टैक्स चोरी: तमिलनाडु और आंध्र में 100 से ज्यादा ठिकानों पर आयकर के छापे
आयकर विभाग ने बृहस्पतिवार को खनन एवं खनिज निर्यात कंपनियों के खिलाफ कर चोरी की जांच के सिलसिले में तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 100 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु के चेन्नई, कोयंबटूर, तिरुनेलवेली, तूतीकोरिन एवं कराइकल और आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम एवं श्रीकाकुलम में कम से कम चार ऐसे कारोबारी समूहों के ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है।
आयकर अधिकारियों ने एक कंपनी की पहचान तमिलनाडु के वी वी मिनरल्स के तौर पर की है। उन्होंने बताया कि आयकर विभाग के 130 से ज्यादा अधिकारी सुरक्षा एवं पुलिसकर्मियों की मदद से इस अभियान को अंजाम दे रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जिन कंपनियों की तलाशी ली जा रही है वे खनन, समुद्र तटीय रेत खनिजों के प्रसंस्करण और निर्यात के काम में कथित तौर पर अवैध रूप से शामिल हैं जिसकी वजह से आयकर विभाग उनके खिलाफ कर चोरी के आरोप की छानबीन कर रहा है।
उन्होंने बताया कि इसके जरिए हासिल किया गया कथित अवैध मुनाफा इन समूहों ने चीनी मिलों, होटलों, इंजीनियरिंग कॉलेजों और होटल जैसे अपने अन्य कारोबार में लगाया। वैकुंदराजन पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन का आरोप है। उनकी कंपनी वीवी मिनरल्स दुर्लभ खनिजों जैसे गार्नेट, इल्मेनाइट और रूटाइल का देश में सबसे बड़ा खनिज और निर्यातक है।
अधिकारियों ने बताया कि इन कंपनियों ने कर कानूनों का उल्लंघन कर विदेशों से भी कुछ लेन-देन किया। विभाग इस पहलू की भी जांच कर रहा है। अधिकारी छापे के दौरान ऐसे दस्तावेजों की तलाश में हैं ताकि इन आरोपों की पुष्टि हो सके।
#Visuals from Chennai: Income Tax officials conducting searches at VV Minerals and it's owner Vaikundarajan. Searches underway at 100 locations in Tamil Nadu. pic.twitter.com/UyzhOVfXcA
— ANI (@ANI) October 25, 2018