ने स्वतंत्रता के बाद भारत की उल्लेखनीय उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वह अर्जेंटीना-भारत मैत्री को और मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
'ईरान और भारत विकास की नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे'
भारत में ईरान के दूतावास ने भारत गणराज्य की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारत सरकार और भारत की मित्रवत जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। दूतावास ने कहा कि ईरान और भारत के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक संबंध दोनों देशों के गहरे सभ्यतागत, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों पर आधारित हैं तथा ये संबंध हमेशा आपसी सम्मान और मैत्रीपूर्ण सहयोग से मजबूत हुए हैं। ईरान ने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच संबंध और सहयोग सभी क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ेंगे तथा ईरान और भारत शांति, प्रगति, समृद्धि और विकास की दिशा में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को कहा कि देश जाग चुका है और कोई भी नागरिकों की आजादी नहीं छीन सकता। युवाओं के विरोध प्रदर्शनों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि आजादी छीनने की कई कोशिशों के बावजूद लोग न तो किसी ‘अंदरूनी’ और न ही किसी ‘बाहरी’ ताकत के गुलाम बनेंगे। ठाकरे ने मुंबई स्थित पार्टी मुख्यालय शिवसेना भवन के बाहर तिरंगा फहराया और कहा कि यह संदेश उन लोगों के लिए है, जिनके लिए यह जरूरी है।
'जेन जेड के बाद अब जेन अल्फा ने मोर्चा संभाला'
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश जारी कर देश भर के लोगों को बधाई दी। उन्होंने अपने वीडियो में कहा, 'ये 15 अगस्त और भी ज्यादा ख़ास है। जेन जेड के बाद अब जेन अल्फा ने मोर्चा संभाल लिया है। देश के कोने-कोने में बच्चे अपने स्कूल को ठीक करवाने के लिए लड़ रहे हैं। वे अपने स्कूल के लिए डेस्क, साफ पानी, शौचालय और शिक्षकों जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। हमारे बच्चों ने अपने अधिकारों के लिए लड़ना सीख लिया है। यही तो सच्ची आजादी है ।आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
ये 15 अगस्त और भी ज़्यादा ख़ास है,
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) August 15, 2026
Gen Z के बाद अब Gen Alpha ने मोर्चा संभाल लिया है। देश के कोने-कोने में बच्चे अपने स्कूल को ठीक करवाने के लिए लड़ रहे हैं। वे अपने स्कूल के लिए desks, साफ पानी, toilets और शिक्षकों जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं।
हमारे बच्चों ने… pic.twitter.com/iU9OD2ArtN
नेपाल के पीएम बलेन्द्र शाह ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई
नेपाल के प्रधानमंत्री बलेन्द्र शाह ने शनिवार को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की जनता को शुभकामनाएं दीं। शाह के कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, 'भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भारत की मित्रवत जनता और सरकार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।' उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंध, मजबूत जन-से-जन रिश्ते और सहयोग आने वाले वर्षों में और मजबूत हों।
भारत से रिश्ते मजबूत करने पर नेपाल का जोर
शाह का संदेश ऐसे समय आया है जब नेपाल भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने और आर्थिक सहयोग एवं संपर्क बढ़ाने के प्रयास कर रहा है। यह संदेश 10 अगस्त को नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव के साथ शाह की पहली आमने-सामने बैठक के कुछ दिन बाद आया। पदभार संभालने के बाद से शाह विदेशी राजनयिकों के साथ ऐसी बैठकों से काफी हद तक दूरी बनाए हुए थे। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने भी विदेश मंत्री एस. जयशंकर, भारत की जनता और सरकार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों देश गहरे ऐतिहासिक एवं सभ्यतागत संबंधों और बहुआयामी साझेदारी से जुड़े हैं।
जयशंकर ने नेपाली विदेश मंत्री का जताया आभार
जयशंकर ने खनाल की शुभकामनाओं के लिए उनका आभार जताया। भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार और निवेश का प्रमुख स्रोत है। दोनों देशों के बीच खुली सीमा है, जिससे लोगों की व्यापक आवाजाही के साथ सामाजिक और पारिवारिक संबंध भी मजबूत हैं। भारत और नेपाल के बीच व्यापार, निवेश, संपर्क और लोगों के बीच संबंध दोनों देशों की द्विपक्षीय साझेदारी के महत्वपूर्ण आधार हैं।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के संबंध बहुत मजबूत हैं। दोनों देश लंबे समय से एक-दूसरे के सच्चे दोस्त रहे हैं। पुतिन ने भारत की आर्थिक, सामाजिक और वैज्ञानिक प्रगति की जमकर तारीफ भी की।
रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देश मिलकर दुनिया में शांति और सुरक्षा बनाए रखने का काम करेंगे। भारत और रूस संयुक्त राष्ट्र और ब्रिक्स जैसे बड़े मंचों पर एक साथ काम करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में दोनों देशों की यह दोस्ती और भी मजबूत होगी।
अमेरिका में भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित समारोह में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा भी शामिल हुए। उन्होंने अमेरिका-भारत संबंध मजबूत करने में भारतीय प्रवासियों के योगदान की सराहना की। इंडिया हाउस में क्वात्रा ने वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के बाद तिरंगा फहराया। उन्होंने कहा कि भारत की 80 वर्षों की यात्रा सफलता और उपलब्धियों की रही है, जिसमें प्रवासी भारतीयों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। क्वात्रा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्र के नाम संबोधन भी पढ़कर सुनाया। समारोह में ‘सूर्यपथ तिरंगा’ पहल का भी उल्लेख हुआ, जिसके तहत दुनिया भर में सूर्योदय के साथ तिरंगा फहराया जा रहा है। क्वात्रा ने कहा कि जहां भी सूरज उगता है, वहां तिरंगा भी लहराता है। समारोह में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग शामिल हुए।
इस्राइल के साथ कई देशों ने दीं शुभकामनाएं
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर दुनिया के कई देशों के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीयों को शुभकामनाएं दीं। इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत-इस्राइल मित्रता को “असीम” बताते हुए कहा कि दोनों प्राचीन राष्ट्र मिलकर बेहतर भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भारत की आजादी की कठिन यात्रा को याद करते हुए शुभकामनाएं दीं। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भारत के साथ साझेदारी और दोस्ती मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग टोबगे ने भी भारत को बधाई दी।