इमान की सर्जरी में लगेगा लंबा वक्त, चलने-फिरने में लगेंगे कई साल
मिस्र से मुंबई आई दुनिया की सबसे भारी-भरकम महिला इमान अहमद अब्देलिती की सर्जरी में लंबा वक्त लगेगा। उसे चलने-फिरने में भी कई साल लगेंगे। फिलहाल डॉक्टरों की कोशिश है कि 500 किलो की इमान का वजन खान-पान में बदलाव कर 100 किलो कम किया जाए। उसके बाद बीमारियों को नियंत्रित करने के बाद ही इमान का ऑपरेशन किया जाएगा।
मुंबई के सैफी हास्पिटल में भर्ती इमान अहमद का इलाज शुरू कर दिया गया है। बैरियाट्रिक सर्जन डॉ. मुफ्फजल लकड़ावाला की अगुवाई में करीब 15 डॉक्टरों की टीम इमान का इलाज कर रही है। सोमवार को सैफी अस्पताल में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई जिसमें डॉ. लकड़ावाला ने इमान के चरणबद्ध इलाज की योजनाओं की जानकारी दी। फिलहाल, डॉक्टरों की कोशिश है कि तरल पदार्थ, प्रोटीन और फाइबर देकर इमान का वजन कम किया जाए।
डॉ. लकड़ावाला ने बताया कि एक महीने में करीब 100 किग्रा वजन घटाने की कोशिश की जाएगी। इमान का वजन 400 किलो के आसपास होने के बाद उसके ऑपरेशन का फैसला किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले ऑपरेशन के बाद उसका वजन 300 किग्रा हो जाएगा, उसके बाद हमारी कोशिश होगी कि वह उठ-बैठ पाए और खाना खा सके। इतना होने के बाद इमान को वापस उसके देश भेज दिया जाएगा।
उसके बाद भी खान-पान और दवाइयों के जरिए उसका वजन कुछ और कम करने की कोशिश की जाएगी। डॉ.लकड़ावाला ने कहा कि दूसरे ऑपरेशन में भी उसका वजन करीब 100 किलो करने की कोशिश होगी जिससे वह चल फिर सके। लेकिन, इसमें करीब दो साल का समय लग सकता है। इस वक्त इमान का स्वास्थ्य ऐसा नहीं है कि लंबी सर्जरी हो सके। इसलिए पहली सर्जरी एक दो घंटे के भीतर खत्म कर दी जाएगी।
तीनों खान और बच्चन की फैन है इमान
दीवार तोड़कर घर से बाहर निकाली गई थी इमान
इमान को मिस्र से भारत लाने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। सैफी अस्पताल के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर हुजैफा शेहाबी ने बताया कि इमान को उसके घर से निकालना ही काफी तकलीफदेह था क्योंकि वह घर के दरवाजे से नहीं निकल सकती थी। इसलिए दीवार हटाकर उसे निकालना पड़ा।
इसके अलावा विशेष विमान में उसे किसी तरह की परेशानी न हो इसलिए बड़ी मूर्तियों को स्थानांतरित करने का अनुभव रखने वाली एक कंपनी की मदद से स्थिर रहने वाला बेड तैयार कराया गया। उन्होंने बताया कि मिस्र के अधिकारियों से बातचीत में भी काफी परेशानी होती थी क्योंकि उन्हें अंग्रेजी समझ में नहीं आती थी। अधिकारियों से बातचीत के लिए स्केच और ड्राइंग का सहारा लेना पड़ा।
इमान को भारत लाने में खर्च हुए 83 लाख
इमान को भारत लाने में करीब 83 लाख रुपये का खर्च आया। डॉ. लकड़ावाला ने कहा कि इमान के इलाज के लिए अभी और पैसे की जरूरत होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिटगिविंग डॉट कॉम के जरिए आर्थिक मदद करें। इमान की बहन साइमा सलीम ने मदद के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और डॉक्टरों की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इमान अब बेहद खुश है।
तीनों खान और बच्चन की फैन है इमान
इमान बॉलीवुड अभिनेता सलमान, शाहरुख और आमिर खान की फैन हैं। उसे बिग बी अमिताभ बच्चन की फिल्में भी काफी पसंद हैं। डॉक्टरों ने बताया कि हिंदी न समझ पाने के बावजूद इमान बॉलीवुड की फिल्में खूब देखती हैं। इसलिए सैफी अस्पताल में उसके लिए बनाए गए विशेष कक्ष में भी इमान के मनोरंजन के लिए उसकी पसंद की हिंदी फिल्में दिखाने का इंतजाम किया जाएगा।