Hyderabad: विधायक राजा सिंह की जमानत का हैदराबाद में रातभर विरोध, वकील को फोन पर धमकी
हास्य कलाकार मुनव्वर फारुकी के शो के बाद विधायक सिंह ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, उसे लेकर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। अंबरपेट, तल्लबकट्टा, मोगलपुरा, खिलवत, बहादुरपुरा और चंचलगुडा में भी प्रदर्शन हुए।
विस्तार
निलंबित भाजपा विधायक टी राजा सिंह को मंगलवार को गिरफ्तारी के बाद देर शाम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद हैदराबाद में बीती रात बवाल मच गया। जमानत के विरोध में उग्र लोगों ने जगह जगह रातभर प्रदर्शन किया। इस बीच राजा सिंह के वकील को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है।
सोमवार रात को भी हैदराबाद में जगह-जगह प्रदर्शन हुए थे। तब सिंह की गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी, लेकिन गिरफ्तारी के बाद जमानत मिलने पर मंगलवार रात को भीड़ ने 'गुस्ताखे नबी की एक ही सजा, सिर तन से जुदा' के नारे लगाए।
निलंबित भाजपा विधायक टी राजा सिंह गोशामहल से विधायक हैं। हैदराबाद के दबीरपुरा पुलिस थाने में विधायक सिंह के खिलाफ भादंवि की धारा 295(a) और 153(a) समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया था। कोर्ट ने पहले उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, लेकिन बाद में आदेश वापस लेते हुए उन्हें जमानत दे दी।
वकील करुणा सागर को फोन पर धमकी
इस बीच विधायक राजा सिंह के वकील करुणा सागर ने दावा किया है कि उन्हें फोन पर अज्ञात नंबरों से दो बार धमकियां दी गई हैं। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
Telangana | Advocate Karuna Sagar who has taken up the case of suspended BJP MLA Raja Singh claims that "he received two threatening calls from unknown numbers".
— ANI (@ANI) August 24, 2022
Singh was granted bail yesterday in connection with his alleged comments on Prophet Muhammad
हास्य कलाकार मुनव्वर फारुकी के शो के बाद विधायक सिंह ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, उसे लेकर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। मुस्लिम युवाओं ने बीती रात हैदराबाद के गोशामहल की तरफ मार्च करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। शहर के अंबरपेट, तल्लबकट्टा, मोगलपुरा, खिलवत, बहादुरपुरा और चंचलगुडा में भी प्रदर्शन हुए। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया।
भाजपा ने विधायक टी राजा सिंह को पार्टी से निलंबित कर दिया है। सिंह ने मंगलवार को वीडियो जारी कर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके बाद उन्होंने इसे मजाक करार दिया था, लेकिन बड़ी संख्या में लोग उनके विरोध में सड़कों पर उतरे आए थे। सिंह ने एक वीडियो जारी करके मुनव्वर फारुकी पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया था। मुनव्वर ने पिछले हफ्ते ही हैदराबाद में एक कॉमेडी शो किया था। सिंह ने इस शो को रोकने की धमकी देते हुए सेट को आग लगाने की धमकी दी थी।
दंगे कराना चाहती है भाजपा : ओवैसी
उधर, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने आरोप लगाया है कि भाजपा लोगों की भावनाएं भड़का कर दंगे कराना चाहती है। वह तेलंगाना और हैदराबाद के अमन को भंग करना चाहती है। ओवैसी ने विधायक सिंह के बयान की निंदा भी की।