गोवा की गठबंधन सरकार में भाजपा और एमजेपी के बीच परिकर को लेकर गतिरोध
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोवा की गठबंधन सरकार में भाजपा और एमजेपी के बीच मुख्यमंत्री मनोहर परिकर की स्थिति को लेकर गतिरोध पैदा हो गया है। एकतरफ भाजपा ने बुधवार को बीमार मुख्यमंत्री के नवंबर में फिर से काम पर लौटने की घोषणा कर उनका अस्थायी विकल्प चुनने की आवाजों का दबाने का प्रयास किया। अस्थायी विकल्प चुनने की आवाज बुधवार को ही महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजेपी) ने उठाई थी। एमजेपी ने बीमार मुख्यमंत्री से अगले एक महीने में इस्तीफा देकर किसी अन्य वरिष्ठ मंत्री को अपना पद देने की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर उसे कोई बड़ा निर्णय लेना होगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विनय तेंडुलकर ने कहा, परिकर के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और हमें पूरी उम्मीद है कि वे नवंबर में दोबारा अपने पद पर काम शुरू कर देंगे। उन्होंने पार्टी में राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री बदलने के लिए किसी तरह की कोई चर्चा होने से इनकार किया। उन्होंने कहा, हमें लीडरशिप में बदलाव जैसे मुद्दों पर चर्चा करने का अधिकार नहीं है। दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता इस पर निर्णय लेंगे। हालांकि एमजेपी के उठाए मुद्दे पर उन्होंने भी माना कि परिकर की बीमारी के कारण प्रशासनिक कार्रवाइयों की गति धीमी हो गई है।
एमजेपी के अध्यक्ष दीपक धावलीकर ने कहा कि गोवा की जनता परिकर की लगातार अनुपस्थिति के कारण राज्य में प्रशासनिक ढांचा तहस-नहस होने की शिकायत कर रही है। धावलीकर ने कहा, जब तक परिकर घर पर स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं, तब तक उन्हें अपना पद किसी वरिष्ठ मंत्री को सौंप देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वे अगले एक महीने तक परिकर के इस्तीफा देने का इंतजार करेंगे और ऐसा नहीं होने पर पार्टी की केंद्रीय समिति आगे की कार्रवाई का निर्णय लेगी।
लगातार बीमार चल रहे हैं परिकर
दरअसल 62 वर्षीय मनोहर परिकर पिछले कुछ समय से लगातार बीमार चल रहे हैं। कैंसर की खबरों के बीच परिकर अमेरिका में इलाज कराने के बाद हाल ही में दिल्ली के एम्स में लंबे समय तक भर्ती रहकर वापस लौटे हैं। अब भी उनका स्वास्थ्य अच्छा नहीं है और गोवा में उनके घर पर ही इलाज किया जा रहा है। इसके चलते विपक्षी दल कांग्रेस लगातार सरकार पर हमले कर रही है और अविश्वास प्रस्ताव लाने की भी कोशिश कर चुकी है।
ये है गोवा विधानसभा का गणित
-40 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा गठबंधन के हैं 23 विधायक
-14 विधायकों वाली भाजपा के पास है 3 एमजेपी, 3 जीएफपी व 3 निर्दलीय विधायकों का समर्थन
-16 विधायक थे प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के खाते में मौजूद, पर दो विधायक आ गए हैं भाजपा में
जीएफपी भी उठा चुकी है परिकर का मुद्दा
भाजपा के लिए चिंता की बात ये है कि एमजेपी से पहले उसके गठबंधन की दूसरी सहयागी गोवा फारवर्ड पार्टी (जीएफपी) भी परिकर की बीमारी का मुद्दा उठा चुकी है। जीएफपी अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री विजय सरदेसाई ने पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री की बीमारी के कारण राज्य प्रशासन के काम के प्रभावित होने का मुद्दा उठाया था।