{"_id":"5761e9654f1c1bf94111b9d3","slug":"hoardings-of-mathura-case-in-varanasi","type":"story","status":"publish","title_hn":"मोदी के गढ़ में आखिर किसने लगाए ऐसे होर्डिंग, सब हैरान","category":{"title":"India News","title_hn":"भारत","slug":"india-news"}}
मोदी के गढ़ में आखिर किसने लगाए ऐसे होर्डिंग, सब हैरान
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
Updated Thu, 16 Jun 2016 08:31 AM IST
विज्ञापन
मथुरा कांड के होर्डिंग बनारस में लगे।
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व मथुरा कांड का सियासी फायदा उठाने के लिए सपा सरकार के खिलाफ ‘पोस्टर वार’ शुरू हो गया है। अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र से हुई है। कहा जा रहा है कि इसे भाजपा की ओर से लगवाया गया है। शहर में रातोंरात तीन-चार जगह होर्डिंग्स लग गए हैं।
विज्ञापन
शहर के मलदहिया चौराहे के पास लगे एक ऐसे ही होर्डिंग्स पर ‘खून से रंगी मथुरा, सो रही सरकार...अबकी बार भाजपा सरकार’ लिखा है। बता दें कि 12-13 जून को इलाहाबाद में हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तय हुआ था कि पार्टी मथुरा बवाल और कैराना के पलायन की घटना को यूपी चुनाव में मुद्दा बनाएगी। राष्ट्रीय नेतृत्व के इस फैसले पर अमल सबसे पहले पीएम के क्षेत्र में होता दिख रहा है। हालांकि भाजपा संगठन का साफ कहना है कि होर्डिंग्स उसने नहीं लगवाया है।
विज्ञापन
अगले विधानसभा चुनाव से भाजपा की कोशिश कानून-व्यवस्था के सवाल पर सपा सरकार को घेरने की है। मथुरा कांड के मुख्य आरोपी रामवृक्ष यादव से सपा का रिश्ता बताकर अन्य विपक्षी पार्टियां भी पहले से ही सपा पर हमलावर हैं। ऐसे में भाजपा के पोस्टर वार छेड़ने से सपा की नींद उड़ी हुई है।
विज्ञापन
प्रदेश सरकार मथुरा कांड को लेकर बैकफुट पर है और खुद सीएम सार्वजनिक बयान देकर मथुरा मामले में चूक होने की बात स्वीकार कर चुके हैं। हालांकि मथुरा के तत्कालीन डीएम और एसएसपी को हटाकर प्रदेश सरकार ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश की लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह मसला थमता नहीं दिख रहा है। खासकर भाजपा इसे चुनावी मुद्दा बनाने की अपनी तैयारियों पर आगे बढ़ चली है।
सियासी जानकारों के मुताबिक मथुरा कांड पर वाराणसी में लगाए गए होर्डिंग्स भाजपा की सुनियोजित चुनावी रणनीति का हिस्सा है। भाजपा को मालूम है कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सपा को घेरना आसान है। भाजपा यूपी विधानसभा चुनाव से पहले इस मुद्दे को नरम नहीं पड़ने देना चाहती।
भाजपा प्रदेश में दंगा कराकर विधानसभा चुनाव 2017 जीतना चाहती है। मथुरा कांड का आरोपी रामवृक्ष यादव भाजपा का कार्यकर्ता है। उसने मथुरा की सांसद हेमामालिनी का चुनाव प्रचार किया था। मथुरा की घटना को नक्सलियों ने अंजाम दिया है। बहरहाल, भाजपा पोस्टर लगाए या होर्डिंग्स, यूपी चुनाव पर उसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
- सतीश फौजी, सपा जिलाध्यक्ष
होर्डिंग्स से भाजपा के संगठन का कोई सरोकार नहीं है। होर्डिंग्स किसने लगवाई और क्यों लगवाई इस बारे में मैं कुछ नहीं जानता। पार्टी की ओर से जिला अथवा महानगर इकाई को ऐसा पोस्टर लगाने के लिए नहीं कहा गया है।
- हंसराज विश्वकर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष